Jio Platforms IPO पर बड़ा अपडेट! अगले हफ्ते शुरू हो सकती है निवेशकों से बातचीत, ₹4 अरब जुटाने की तैयारी
ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि, कंपनी अगले हफ्ते से संभावित निवेशकों से औपचारिक बातचीत शुरू कर सकती है। यह IPO भारत के सबसे बड़े शेयर बाजार लिस्टिंग में से एक हो सकता है।

अरबपति मुकेश अंबानी की Jio Platforms अपने IPO की तैयारियों को अगले फेज में ले जा रही है। ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि, कंपनी अगले हफ्ते से संभावित निवेशकों से औपचारिक बातचीत शुरू कर सकती है। यह IPO भारत के सबसे बड़े शेयर बाजार लिस्टिंग में से एक हो सकता है।
अमेरिका से मिडिल ईस्ट तक होगी मीटिंग
Reliance Industries की डिजिटल और टेलीकॉम इकाई Jio Platforms निवेशकों के साथ अमेरिका, सिंगापुर, हांगकांग, लंदन और मिडिल ईस्ट में बैठकें करने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, कंपनी बैंकों के साथ बातचीत में नवंबर में IPO लाने का लक्ष्य रख रही है।
हालांकि, IPO का आकार, वैल्यूएशन और टाइमिंग अभी अंतिम नहीं है और इनमें बदलाव हो सकता है। Jio Platforms के प्रवक्ता ने इस पर तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
270 मिलियन नए शेयर होंगे जारी
Jio Platforms ने 19 जून को IPO के लिए ड्राफ्ट दस्तावेज दाखिल किए थे। कंपनी को 28 अगस्त को Securities and Exchange Board of India यानी SEBI से मंजूरी मिल गई।
प्रस्तावित IPO में अधिकतम 270 मिलियन नए शेयर जारी किए जाएंगे। Bloomberg News की गणना के मुताबिक, इससे कंपनी की इक्विटी में करीब 2.9% हिस्सेदारी का डायल्यूशन होगा। IPO से मिलने वाली रकम का एक हिस्सा कर्ज चुकाने में इस्तेमाल करने की योजना है।
₹4 अरब तक जुटाने की तैयारी?
मामले से परिचित लोगों के मुताबिक, Jio Platforms IPO के जरिए 4 अरब डॉलर तक जुटा सकती है। इस स्तर का इश्यू भारत के तेजी से बढ़ रहे इक्विटी कैपिटल मार्केट को और रफ्तार दे सकता है।
Jio Platforms के पास भारत की सबसे बड़ी वायरलेस कैरियर कंपनी है। ऐसे में इसकी लिस्टिंग को देश के IPO बाजार के लिए अहम घटनाक्रम माना जा रहा है।
NSE IPO से भी बाजार में हलचल
भारत में बड़े IPO की कतार पहले से लगी है। National Stock Exchange of India को इस महीने की शुरुआत में SEBI की IPO मंजूरी मिल चुकी है। एक्सचेंज के सितंबर में करीब 3 अरब डॉलर जुटाने वाले IPO की उम्मीद है।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 में अब तक भारत में IPO से करीब 10 अरब डॉलर जुटाए जा चुके हैं। हालांकि, यह पिछले दो रिकॉर्ड वर्षों में जुटाए गए 20-20 अरब डॉलर से कम है। तीसरी तिमाही में अब तक करीब 5.8 अरब डॉलर जुटे हैं, जो पहली छमाही के कुल आंकड़े से ज्यादा है।
