इस फार्मा कंपनी का मुनाफा लगभग दोगुना! कमाई में 84% का उछाल, रडार पर शेयर
फार्मा सेक्टर की इस कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए हैं। कंपनी की कुल कमाई में 84% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है, जबकि मुनाफा लगभग दोगुना हो गया है।

भारत की प्रमुख फार्मास्युटिकल फॉर्मूलेशन मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों में शामिल फ्रेडुन फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड (Fredun Pharmaceuticals Limited) ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बड़ी जानकारी दी है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) और पहली छमाही (H1 FY27) के अनऑडिटेड वाले वित्तीय नतीजों की घोषणा की है।
दोपहर 3:11 बजे तक कंपनी का स्टॉक एनएसई पर 1.47% या 22 रुपये गिरकर 1,475 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और बीएसई पर स्टॉक 1.20% या 17.95 रुपये टूटकर 1475.50 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
कंपनी ने अपने फाइलिंग में बताया कि वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (Q2 FY27) में कंपनी की कुल आय 267.64 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल की समान तिमाही के 145.29 करोड़ रुपये से 84.21% ज्यादा है। कंपनी का EBITDA 22.34 करोड़ रुपये से बढ़कर 42.60 करोड़ रुपये हो गया।
EBITDA मार्जिन भी 15.37% से बढ़कर 15.92% हो गया, जो 55 बेसिस पॉइंट ज्यादा है। वहीं, कंपनी का नेट प्रॉफिट 9.73 करोड़ रुपये से बढ़कर 18.83 करोड़ रुपये पहुंच गया। नेट प्रॉफिट मार्जिन भी 6.70% से बढ़कर 7.03% हो गया, जो 34 बेसिस पॉइंट ज्यादा है।
छमाही नतीजों में भी मजबूत ग्रोथ
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (H1 FY27) में कंपनी की कुल आय 495.88 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के 265.15 करोड़ रुपये से 87.02% ज्यादा है। इस दौरान EBITDA 39.33 करोड़ रुपये से बढ़कर 75.38 करोड़ रुपये हो गया, यानी 91.67% की बढ़ोतरी हुई।
EBITDA मार्जिन 14.83% से बढ़कर 15.20% पहुंच गया, जो 37 बेसिस पॉइंट ज्यादा है। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा 16.50 करोड़ रुपये से बढ़कर 31.99 करोड़ रुपये हो गया, यानी इसमें 93.92% की तेजी आई। नेट प्रॉफिट मार्जिन भी 6.22% से बढ़कर 6.45% हो गया, जो 23 बेसिस पॉइंट ज्यादा है।
कंपनी ने हाल ही में बिजनेस बढ़ाने के लिए उठाया बड़ा कदम
कंपनी ने हाल के महीनों में अपने कारोबार को बढ़ाने के लिए कई बड़े कदम उठाए हैं। सितंबर 2026 में Fredun ने Goodman Vetcare में 26% हिस्सेदारी खरीदी। यह सौदा 300 करोड़ रुपये की वैल्यूएशन पर हुआ। कंपनी की योजना Goodman को वित्त वर्ष 2030-31 (FY31) तक 100 करोड़ रुपये के रेवेन्यू वाला कारोबार बनाने की है।
इसके अलावा, सितंबर 2026 में Fredun ने अपनी सब्सिडियरी Wellbeing Nutrition के जरिए Furlicks ब्रांड का अधिग्रहण किया। इस कदम के साथ कंपनी ने पेट वेलनेस यानी पालतू जानवरों की सेहत और देखभाल से जुड़े कारोबार में एंट्री की है। Furlicks पालतू जानवरों की स्किन और बालों की देखभाल, पेट की सेहत, जोड़ों की देखभाल, उन्हें शांत रखने, मुंह की सफाई और मल्टीविटामिन जैसे प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराता है। कंपनी अगले 6 से 9 महीनों में 16 नए प्रोडक्ट लॉन्च करने की योजना बना रही है। इसके साथ ही वह अपने पोर्टफोलियो को मौजूदा 6 SKU से बढ़ाकर 22 SKU तक पहुंचाएगी। नए प्रोडक्ट्स में कोल्ड-एक्सट्रूडेड, एयर-ड्राइड और फ्रीज-ड्राइड फॉर्मेट के साथ फंक्शनल बिस्किट भी शामिल होंगे।
वहीं, कंपनी ने 4 सितंबर 2026 को PAWTALKS नाम से एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च किया। यह पालतू जानवरों की सेहत और देखभाल से जुड़ी जानकारी देने वाला प्लेटफॉर्म है, जहां YouTube और Instagram के जरिए विशेषज्ञों की सलाह और उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।

