
दुनिया की 200 बड़ी कंपनियों में भारतीयों का दबदबा! सत्या नडेला दूसरे स्थान पर
दुनिया की बड़ी कंपनियों में भारतीय मूल के लीडर्स का दबदबा तेजी से बढ़ रहा है। HSBC हुरुन की नई रिपोर्ट में सुंदर पिचाई और सत्या नडेला समेत कई बड़े नाम सामने आए हैं। आखिर इन कंपनियों की कुल वैल्यू कितनी है और किस सेक्टर में भारतीय सबसे आगे हैं? जानिए पूरी रिपोर्ट।

In Short
- HSBC हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 में भारतीय मूल के 236 लीडर्स शामिल हैं, जो दुनिया की 200 बड़ी कंपनियां संभाल रहे हैं।
- इन कंपनियों की कुल वैल्यू 53% बढ़कर $15 ट्रिलियन पहुंच गई है, जिसमें सुंदर पिचाई पहले और सत्या नडेला दूसरे नंबर पर हैं।
- AI से जुड़ी 103 कंपनियों की कुल वैल्यू $10.7 ट्रिलियन है, जो पूरी लिस्ट की कुल वैल्यू का 71% है।
दुनिया की बड़ी-बड़ी कंपनियों को चलाने में भारतीय मूल के लोगों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। टेक्नोलॉजी से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तक, कई बड़े बिजनेस की कमान भारतीय मूल के लीडर्स के हाथों में है। अब एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि विदेशों में भारतीय मूल के बिजनेस लीडर्स कितनी बड़ी कंपनियां संभाल रहे हैं। आइए जानते हैं कि इस लिस्ट में कौन सबसे आगे है और भारतीयों का दबदबा कितना बढ़ा है।
236 भारतीय मूल के लीडर्स ने बनाई जगह
12 नवंबर को जारी HSBC हुरुन ग्लोबल इंडियंस लिस्ट 2026 के मुताबिक, भारतीय मूल के 236 लीडर्स विदेशों में मौजूद दुनिया की 200 सबसे मूल्यवान कंपनियों को चला रहे हैं। इन कंपनियों की कुल वैल्यू 2024 के $9.9 ट्रिलियन से 53% बढ़कर 2026 में $15 ट्रिलियन पहुंच गई है। लिस्ट में शामिल होने के लिए कंपनी की न्यूनतम वैल्यू भी $1.2 बिलियन से बढ़कर $2.5 बिलियन हो गई है।
सुंदर पिचाई पहले और सत्या नडेला दूसरे नंबर पर
इस लिस्ट में अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई पहले स्थान पर हैं। गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट की वैल्यू $4.2 ट्रिलियन है, जो 2024 से 98% बढ़ी है। माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन और सीईओ सत्या नडेला $2.6 ट्रिलियन के साथ दूसरे और माइक्रोन टेक्नोलॉजी के संजय मेहरोत्रा $1.4 ट्रिलियन के साथ तीसरे स्थान पर हैं।

यूट्यूब के नील मोहन और गूगल क्लाउड के थॉमस कुरियन टॉप-5 में शामिल हैं।इन पांच कंपनियों की कुल वैल्यू $9.1 ट्रिलियन है, जो पूरी लिस्ट का करीब 61% है। वहीं टॉप-10 कंपनियों की वैल्यू $10.5 ट्रिलियन यानी लगभग 70% है।
AI कंपनियों का सबसे ज्यादा दबदबा
रिपोर्ट के मुताबिक, 103 कंपनियां AI से जुड़ी हैं, जिनकी कुल वैल्यू $10.7 ट्रिलियन है। यह कुल वैल्यू का 71% है। पहली बार AI को अलग इंडस्ट्री के तौर पर शामिल किया गया है। इसमें 18 कंपनियों की वैल्यू $227 बिलियन है।
स्टार्टअप्स में अमन सेंगर की को-फाउंडेड कंपनी कर्सर $60 बिलियन के साथ आगे है। इसके बाद प्रोमेथियस $41 बिलियन और परप्लेक्सिटी $20 बिलियन पर हैं।
अमेरिका में सबसे ज्यादा भारतीय लीडर्स
लिस्ट में अमेरिका से 177 लीडर्स शामिल हैं। यूएई और ब्रिटेन से 15-15 लीडर्स हैं। सैन फ्रांसिस्को में 40 और कैलिफोर्निया में 91 लीडर्स हैं।236 लीडर्स में सिर्फ 16 महिलाएं हैं। इनमें अरिस्टा नेटवर्क्स की जयश्री वी. उल्लाल सबसे आगे हैं। उनकी कंपनी की वैल्यू $208 बिलियन है।वहीं 58% लीडर्स ने भारत से ग्रेजुएशन किया है। सबसे ज्यादा लीडर्स आईआईटी दिल्ली से पढ़े हैं।
53 लाख लोगों को रोजगार दे रही हैं कंपनियां
इन 200 कंपनियों में करीब 53 लाख लोग काम करते हैं। साल 2025 में इनका कुल रेवेन्यू $2.5 ट्रिलियन और नेट प्रॉफिट $416 बिलियन रहा। अकेले अल्फाबेट और माइक्रोसॉफ्ट ने मिलकर $234 बिलियन का प्रॉफिट कमाया।
हुरुन इंडिया के अनस रहमान जुनैद ने इसे ब्रेन ड्रेन से ब्रेन ब्रिज बनने की कहानी बताया। वहीं HSBC इंडिया के संदीप बत्रा के मुताबिक, विदेशों में भारतीयों की सफलता दोनों तरफ नए मौके पैदा कर रही है।ध्यान दें: यह रैंकिंग 25 जून 2026 तक कंपनियों की वैल्यू पर आधारित है, न कि इन लीडर्स की निजी संपत्ति पर।

