scorecardresearch

ChatGPT चलाने में आगे भारत, फिर भी AI की रेस में पिछड़ने का डर! Sarvam के को-फाउंडर ने क्यों चेताया?

भारत में ChatGPT और दूसरे AI टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन क्या इससे देश तकनीक की दुनिया में मजबूत बन रहा है? Sarvam के को-फाउंडर विवेक राघवन ने इस पर बड़ा सवाल उठाया है। उन्होंने चेतावनी दी कि विदेशी AI पर बढ़ती निर्भरता भारत को 'डिजिटल कॉलोनी' बना सकती है। जानिए उन्होंने स्वदेशी AI को लेकर क्या कहा।

Advertisement
भारत में ChatGPT का बढ़ता क्रेज, स्वदेशी AI और विदेशी तकनीक पर निर्भरता को लेकर Sarvam की चेतावनी (AI Generated Image)
भारत में ChatGPT का बढ़ता क्रेज, स्वदेशी AI और विदेशी तकनीक पर निर्भरता को लेकर Sarvam की चेतावनी (AI Generated Image)

In Short

  • ChatGPT का ज्यादा इस्तेमाल AI में भारत की सफलता का पैमाना नहीं।
  • विदेशी AI पर निर्भरता से 'डिजिटल कॉलोनी' बनने का खतरा।
  • भारतीय भाषाओं में सस्ता और स्वदेशी AI बनाने पर जोर।

भारत में ChatGPT और दूसरे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन क्या ज्यादा लोगों के AI इस्तेमाल करने का मतलब यह है कि भारत इस तकनीक में आगे बढ़ रहा है? भारतीय AI कंपनी Sarvam के को-फाउंडर विवेक राघवन (Vivek Raghavan) ऐसा नहीं मानते। उनका कहना है कि भारत को सिर्फ विदेशी AI तकनीक इस्तेमाल करने वाला देश बनने के बजाय अपनी तकनीक विकसित करनी होगी।

advertisement

भारत कहीं डिजिटल गुलाम न बन जाए

बेंगलुरु टेक समिट 2026 में विवेक राघवन ने कहा कि भारत दुनिया में AI टूल्स के सबसे बड़े यूजर्स में शामिल है, लेकिन इसे सफलता नहीं माना जा सकता।

उन्होंने ब्रिटिश शासन के दौर का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले भारत से कच्चा कपास विदेश जाता था और वहां से तैयार कपड़ा खरीदकर भारत लाया जाता था। आज भी कुछ ऐसा ही हो रहा है।

राघवन के मुताबिक, भारत अपना डेटा विदेश भेज रहा है और बदले में AI तकनीक खरीद रहा है। अगर देश ने अपनी तकनीक नहीं बनाई, तो वह भविष्य में 'डिजिटल कॉलोनी' बन सकता है।

भारतीय भाषाओं में AI बनाना जरूरी

राघवन ने कहा कि भारत की जरूरतें दूसरे देशों से अलग हैं। यहां करोड़ों लोग हिंदी और दूसरी क्षेत्रीय भाषाओं में बातचीत करते हैं। ऐसे में भारत के लिए AI सिर्फ अंग्रेजी पर आधारित नहीं होना चाहिए।

उन्होंने भारतीय भाषाओं और आवाज के जरिए काम करने वाले AI सिस्टम बनाने पर जोर दिया। इससे ग्रामीण इलाकों के लोग भी अपनी भाषा में AI का इस्तेमाल कर सकेंगे।

इस तकनीक से शिक्षा, स्वास्थ्य और सरकारी सेवाओं को ज्यादा लोगों तक पहुंचाने में मदद मिल सकती है।

सस्ता AI ही भारत में ला सकता है बड़ा बदलाव

राघवन के मुताबिक, भारत में इंटरनेट का विस्तार सस्ते मोबाइल डेटा की वजह से हुआ। इसी तरह AI को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए इसकी कीमत कम रखना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि भारत को अपने डेटा सेंटर, कंप्यूटिंग क्षमता, AI मॉडल और जरूरी तकनीक विकसित करनी चाहिए। साथ ही भारतीय डेटा और ओपन-सोर्स AI सिस्टम पर भी निवेश बढ़ाना होगा।

विदेशी तकनीक पर निर्भरता घटाने की जरूरत

राघवन ने कहा कि विदेशी कंपनियों से AI सेवाएं लेना फिलहाल सस्ता पड़ सकता है, लेकिन लंबे समय में अपनी तकनीक बनाना ज्यादा जरूरी है।

उनके मुताबिक, भारत की असली AI सफलता इस बात से तय होगी कि देश कितनी तकनीक खुद बनाता और नियंत्रित करता है, न कि कितने लोग ChatGPT इस्तेमाल करते हैं।