एयरटेल के शेयर में 2% की गिरावट! ₹20,000 करोड़ का मार्केट कैप साफ; ब्रोकरेज ने बदले टारगेट
भारती एयरटेल के शेयरों में सोमवार को करीब 2 फीसदी की गिरावट आई, जिससे कंपनी की मार्केट वैल्यू लगभग ₹20,000 करोड़ घट गई। तिमाही नतीजों के बाद Morgan Stanley और Jefferies ने शेयर के टारगेट घटाए हैं, जबकि कुछ ब्रोकरेज अब भी तेजी की उम्मीद जता रहे हैं। जानिए किसने क्या टारगेट दिया।

टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल (Bharti Airtel) के शेयरों में सोमवार को बिकवाली देखने को मिली। कंपनी के तिमाही नतीजों और अर्निंग कॉल के बाद कई ब्रोकरेज फर्मों ने शेयर के टारगेट प्राइस में बदलाव किया है। इसके बीच एयरटेल का शेयर करीब 2 फीसदी गिर गया और कंपनी की मार्केट वैल्यू में लगभग 20,000 करोड़ रुपये की कमी आ गई। हालांकि शेयर को लेकर ब्रोकरेज की राय अलग-अलग बनी हुई है।
खबर लिखे जानें तक कंपनी का शेयर गिरकर 2,040.15 रुपये के निचले स्तर तक पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का मार्केट कैप करीब 13 लाख करोड़ रुपये से घटकर 12.80 लाख करोड़ रुपये रह गया।
Morgan Stanley ने शेयर का टारगेट 2,442 रुपये से घटाकर 2,350 रुपये कर दिया। Jefferies ने भी टारगेट 2,400 रुपये से घटाकर 2,380 रुपये किया। हालांकि JPMorgan ने इसे 2,240 रुपये से बढ़ाकर 2,290 रुपये कर दिया।
Jefferies को क्यों दिख रही तेजी की उम्मीद?
Jefferies के मुताबिक, भारत में मोबाइल कारोबार की प्रति ग्राहक औसत कमाई यानी ARPU उम्मीद से कम बढ़ी। हालांकि एयरटेल बिजनेस की मजबूत ग्रोथ ने इसकी भरपाई की।
ब्रोकरेज ने FY27 से FY29 के लिए भारत के कारोबार के अनुमान 2 से 3 फीसदी घटाए हैं। इसके बावजूद कंपनी के रेवेन्यू में 13 फीसदी और EBITDA में 14 फीसदी की सालाना औसत ग्रोथ की उम्मीद जताई है। Jefferies ने 'Buy' रेटिंग बरकरार रखते हुए 2,380 रुपये का टारगेट दिया है।
JPMorgan और MOFSL ने क्या कहा?
JPMorgan ने वायरलेस ARPU का अनुमान बढ़ाया है, लेकिन नए ग्राहकों के जुड़ने का अनुमान घटाया है। ब्रोकरेज को दूसरे कारोबारों में विस्तार, कर्ज में कमी और बढ़ते डिविडेंड से शेयर को फायदा मिलने की उम्मीद है।
MOFSL के मुताबिक, अक्टूबर 2026 से एयरटेल का शेयर करीब 20 फीसदी रिटर्न दे चुका है। ब्रोकरेज ने 2,395 रुपये का टारगेट दिया है। उसका मानना है कि टेलीकॉम टैरिफ में बढ़ोतरी शेयर के लिए अहम ट्रिगर होगी।
Emkay ने क्यों दी सतर्क रहने की सलाह?
Emkay Global का मानना है कि मौजूदा स्तर पर शेयर में जोखिम के मुकाबले संभावित रिटर्न आकर्षक नहीं है। ब्रोकरेज को FY28 की पहली तिमाही में टैरिफ बढ़ोतरी की उम्मीद है। उसने 'Reduce' रेटिंग और 2,000 रुपये का टारगेट बरकरार रखा है। वहीं ICICI Securities ने अफ्रीकी कारोबार के बेहतर अनुमानों के आधार पर टारगेट 2,410 रुपये से बढ़ाकर 2,430 रुपये कर दिया है।

