Amazon का भारत में ₹65,393 करोड़ का मेगा प्लान! 3 राज्यों में 4 नए प्रोजेक्ट
Amazon ने भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़े निवेश की तैयारी की है। कंपनी 2030 तक करीब ₹65,393 करोड़ का अतिरिक्त निवेश करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में चार नए सोलर और विंड एनर्जी प्रोजेक्ट्स का ऐलान हुआ है। जानिए इन प्रोजेक्ट्स की क्षमता कितनी होगी और लाखों घरों की बिजली जरूरत से इनका क्या संबंध है।

In Short
- Amazon की 2030 तक ₹65,393 करोड़ अतिरिक्त निवेश की योजना।
- तीन राज्यों में 934 MW के चार नए ग्रीन एनर्जी प्रोजेक्ट।
- कुल क्षमता 2 GW से ज्यादा, 35 लाख घरों की सालाना बिजली जरूरत के बराबर उत्पादन का अनुमान।
ई-कॉमर्स दिग्गज Amazon ने भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में बड़े निवेश की योजना का ऐलान किया है। कंपनी 2030 तक देश में रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स पर अतिरिक्त 7 अरब डॉलर (करीब ₹65,393 करोड़) निवेश करने की योजना बना रही है। यह रकम पहले से कॉन्ट्रैक्ट किए गए 4 अरब डॉलर के प्रोजेक्ट्स के अतिरिक्त होगी।
मंगलवार को Amazon ने भारत में चार नए विंड और सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट्स की भी घोषणा की। इनकी कुल क्षमता 934 मेगावाट (MW) होगी।
किन राज्यों में लगेंगे नए प्रोजेक्ट?
Amazon के चार नए रिन्यूएबल एनर्जी प्रोजेक्ट्स कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में विकसित किए जाएंगे।
कर्नाटक में दो प्रोजेक्ट: पहला 234 मेगावाट का विंड एनर्जी प्रोजेक्ट होगा। यह एशिया में Amazon का अब तक का सबसे बड़ा कॉन्ट्रैक्टेड विंड प्रोजेक्ट है। दूसरा 200 मेगावाट का हाइब्रिड प्रोजेक्ट होगा, जिसमें सोलर और विंड एनर्जी दोनों का इस्तेमाल किया जाएगा।
मध्य प्रदेश में सोलर प्लांट: यहां 300 मेगावाट क्षमता का सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट विकसित किया जाएगा।
राजस्थान में सोलर प्रोजेक्ट: कंपनी ने राज्य में 200 मेगावाट के सोलर एनर्जी प्रोजेक्ट की घोषणा की है।
पहले से 4 अरब डॉलर के प्रोजेक्ट कॉन्ट्रैक्ट
Amazon के मुताबिक, इन चारों प्रोजेक्ट्स को पावर परचेज एग्रीमेंट (PPA) के जरिए हासिल किया गया है।
ये प्रोजेक्ट भारत में कंपनी के पहले से कॉन्ट्रैक्ट किए गए 4 अरब डॉलर के रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो का हिस्सा हैं। यानी नए घोषित 934 मेगावाट के प्रोजेक्ट्स को अतिरिक्त 7 अरब डॉलर के प्रस्तावित निवेश से अलग समझना जरूरी है।
35 लाख घरों की बिजली जरूरत के बराबर उत्पादन
कंपनी ने बताया कि इन प्रोजेक्ट्स के चालू होने के बाद भारत में उसके रिन्यूएबल एनर्जी पोर्टफोलियो की कुल क्षमता 2 गीगावाट (GW) से अधिक हो जाएगी।
Amazon के अनुमान के मुताबिक, इस क्षमता से सालाना इतनी बिजली पैदा की जा सकेगी, जो भारत के 35 लाख से ज्यादा घरों की वार्षिक बिजली जरूरत के बराबर होगी।
कंपनी का कहना है कि इस निवेश के साथ वह भारत में कार्बन-मुक्त बिजली खरीदने वाली प्रमुख कॉर्पोरेट कंपनियों में शामिल हो गई है।
Amazon की यह योजना भारत के सोलर और विंड एनर्जी सेक्टर में निजी कंपनियों की बढ़ती भागीदारी को भी दर्शाती है। हालांकि, घोषित प्रोजेक्ट्स के चालू होने की अलग-अलग तारीखों की जानकारी अभी नहीं दी गई है।


