Smartphone Price Hike: दाम बढ़े फिर भी कम नहीं हुआ नए फोन का क्रेज, खरीदारी के लिए ये रास्ते अपना रहे भारतीय
स्मार्टफोन महंगे हो रहे हैं लेकिन भारतीयों का नया फोन खरीदने का क्रेज कम नहीं हुआ है। कोई बजट बढ़ाने को तैयार है तो कोई EMI और दूसरे विकल्प तलाश रहा है। नई रिपोर्ट में सामने आया है कि बढ़ती कीमतों के बीच ग्राहक किस तरह बदल रहे हैं अपनी खरीदारी की रणनीति।

In Short
- कीमत बढ़ने के बावजूद 46% युवा पसंदीदा स्मार्टफोन के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने को तैयार हैं।
- 29% ग्राहक अपना बजट नहीं बढ़ाना चाहते और फीचर्स से समझौता या Refurbished Phone चुन सकते हैं।
- 25% लोग नया फोन खरीदने के बजाय पुराने स्मार्टफोन को Repair कराकर ज्यादा समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं।
स्मार्टफोन अब लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। पढ़ाई, ऑफिस के काम, ऑनलाइन पेमेंट, फोटो-वीडियो और मनोरंजन जैसे कई काम एक ही फोन से हो जाते हैं। ऐसे में फोन खरीदते समय लोग केवल कम कीमत नहीं देखते, बल्कि यह भी देखते हैं कि डिवाइस उनकी जरूरतों को कितने समय तक पूरा करेगा।
दाम बढ़ने के बाद भी ग्राहक अपने लिए सही फोन खोजने के अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। कोई बजट में बदलाव कर रहा है, तो कोई खरीदारी का दूसरा रास्ता चुन रहा है। लेकिन क्या युवा अपने पसंदीदा फोन के लिए सच में ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हैं?
46 प्रतिशत युवा ज्यादा कीमत देने को तैयार
काउंटरपॉइंट रिसर्च ने 2000 से ज्यादा ग्राहकों के बीच सर्वे किया। इसमें सामने आया कि कीमतें बढ़ने के बावजूद 46 प्रतिशत युवा अपनी पसंद का स्मार्टफोन खरीदने के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने को तैयार हैं। इनमें सबसे ज्यादा 25 से 30 साल की उम्र वाले ग्राहक शामिल हैं।
ये युवा पसंदीदा फोन खरीदने के लिए अपना तय बजट बढ़ाने, ईएमआई पर फोन लेने, ब्रैंड बदलने या दूसरा ऑपरेटिंग सिस्टम अपनाने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
क्यों बढ़ रहे स्मार्टफोन के दाम
पिछले कुछ समय में लगभग हर बजट कैटेगरी के स्मार्टफोन महंगे हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इसकी बड़ी वजह महंगे स्पेयर पार्ट्स और एआई से जुड़ी बढ़ती मांग के कारण रैम और रोम की कमी है। इसी वजह से कंपनियों पर फोन की कीमत बढ़ाने का दबाव बना है।
29% ग्राहक बजट से समझौता नहीं करेंगे
सर्वे में 29 प्रतिशत यूजर्स ने कहा कि वे स्मार्टफोन खरीदते समय अपने तय बजट से ज्यादा खर्च नहीं करेंगे। इनमें 50 साल से ज्यादा उम्र वाले ग्राहकों की संख्या अधिक है।
ऐसे ग्राहक अपने बजट में फोन खरीदने के लिए कुछ फीचर्स छोड़ने को तैयार हैं। वे अपनी जरूरत के हिसाब से मॉडल चुनना चाहते हैं और बहुत महंगे फोन लेने से बच रहे हैं। लेकिन जो ग्राहक बजट भी नहीं बढ़ाना चाहते और नया फोन भी लेना चाहते हैं, क्या वे रिफर्बिश्ड फोन चुनेंगे?
Refurbished फोन की तरफ बढ़ रहा रुझान
बढ़ी हुई कीमतों से बचने के लिए 29 प्रतिशत ग्राहक अपने बजट में Refurbished Smartphone खरीदने पर विचार कर रहे हैं। वहीं 25 प्रतिशत लोग नया फोन खरीदने के बजाय पुराने फोन को Repair कराकर ज्यादा समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं।
ग्राहकों के प्रमुख विकल्प इस प्रकार हैं:
- पसंदीदा फोन के लिए बजट बढ़ाना
- EMI या आसान Finance का इस्तेमाल करना
- ब्रैंड या Operating System बदलना
- Refurbished Smartphone खरीदना
- पुराने फोन को Repair कराकर चलाना
लेकिन नए फोन पर ज्यादा पैसे खर्च करने से बचने वाले ग्राहक फेस्टिव सीजन में किन ऑफर्स का इंतजार कर रहे हैं
Festive Season में ऑफर्स पर रहेगी नजर
2026 के फेस्टिव सीजन में ग्राहक ज्यादा डिस्काउंट, एक्सचेंज ऑफर और आसान फाइनेंस ऑप्शन तलाश रहे हैं, ताकि बढ़ी हुई कीमतों का असर उनकी जेब पर कम पड़े। इस दौरान रिटेलर्स की भूमिका भी अहम होगी, क्योंकि उनकी सलाह और उपलब्ध ऑफर्स ग्राहकों के फोन खरीदने के फैसले को बदल सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक कंपनियों को बेहतर आफ्टर-सेल्स सर्विस, लंबे समय तक सॉफ्टवेयर सपोर्ट और आसान पेमेंट ऑप्शन पर ज्यादा ध्यान देना होगा। इसकी वजह यह है कि ग्राहक नया फोन खरीदने के बाद उसे लंबे समय तक इस्तेमाल करना चाहते हैं।

