scorecardresearch

Anthropic IPO ने तोड़ा SpaceX का रिकॉर्ड, जानिए भारतीय निवेशक कैसे खरीद सकते हैं एंथ्रोपिक का शेयर

Claude AI बनाने वाली कंपनी Anthropic ने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाकर नया रिकॉर्ड बनाने का दावा किया है। कंपनी ने शेयर की कीमत 83 डॉलर तय की है।

Advertisement
AI Generated Image

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया की दिग्गज कंपनी Anthropic ने शेयर बाजार में एंट्री के साथ नया रिकॉर्ड बना दिया है। AI चैटबॉट Claude बनाने वाली इस कंपनी ने अपने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाए हैं। डारियो अमोदेई की अगुवाई वाली Anthropic ने IPO की कीमत तय दायरे से ऊपर रखी। इसके साथ ही कंपनी ने SpaceX को पीछे छोड़कर दुनिया के सबसे बड़े शेयर बाजार डेब्यू का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

advertisement

इस IPO ने दुनियाभर के निवेशकों का ध्यान खींचा है। ऐसे में भारतीय निवेशक भी जानना चाहते हैं कि क्या वे Anthropic के शेयर खरीद सकते हैं और इसमें निवेश कैसे किया जा सकता है।

83 डॉलर पर तय हुई शेयर की कीमत

Anthropic ने अपने IPO में एक शेयर की कीमत 83 डॉलर तय की है। पहले कंपनी ने 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा था, लेकिन निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी के बीच कीमत इससे ऊपर तय हुई।

कंपनी के IPO में कुल 98 करोड़ शेयर शामिल हैं। इनमें से 95.635 करोड़ नए शेयर Anthropic बेच रही है, जबकि मौजूदा शेयरधारक 2.365 करोड़ शेयर बेच रहे हैं। इस पेशकश के जरिए Anthropic ने 81.3 अरब डॉलर जुटाए हैं, जो इसे दुनिया का सबसे बड़ा IPO बनाता है।

क्या भारतीय निवेशक Anthropic के शेयर खरीद सकते हैं?

भारतीय रिटेल निवेशक Anthropic के IPO में सीधे आवेदन नहीं कर सकते। इसकी वजह यह है कि भारत इस IPO के रिटेल ऑफर का हिस्सा नहीं है।

हालांकि, Nasdaq पर शेयरों की ट्रेडिंग शुरू होने के बाद भारतीय निवेशक इन्हें खरीद सकते हैं। इसके लिए ऐसे इंटरनेशनल इन्वेस्टमेंट प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करना होगा, जो अमेरिकी शेयर बाजार में निवेश की सुविधा देते हैं।

भारत से कैसे कर सकते हैं निवेश?

भारतीय निवेशक रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की लिबरलाइज्ड रेमिटेंस स्कीम (LRS) के तहत विदेश में निवेश कर सकते हैं। इस व्यवस्था के जरिए भारतीय निवासी तय नियमों के अनुसार विदेश में पैसा भेजकर अमेरिकी कंपनियों के शेयर खरीद सकते हैं।

निवेश से पहले किन बातों का रखें ध्यान?

AI सेक्टर में तेजी के चलते Anthropic को लेकर निवेशकों में उत्साह है। कई निवेशक Nvidia जैसी कंपनियों में शुरुआती मौके चूकने के बाद अब अगले बड़े AI शेयर की तलाश कर रहे हैं।

हालांकि, किसी कंपनी का बड़ा IPO होना उसके शेयरों में मुनाफे की गारंटी नहीं है। निवेशकों को कंपनी के कारोबार, वैल्यूएशन और शेयर बाजार के उतार-चढ़ाव को समझकर ही फैसला लेना चाहिए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।