Coforge ने SpaceX Super Intelligence से मिलाया हाथ! Grok AI को लेकर बड़ी डील, ये है कंपनी का प्लान
आईटी कंपनी Coforge ने AI के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए SpaceX Super Intelligence के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इस समझौते के जरिए कंपनी कारोबार में Grok AI का इस्तेमाल बढ़ाने पर काम करेगी। इस खबर के बीच Coforge के शेयर में गिरावट देखने को मिली।

आईटी सर्विसेज कंपनी Coforge ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाया है। कंपनी ने SpaceX Super Intelligence (SpaceXSI) के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। इस समझौते के तहत Coforge, SpaceXSI के पार्टनर नेटवर्क में ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनर के तौर पर शामिल हुई है।
इस साझेदारी का मकसद कंपनियों को अपने रोजमर्रा के कामकाज में Grok AI से जुड़ी तकनीक का इस्तेमाल करने में मदद करना है। इसके लिए Coforge अलग-अलग कंपनियों की जरूरतों के हिसाब से AI सॉल्यूशंस तैयार करेगी।
कंपनी का मार्केट कैप करीब 91,381 करोड़ रुपये रहा। कंपनी का शेयर दोपहर 2:50 बजे तक बीएसई पर 0.67% या 14 रुपये गिरकर 2070 रुपये पर ट्रेड कर रहा था और एनएसई पर स्टॉक 0.44% या 9.20 रुपये गिरकर 2,069.80 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।
Grok AI को कंपनियों तक पहुंचाएगी Coforge
इस साझेदारी के तहत Coforge अपनी खास इंजीनियरिंग यूनिट Momentuum blue का इस्तेमाल करेगी। यह यूनिट Grok आधारित AI सॉल्यूशंस को तैयार करने से लेकर कंपनियों के वास्तविक कामकाज में लागू करने तक की जिम्मेदारी संभालेगी।
इसके लिए अनुभवी इंजीनियरों और AI एजेंट्स की टीमें सीधे ग्राहकों के सिस्टम में काम करेंगी। इनका लक्ष्य पहले से तय कारोबारी मानकों के आधार पर नतीजे देना होगा।
कंपनी अपने AI प्लेटफॉर्म Coforge Nuuron का भी इस्तेमाल करेगी, जिससे ग्राहकों के मौजूदा टेक्नोलॉजी सिस्टम में Grok को जोड़ना आसान हो सके।
किन कामों में इस्तेमाल होगा Grok?
Coforge के एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ AI कमर्शियल ऑफिसर अनूप नायर के मुताबिक, यह साझेदारी सॉफ्टवेयर मॉडर्नाइजेशन, कस्टमर सर्विस और एंटरप्राइज एप्लिकेशन जैसे क्षेत्रों में AI के इस्तेमाल को बढ़ाएगी। Grok के पोर्टफोलियो में चैट, रिसर्च, डेटा एनालिसिस और जटिल सवालों के समाधान जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
इसके अलावा Grok Build सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, Grok Bot कामकाजी प्रक्रियाओं को ऑटोमेट करने और Grok Voice बातचीत से जुड़ी सुविधाएं देता है। वहीं Grok Imagine के जरिए इमेज और वीडियो जनरेट किए जा सकते हैं।
SpaceXSI ने साझेदारी पर क्या कहा?
SpaceXSI में ग्लोबल पार्टनरशिप की हेड टोनी एडम्स ने कहा कि Coforge की इंजीनियरिंग क्षमताएं और अलग-अलग इंडस्ट्री में अनुभव ग्राहकों को अपने मौजूदा बिजनेस सिस्टम में Grok लागू करने में मदद करेंगे।
SpaceX Super Intelligence Partner Network के तहत कंपनियां Grok आधारित प्रोडक्ट्स और सर्विसेज विकसित करती हैं। इसमें ट्रांसफॉर्मेशन पार्टनर्स की जिम्मेदारी बड़े स्तर पर AI तकनीक को अपनाने और उससे कारोबारी फायदे हासिल करने में मदद करना है।

