
गिफ्ट देने में नहीं बिगड़ेगा बजट! कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स से ऐसे बचाएं हजारों रुपये
त्योहार, बर्थडे या किसी खास मौके पर गिफ्ट खरीदना आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। लेकिन कुछ स्मार्ट तरीकों से बिना गिफ्ट की वैल्यू घटाए खर्च कम किया जा सकता है। एक्सपर्ट्स ने बताया है कि किन बातों का ध्यान रखकर आप हर खरीदारी में बेहतर बचत कर सकते हैं।

In Short
- कैशबैक और क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स से गिफ्ट खरीदने का खर्च कम किया जा सकता है।
- डिजिटल गिफ्ट कार्ड से गिफ्ट पाने वाला व्यक्ति अपनी पसंद का सामान या सर्विस चुन सकता है।
- रिवॉर्ड इस्तेमाल करने से पहले एक्सपायरी डेट, मिनिमम खर्च और ऑफर की शर्तें जरूर जांचें।
किसी का जन्मदिन हो, त्योहार हो या ऑफिस में कोई खास मौका, गिफ्ट देना अब आम बात है। लेकिन बार-बार गिफ्ट खरीदने से महीने का बजट बिगड़ सकता है। अच्छी बात यह है कि बिना गिफ्ट की कीमत या उसकी अहमियत कम किए भी पैसे बचाए जा सकते हैं। इसके लिए कैशबैक, क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स और डिजिटल गिफ्ट कार्ड काम आ सकते हैं। आइए जानते हैं कि इनका सही इस्तेमाल कैसे किया जाए।
कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स से कैसे होगी बचत?
जब आप कोई सामान खरीदते हैं, तो कई बार उस पर कैशबैक मिलता है। इस कैशबैक का इस्तेमाल अगली बार गिफ्ट खरीदने में किया जा सकता है। इसी तरह क्रेडिट कार्ड से मिलने वाले रिवॉर्ड पॉइंट्स को शॉपिंग वाउचर, गिफ्ट कार्ड या दूसरे सामान के बदले इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, यह सुविधा कार्ड जारी करने वाली कंपनी के नियमों पर निर्भर करती है।
Saraf Furniture के फाउंडर और सीईओ रघुनंदन सराफ का कहना है कि कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स का फायदा तभी है, जब इनका इस्तेमाल पहले से तय खरीदारी पर किया जाए। सिर्फ ऑफर पाने के लिए जरूरत से ज्यादा सामान नहीं खरीदना चाहिए।
उदाहरण के लिए, अगर किसी गिफ्ट की कीमत 3,000 रुपये है और उस पर 500 रुपये का वाउचर और 200 रुपये का कैशबैक मिल जाता है, तो उसकी असली लागत घटकर 2,300 रुपये रह जाएगी। हालांकि, इसके लिए दोनों ऑफर एक साथ लागू होने चाहिए।
डिजिटल गिफ्ट कार्ड क्यों हो रहे लोकप्रिय?
डिजिटल गिफ्ट कार्ड की खासियत यह है कि गिफ्ट पाने वाला व्यक्ति अपनी पसंद से सामान या सर्विस चुन सकता है।
AdvantageClub.ai के सीईओ और को-फाउंडर सौरभ देओरा के मुताबिक, कॉर्पोरेट गिफ्टिंग का असली मकसद कर्मचारियों को यह महसूस कराना है कि उनके काम की कद्र की जा रही है।
डिजिटल गिफ्ट कार्ड और रिवॉर्ड पॉइंट्स की मदद से कर्मचारी अपनी जरूरत के मुताबिक किराना, हेल्थकेयर, ट्रैवल, शॉपिंग, खाने-पीने या एंटरटेनमेंट से जुड़े विकल्प चुन सकते हैं।

कंपनियां कैसे घटा सकती हैं गिफ्ट देने का खर्च?
कंपनियों के लिए डिजिटल गिफ्टिंग खर्च कम करने का एक तरीका बन रही है। इससे सामान खरीदने, पैकिंग, स्टॉक रखने और गिफ्ट पहुंचाने जैसे खर्च घट सकते हैं।
देओरा के मुताबिक, कंपनियां अब सिर्फ त्योहारों पर ही नहीं, बल्कि अच्छे प्रदर्शन, वर्क एनिवर्सरी, रेफरल और करियर की उपलब्धियों पर भी कर्मचारियों को रिवॉर्ड दे रही हैं।
डिजिटल प्लेटफॉर्म से रिवॉर्ड तुरंत भेजे जा सकते हैं। साथ ही HR टीम यह भी देख सकती है कि कितने रिवॉर्ड दिए गए और कितने इस्तेमाल हुए।
गिफ्ट खरीदने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
रघुनंदन सराफ सलाह देते हैं कि रिवॉर्ड इस्तेमाल करने से पहले उनकी एक्सपायरी डेट, असली वैल्यू और ऑफर की शर्तें जरूर जांचें। यह भी देखें कि कहीं मिनिमम खरीदारी की शर्त तो नहीं है।
कई बार छोटे-छोटे डिस्काउंट भी सालभर में अच्छी बचत करा सकते हैं। इसलिए समझदारी इसी में है कि पहले बजट तय करें और फिर उपलब्ध कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स और गिफ्ट कार्ड का सही इस्तेमाल करें।

