scorecardresearch

ट्रंप प्रशासन से होगी हॉवर्ड लटनिक की छुट्टी? Nvidia विवाद और चीन कनेक्शन से बढ़ीं मुश्किलें

एनवीडिया विवाद ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में हलचल बढ़ा दी है। कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक की भूमिका पर लगातार सवाल उठ रहे हैं और अब उन्हें पद से हटाने की अटकलें तेज हैं। आखिर चीन को एआई चिप्स की सप्लाई और ब्लैकलिस्टिंग को लेकर क्या है पूरा विवाद?

Advertisement

In Short

  • ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक को पद से हटाने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं।
  • मेगास्पीड ने जून 2024 से अब तक 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की एनवीडिया एआई चिप्स खरीदी हैं। कंपनी पर चिप्स चीन पहुंचाने का आरोप है।
  • डेमोक्रेटिक और रिपब्लिकन दोनों दलों के सांसदों ने लटनिक से जवाब मांगा है। उन्हें कांग्रेस के सामने पेश होने की मांग भी उठी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन में कॉमर्स सेक्रेटरी हॉवर्ड लटनिक की कुर्सी पर खतरा मंडराने की खबरें सामने आ रही हैं। Nvidia से जुड़े विवाद और चीन को एआई चिप्स की सप्लाई रोकने में नाकामी को लेकर उन पर सवाल उठ रहे हैं। व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें प्रशासन से बाहर करने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं। इस पूरे मामले में अब अमेरिकी सांसदों ने भी जवाबदेही तय करने की मांग तेज कर दी है।

advertisement

लटनिक को पद से हटाने पर विचार कर रहा ट्रंप प्रशासन

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी हॉवर्ड लटनिक को ट्रंप प्रशासन से हटाने पर विचार कर रहे हैं। यह मामला एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग के गुरुवार को अचानक इस्तीफा देने के बाद और गंभीर हो गया है।

रिपोर्ट्स में जेनसन हुआंग के एलिस हुआंग के साथ संबंधों का दावा किया गया है। एलिस हुआंग सिंगापुर में रहने वाली एक बिजनेसवुमन हैं, जिन पर अमेरिकी अधिकारियों को चीन के लिए जासूसी करने का शक है।हालांकि, गुरुवार को व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सेक्रेटरी पर पूरा भरोसा है और वह अपनी जिम्मेदारी निभाने में सक्षम हैं।

चीन तक एनवीडिया की एआई चिप्स पहुंचने पर सवाल

इस विवाद के केंद्र में अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट की भूमिका है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर विभाग ने एनवीडिया की एडवांस एआई चिप्स को चीनी कंपनियों तक पहुंचने से रोकने के लिए पर्याप्त कदम क्यों नहीं उठाए। मेगास्पीड नाम की कंपनी पर अमेरिकी टेक्नोलॉजी को गैरकानूनी तरीके से चीन पहुंचाने का आरोप है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

रिपोर्ट के मुताबिक, मेगास्पीड ने जून 2024 से अब तक 4.8 अरब डॉलर से ज्यादा की एडवांस एनवीडिया एआई चिप्स खरीदी हैं। इंटेलिजेंस असेसमेंट में कथित तौर पर कहा गया है कि कंपनी की एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग को चीन के मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी ने अपने साथ जोड़ा था और उनके जेनसन हुआंग के साथ करीबी संबंध थे।

स्कॉट बेसेंट ने भी लटनिक से मांगा जवाब

इस मामले में अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट और हॉवर्ड लटनिक के बीच भी तनाव की खबरें आई हैं। एक्सियोस की रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस के सिचुएशन रूम में हुई बैठक के दौरान बेसेंट ने मेगास्पीड को ब्लैकलिस्ट नहीं करने पर लटनिक से सवाल किए।

रिपोर्ट में दावा किया गया कि लटनिक शुरुआत में इस फैसले की वजह नहीं बता पाए और बाद में उन्होंने कहा कि वह इस मामले को देखेंगे। हालांकि, कॉमर्स डिपार्टमेंट ने ऐसी किसी भिड़ंत की खबरों को खारिज किया है।

advertisement

चीन की कंपनियों को ब्लैकलिस्ट नहीं करने पर घिरे अधिकारी

अमेरिकी प्रशासन पर चीन की उन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा माना जाता है। अमेरिका ने अक्टूबर 2025 के बाद से किसी भी कंपनी को एंटिटी लिस्ट में शामिल नहीं किया है। यह एक दशक से ज्यादा समय में ऐसी सबसे लंबी अवधि है।

प्रशासन ने चीन की एआई स्टार्टअप डीपसीक, मेमोरी चिप बनाने वाली कंपनी सीएक्सएमटी और 100 से ज्यादा अन्य कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने का फैसला टाल दिया। इसकी वजह चीन के साथ तनाव बढ़ने की आशंका बताई गई है।

अमेरिकी सांसदों ने भी उठाई कार्रवाई की मांग

डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन और आने वाली सीनेट फॉरेन रिलेशंस कमेटी के चेयरमैन क्रिस कून्स ने लटनिक, विदेश मंत्री मार्को रुबियो और व्हाइट हाउस चीफ ऑफ स्टाफ स्टीफन मिलर को पत्र लिखकर एनवीडिया की चिप एक्सपोर्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज सुरक्षित रखने को कहा है।

वहीं, सीनेटर रॉन वाइडन और प्रतिनिधि रिचर्ड नील ने चीन की कंपनियों को एडवांस एनवीडिया चिप्स बेचने की मंजूरी पर सवाल उठाए हैं। इनमें दिसंबर 2025 में ट्रंप का एच200 चिप्स की चीन को बिक्री की अनुमति देने का फैसला भी शामिल है। इस फैसले के तहत एक्सपोर्ट से होने वाली कमाई का एक हिस्सा अमेरिका को मिलना था।

advertisement

रिपब्लिकन सांसदों ने भी लटनिक को घेरा

इस मामले में रिपब्लिकन पार्टी के सांसद भी लटनिक से जवाब मांग रहे हैं। सीनेटर जॉन कैनेडी ने कहा कि वह अभी इस नतीजे पर नहीं पहुंचे हैं कि लटनिक को पद से हटाया जाना चाहिए या नहीं, लेकिन उन्हें अपने फैसलों पर जवाब देना होगा और कांग्रेस के सामने पेश होना चाहिए।

वहीं, सीनेटर टॉम कॉटन ने लटनिक से चीनी चिप निर्माता कंपनी सीएक्सएमटी को अमेरिकी बाजार में कारोबार करने से रोकने की मांग की है। ऐसे में एनवीडिया विवाद ने अब ट्रंप प्रशासन के भीतर और अमेरिकी कांग्रेस में लटनिक की भूमिका को लेकर दबाव बढ़ा दिया है।