scorecardresearch

28 साल बाद एप्पल की इस सर्विस पर लगेगा ताला! iPhone और Mac यूजर्स को अब कहां मिलेगी मदद?

एप्पल ने अपने लाखों iPhone और Mac यूजर्स से जुड़ा एक बड़ा फैसला लिया है। कंपनी 28 साल पुरानी एक खास ऑनलाइन सुविधा बंद करने जा रही है। इससे तकनीकी समस्याओं का समाधान ढूंढने वाले यूजर्स प्रभावित हो सकते हैं। जानिए कब बंद होगी सर्विस और मदद के लिए क्या विकल्प बचेंगे।

Advertisement

In Short

  • एप्पल 20 नवंबर से अपना 28 साल पुराना Apple Support Community फोरम बंद करने जा रहा है।
  • फोरम फिलहाल रीड-ओनली मोड में है, यूजर्स अब नए सवाल या जवाब पोस्ट नहीं कर सकते।
  • तकनीकी मदद के लिए Apple Support, Genius Bar, MacRumors Forums और Reddit जैसे विकल्प मौजूद हैं।

अगर आप iPhone, Mac या Apple के किसी दूसरे प्रोडक्ट का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। कंपनी अपनी एक पुरानी ऑनलाइन सर्विस बंद करने जा रही है, जहां यूजर्स लंबे समय से तकनीकी परेशानियों के समाधान ढूंढते थे। इस फैसले के बाद यूजर्स को मदद लेने के लिए दूसरे विकल्पों का सहारा लेना होगा।

advertisement

20 नवंबर से बंद हो जाएगा सपोर्ट फोरम

एप्पल अपनी 28 साल पुरानी Apple Support Community को 20 नवंबर से बंद करने जा रहा है। यह एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म है, जहां Apple के प्रोडक्ट इस्तेमाल करने वाले लोग अपनी तकनीकी समस्याएं शेयर करते थे। दूसरे यूजर्स उन सवालों के जवाब देते थे और समस्याओं को ठीक करने के तरीके बताते थे।

कंपनी ने फिलहाल इस फोरम को रीड-ओनली मोड में डाल दिया है। इसका मतलब है कि यूजर्स पुराने सवाल और उनके जवाब पढ़ सकते हैं, लेकिन अब कोई नया सवाल पोस्ट नहीं कर सकते और न ही किसी पोस्ट पर जवाब दे सकते हैं।

iPhone और Mac यूजर्स पर क्या होगा असर?

इस फैसले का असर उन लोगों पर पड़ सकता है, जो अपने डिवाइस में आने वाली परेशानियों का समाधान दूसरे यूजर्स की मदद से ढूंढते थे।

कई बार Mac में कोई अलग तरह की तकनीकी समस्या या iPhone में सॉफ्टवेयर से जुड़ी परेशानी आती है, जिसका सीधा समाधान Apple की आधिकारिक गाइड में नहीं मिलता। ऐसे मामलों में पुराने फोरम की चर्चाएं काफी काम आती थीं।

हालांकि, 20 नवंबर के बाद इन पुरानी चर्चाओं का क्या होगा, यह अभी साफ नहीं है। Apple ने यह नहीं बताया है कि पुराने पोस्ट और उनके जवाब किसी दूसरी जगह उपलब्ध कराए जाएंगे या नहीं।

1998 में हुई थी इस प्लेटफॉर्म की शुरुआत

एप्पल के इस सपोर्ट फोरम की शुरुआत 1998 में Apple Tech Exchange नाम से हुई थी। साल 2000 में इसका नाम बदलकर Apple Discussions कर दिया गया।

इसके बाद 2011 में इसे नए डिजाइन के साथ Apple Support Communities के नाम से दोबारा लॉन्च किया गया। साल 2022 में इसका नाम Apple Support Community रखा गया।

कंपनी ने इसे बंद करने की कोई विस्तृत वजह नहीं बताई है। हालांकि, MacRumors को दिए बयान में Apple ने कहा कि अपनी रणनीति और ग्राहकों की जरूरतों का आकलन करने के बाद यह फैसला लिया गया है।

अब कहां मिलेगी तकनीकी समस्याओं में मदद?

एप्पल यूजर्स को तकनीकी मदद के लिए अपनी आधिकारिक Support वेबसाइट इस्तेमाल करने की सलाह दे रहा है। इसके अलावा यूजर्स सीधे Apple Support से संपर्क कर सकते हैं या Genius Bar पर जाकर मदद ले सकते हैं।

advertisement

दूसरे यूजर्स से सलाह लेने के लिए MacRumors Forums और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म भी मौजूद हैं। हालांकि, ये Apple के अपने सपोर्ट कम्युनिटी फोरम की पूरी तरह जगह नहीं ले सकते।

अगर किसी पुराने फोरम पोस्ट में आपकी समस्या का जरूरी समाधान मौजूद है, तो उसे 20 नवंबर से पहले दोबारा देख लेना बेहतर होगा, क्योंकि उसके बाद पुरानी चर्चाएं उपलब्ध रहेंगी या नहीं, इस पर अभी स्थिति साफ नहीं है।