
कैंसर की महंगी दवाओं से मिलेगी राहत! सरकार ने घटाए दाम, जानें कितना होगा फायदा
कैंसर के इलाज पर भारी खर्च उठाने वाले मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने कैंसर की कई जरूरी दवाओं की नई कीमतें लागू कर दी हैं। कुछ दवाओं के दाम में भारी कटौती हुई है। जानिए कितनी बचत होगी और नई कीमतें कैसे चेक करें।

In Short
- कैंसर की 1,364 दवाओं के फॉर्मुलेशन की नई MRP लागू, मरीजों को हर साल 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत का अनुमान।
- कैंसर की दवाओं के 679 ब्रांड की कीमतों में 50% से ज्यादा कटौती, सबसे बड़ी कटौती 96.45% दर्ज।
- मेडिकल स्टोर और अस्पताल नई MRP से ज्यादा पैसे नहीं वसूल सकेंगे, शिकायत के लिए NPPA ने दी हेल्पलाइन सुविधा।
कैंसर का इलाज कराना कई परिवारों के लिए बड़ी आर्थिक चुनौती होता है। महंगी दवाओं की वजह से मरीजों और उनके परिवारों पर खर्च का बोझ बढ़ जाता है। ऐसे में सरकार ने कैंसर की दवाओं की कीमतों को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इससे मरीजों को कितनी राहत मिलेगी, कितनी दवाओं के दाम घटे हैं और नई कीमतों की जानकारी कहां मिलेगी? आइए जानते हैं।
1,364 कैंसर दवाओं की नई कीमतें लागू
सोमवार, 9 नवंबर 2026 से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली 1,364 दवाओं के फॉर्मुलेशन की नई अधिकतम खुदरा कीमतें यानी MRP लागू हो गई हैं। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से मरीजों और उनके परिवारों को हर साल करीब 3,540.38 करोड़ रुपये की बचत होने का अनुमान है। इससे कैंसर के इलाज पर होने वाला खर्च कम करने में मदद मिलेगी।
137 दवाओं के ट्रेड मार्जिन पर लगाई सीमा
नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर की 137 दवाओं की MRP में ट्रेड मार्जिन की सीमा तय की है। यह फैसला स्वास्थ्य मंत्रालय के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ हेल्थ सर्विसेज (DGHS) की एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है। कमेटी ने 17 अक्टूबर 2026 को अपनी सिफारिशें दी थीं। NPPA, डिपार्टमेंट ऑफ फार्मास्युटिकल्स के तहत काम करता है।

85 कंपनियों ने घटाईं दवाओं की कीमतें
सरकारी जानकारी के मुताबिक, 8 नवंबर 2026 तक 85 फार्मा कंपनियों ने कैंसर की 121 दवाओं से जुड़े 1,364 फॉर्मुलेशन की नई MRP की जानकारी दी है। इनमें अलग-अलग ब्रांड और फॉर्मुलेशन शामिल हैं। इसका मतलब है कि कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई दवाएं अब पहले के मुकाबले कम कीमत पर मिलेंगी।
679 ब्रांड की कीमतों में 50% से ज्यादा कटौती
कीमतों में सबसे बड़ी राहत 679 ब्रांड में देखने को मिली है। इनकी MRP में 50 फीसदी से ज्यादा की कटौती दर्ज की गई है। वहीं, सबसे ज्यादा कीमत घटने का आंकड़ा 96.45 फीसदी रहा है। हालांकि, सभी दवाओं की कीमतों में एक जैसी कटौती नहीं हुई है।
मेडिकल स्टोर और अस्पताल नहीं वसूल सकेंगे ज्यादा पैसे
सरकार ने साफ किया है कि कोई भी मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी नई MRP से ज्यादा पैसे नहीं ले सकती। मरीज दवा के पैकेट पर लिखी नई कीमत देखकर इसकी जांच कर सकते हैं। इसके अलावा 'Pharma Sahi Daam' मोबाइल ऐप और NPPA की आधिकारिक वेबसाइट nppa.gov.in पर भी दवाओं की कीमतें चेक की जा सकती हैं।
ज्यादा पैसे लेने पर यहां करें शिकायत
अगर कोई मेडिकल स्टोर या अस्पताल की फार्मेसी तय MRP से ज्यादा पैसे मांगती है, तो मरीज इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए सरकार ने Pharma Jan Samadhan पोर्टल की सुविधा दी है। इसके अलावा NPPA के हेल्पलाइन नंबर 1800-111-255 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

