scorecardresearch

20 नवंबर को आंध्र तट से टकराएगा चक्रवात अकवान! 145 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, इन राज्यों में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान तेजी से ताकतवर हो रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को यह आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है। इस दौरान 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की आशंका है। कई राज्यों में अलर्ट जारी है।

Advertisement

In Short

  • चक्रवात अकवान 19 नवंबर तक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है।
  • 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश तट से टकराने की आशंका, 145 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं।
  • आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की सलाह।

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवात अकवान (Cyclone Akvan) लगातार खतरनाक होता जा रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह सिस्टम डीप डिप्रेशन से चक्रवाती तूफान में बदल चुका है। मंगलवार शाम तक इसके गंभीर चक्रवाती तूफान बनने की आशंका है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 नवंबर तक यह बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन सकता है। इसके चलते आंध्र प्रदेश समेत कई तटीय राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है।

advertisement

कहां पहुंचा चक्रवात अकवान?

मौसम विभाग के मुताबिक, 17 नवंबर की सुबह 5:30 बजे चक्रवात अकवान चेन्नई से करीब 610 किलोमीटर पूर्व, मछलीपट्टनम से 660 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व और विशाखापत्तनम से 670 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व में मौजूद था। वहीं, ओडिशा के गोपालपुर से इसकी दूरी करीब 790 किलोमीटर थी।

फिलहाल यह तूफान करीब 3 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। गर्म समुद्री पानी और अनुकूल मौसम के कारण इसकी ताकत और बढ़ सकती है।

कब और कहां टकराएगा चक्रवात?

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अकवान 20 नवंबर यानी शुक्रवार दोपहर के आसपास आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और तुनी के बीच समुद्री तट से टकरा सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि तेज झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

हालांकि, तूफान के रास्ते में बदलाव की संभावना बनी हुई है। नेल्लोर से काकीनाडा तक के तटीय इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

चक्रवात के कारण बुधवार से तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश शुरू हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश होने की आशंका है।

तमिलनाडु, ओडिशा और दक्षिणी पश्चिम बंगाल में भी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है। समुद्र में एक से दो मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं, जिससे निचले इलाकों में पानी भरने का खतरा है।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दिए निर्देश

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में लोगों को समय पर चेतावनी देने, गिरे हुए पेड़ों और बिजली के खंभों को तुरंत हटाने और जरूरी सेवाएं बहाल रखने के निर्देश दिए।

मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में लोग 112, 1070 और 18004250101 पर संपर्क कर सकते हैं। सहायता के लिए व्हाट्सएप नंबर 9552300009 भी जारी किया गया है।

advertisement