
SBI से ₹1 करोड़ का होम लोन लेने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी? समझें EMI और ब्याज का पूरा गणित
अगर आप भी अपना घर खरीदने के लिए SBI से ₹1 करोड़ का होम लोन लेने की सोच रहे हैं, तो पहले अपनी सैलरी का हिसाब समझ लें। बैंक की ब्याज दरों और लोन की अवधि से आपकी EMI कितनी बदल सकती है? जानिए कितना कमाना होगा और कहां बढ़ेगा खर्च।

In Short
- SBI में होम लोन की ब्याज दरें 7.50% से 8.80% के बीच हैं।
- ₹1 करोड़ के होम लोन पर 20 साल के लिए शुरुआती EMI ₹80,559 होगी।
- ₹1 करोड़ के होम लोन पर 20 साल के लिए शुरुआती EMI ₹80,559 होगी।
अपना घर खरीदने के लिए अगर आप SBI से ₹1 करोड़ का होम लोन लेने की सोच रहे हैं, तो पहले अपनी सैलरी और EMI का हिसाब समझ लें। बैंक की शुरुआती ब्याज दर 7.50% है। इस दर पर 20 साल के लिए ₹1 करोड़ का लोन लेने पर हर महीने ₹80,559 की EMI चुकानी होगी। लेकिन सवाल है कि इतना बड़ा लोन लेने के लिए आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए?
SBI ने बढ़ाई होम लोन की ब्याज दर
बिजनेस टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, SBI ने 15 अक्टूबर 2026 से अपनी एक्सटर्नल बेंचमार्क लेंडिंग रेट (EBLR) में 0.25% की बढ़ोतरी की है। अब बैंक के सामान्य होम लोन की ब्याज दरें 7.50% से 8.80% के बीच हैं। आपको कितनी ब्याज दर पर लोन मिलेगा, यह आपकी प्रोफाइल और क्रेडिट स्कोर पर निर्भर करेगा।
₹1 करोड़ के लोन पर कितनी बनेगी EMI?
अगर आप 20 साल के लिए ₹1 करोड़ का होम लोन लेते हैं, तो 7.50% ब्याज पर EMI करीब ₹80,559 होगी। वहीं 8.25% ब्याज पर EMI ₹85,207 और 8.80% पर ₹88,690 हो जाएगी। यानी सबसे कम और सबसे ज्यादा ब्याज दर के बीच हर महीने करीब ₹8,100 का अंतर है।
30 साल के लिए लोन लेने पर कितनी राहत?
अगर लोन की अवधि 20 से बढ़ाकर 30 साल कर दी जाए, तो 7.50% ब्याज पर EMI घटकर ₹69,921 रह जाएगी। वहीं 8.25% पर ₹75,127 और 8.80% पर ₹79,027 की EMI बनेगी।
हालांकि, लंबी अवधि में ब्याज का बोझ बढ़ जाता है। 7.50% की दर पर 20 साल में करीब ₹93.3 लाख ब्याज देना होगा, जबकि 30 साल में यह रकम लगभग ₹1.52 करोड़ हो जाएगी। यानी करीब ₹58 लाख अतिरिक्त ब्याज चुकाना पड़ेगा।

₹1 करोड़ के होम लोन के लिए कितनी सैलरी चाहिए?
बैंक लोन देने से पहले देखते हैं कि आपकी कमाई का कितना हिस्सा EMI में जाएगा। इसे FOIR कहा जाता है।
बजाज फिनसर्व के मुताबिक, बड़े लोन के लिए ज्यादातर बैंक आमदनी का 40-45% तक EMI की सीमा रखते हैं।
7.50% ब्याज पर 20 साल के लोन के लिए अगर EMI आपकी सैलरी का 50% है, तो हर महीने करीब ₹1.61 लाख की इन-हैंड सैलरी चाहिए। 45% की सीमा पर ₹1.79 लाख और 40% पर करीब ₹2.01 लाख की सैलरी जरूरी होगी।
लोन लेने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
अगर पहले से कार या पर्सनल लोन की EMI चल रही है, तो आपकी होम लोन लेने की क्षमता कम हो सकती है। इसलिए बैंक से अपनी वास्तविक ब्याज दर जरूर पूछें और क्रेडिट स्कोर चेक करें। साथ ही यह भी समझें कि ब्याज दर बढ़ने पर आपकी EMI बढ़ेगी या लोन की अवधि। ये सभी आंकड़े एक आवेदक, बिना किसी दूसरे लोन और पूरी अवधि में ब्याज दर स्थिर रहने की धारणा पर आधारित हैं।

