scorecardresearch

Nvidia में बड़ा उलटफेर! जेनसन हुआंग की जा सकती है CEO की कुर्सी, रेस में इन दिग्गजों के नाम

दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी Nvidia में बड़ा बदलाव होने की अटकलें तेज हो गई हैं। CEO जेनसन हुआंग के एक पुराने बयान ने नई बहस छेड़ दी है। कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट के बीच निवेशकों की नजर अगले CEO पर है। आखिर कौन संभालेगा Nvidia की कमान?

Advertisement

In Short

  • निजी रिश्तों से जुड़े आरोपों के बीच Nvidia CEO जेनसन हुआंग को हटाए जाने की अटकलें तेज।
  • Nvidia की मार्केट वैल्यू में एक हफ्ते में करीब 600 अरब डॉलर की गिरावट।
  • कोलेट क्रेस और इयान बक समेत कई दिग्गज अधिकारी अगले CEO की रेस में चर्चा में।

दुनिया की दिग्गज AI चिप कंपनी Nvidia के CEO जेनसन हुआंग की कुर्सी पर खतरा मंडरा रहा है। निजी रिश्तों से जुड़े आरोपों के बीच कंपनी का बोर्ड उन्हें हटाने पर विचार कर रहा है। इसी दौरान उनका एक पुराना इंटरव्यू चर्चा में आ गया है, जिसमें उन्होंने खुद कहा था कि उन्हें भी नौकरी से निकाला जा सकता है।

advertisement

'मुझे भी नौकरी से निकाला जा सकता है'

ब्लूमबर्ग की पत्रकार एमिली चांग को दिए इंटरव्यू में जेनसन हुआंग ने कहा था कि कंपनी का संस्थापक होने के बावजूद उनकी नौकरी हमेशा सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा, 'जिस तरह मुझे निकाला जा सकता है, उसी तरह अगले CEO की नियुक्ति भी हो सकती है। मुझे यह व्यवस्था पसंद है।'

हुआंग ने कहा कि नेतृत्व की जिम्मेदारी हर दिन खुद को बेहतर साबित करने की होती है। यह इंटरव्यू विवाद सामने आने से कुछ हफ्ते पहले रिकॉर्ड किया गया था।

अगले 20 साल तक CEO बने रहना चाहते थे हुआंग

हुआंग ने इंटरव्यू में कहा था कि वह अगले 20 साल तक Nvidia का नेतृत्व करना चाहते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई थी कि कंपनी का अगला CEO अंदर से ही चुना जाएगा।

अपने बच्चों के उत्तराधिकारी बनने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि उन्हें भी अपनी काबिलियत साबित करनी होगी। सिर्फ पारिवारिक रिश्तों के आधार पर जिम्मेदारी नहीं मिलेगी।

Nvidia के बोर्ड में क्या चल रहा है?

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia का बोर्ड बुधवार को हुआंग के भविष्य पर फैसला लेने के लिए बैठक करने वाला था। यह मामला उनके विवाहेतर संबंधों से जुड़े आरोपों के बाद सामने आया है। इनमें एक महिला के चीनी जासूस होने का संदेह भी जताया गया है।

हालांकि, Nvidia ने बोर्ड बैठक से जुड़ी खबरों पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

इस अनिश्चितता के बीच कंपनी की मार्केट वैल्यू एक हफ्ते में करीब 600 अरब डॉलर घट गई। Nvidia दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।

कौन बन सकता है Nvidia का अगला CEO?

रिपोर्ट के मुताबिक, दो अधिकारियों के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं।

पहला नाम कंपनी की चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर कोलेट क्रेस का है। वह 2013 से Nvidia में हैं और निवेशकों के बीच जाना-पहचाना चेहरा हैं।

दूसरा नाम इयान बक का है, जो 2004 से कंपनी में हैं। उन्होंने Nvidia के CUDA सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म को विकसित करने में अहम भूमिका निभाई थी।

advertisement

इसके अलावा Arm के CEO रेने हास और Nvidia के अनुभवी अधिकारी जेफ फिशर का नाम भी चर्चा में है।

निवेशकों की चिंता क्यों बढ़ी?

जेनसन हुआंग ने 1993 में Nvidia की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में कंपनी AI चिप बाजार की दिग्गज बनी।

निवेशकों की सबसे बड़ी चिंता यही है कि हुआंग के बिना कंपनी अपनी तकनीकी बढ़त और बाजार का भरोसा कैसे बनाए रखेगी।

पॉलीमार्केट पर साल के अंत तक उनके पद छोड़ने या हटाए जाने की संभावना 83% दिखाई गई, हालांकि यह सिर्फ बाजार का अनुमान है, कोई आधिकारिक फैसला नहीं।