scorecardresearch

₹4,000 करोड़ की ऑर्डर बुक! मुनाफे में 35% का उछाल, निवेशकों के फोकस में पावर सेक्टर का ये शेयर

पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर की कंपनी राजेश पावर सर्विसेज ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी के रेवेन्यू और मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी हुई है।

Advertisement

पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर में काम करने वाली कंपनी राजेश पावर सर्विसेज लिमिटेड (Rajesh Power Services Limited) ने  H1 FY27 के वित्तीय आंकड़े जारी किए हैं जिसके बाद स्टॉक निवेशकों के फोकस में है। 

कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के अनऑडिटेड नंबर्स जारी करते हुए बताया कि कंपनी का कुल रेवेन्यू पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 46% बढ़कर 929 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं EBITDA 33% बढ़कर 112 करोड़ रुपये रही।

advertisement

इसके अलावा कंपनी का PAT भी 35% बढ़कर 79 करोड़ रुपये हो गया है। कंपनी के मुताबिक, बेहतर प्रोजेक्ट एग्जीक्यूशन और वित्तीय अनुशासन की वजह से उसका ऑपरेटिंग कैश फ्लो भी पॉजिटिव हो गया है। इसके अलावा कंपनी के पास करीब 4,000 करोड़ रुपये की कुल ऑर्डर बुक है, जिससे आने वाले समय में कारोबार की अच्छी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं। 

कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कुरंग पंचाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (H1 FY27) कंपनी के लिए शानदार रही है। यह प्रदर्शन GIS और AIS सबस्टेशन, EHV केबल, ट्रांसमिशन लाइन और डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट्स को तय समय पर और बेहतर तरीके से पूरा करने का नतीजा है। उन्होंने कहा कि बिजली क्षेत्र की कंपनियों और सरकारी बिजली वितरण संस्थानों का कंपनी पर भरोसा लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते कंपनी को पहले से बड़े और जटिल प्रोजेक्ट मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि देश में बिजली की मांग बढ़ने, रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) के महत्वाकांक्षी लक्ष्यों और बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क के विस्तार के कारण पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर में बड़े निवेश का दौर चल रहा है।

कुरंग पंचाल के मुताबिक, कंपनी के पास करीब 4,000 करोड़ रुपये का मजबूत कुल ऑर्डर बुक है। इसके साथ ही गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और ओडिशा में कंपनी की बढ़ती मौजूदगी और राज्य बिजली कंपनियों के साथ मजबूत संबंधों से आने वाली कई तिमाहियों के लिए कारोबार की अच्छी संभावनाएं बनी हुई हैं। इससे कंपनी को भविष्य में होने वाली आय का बेहतर अनुमान लगाने और अपने कामकाज व संसाधनों की योजना बनाने में मदद मिलेगी।

सुबह 10:15 बजे तक कंपनी का शेयर बीएसई पर 0.96% या 7.70 रुपये गिरकर 797 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।