
OpenAI के 3 बड़े अधिकारियों को रूसी प्रैंकस्टर्स ने दिया झांसा! 17 मिनट की कॉल में खुल गए कई राज
ओपनएआई के तीन बड़े अधिकारी एक ऐसी वीडियो कॉल में फंस गए, जिसने कंपनी की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यूक्रेन के नाम पर हुई इस बातचीत में सैन्य एआई टेक्नोलॉजी से जुड़ी कई अहम बातें सामने आईं। आखिर किसने रची यह साजिश और कॉल में क्या खुलासे हुए?

In Short
- रूसी प्रैंकस्टर्स ने यूक्रेनी अधिकारी बनकर ओपनएआई के 3 सीनियर अधिकारियों को 17 मिनट तक धोखे में रखा।
- वीडियो कॉल में यूक्रेन को हमले के लिए एआई टेक्नोलॉजी देने और सैन्य मदद को लेकर बातचीत हुई।
- ओपनएआई ने जांच के बाद प्रैंक कॉल की पुष्टि की, कंपनी का अमेरिका के साथ 200 मिलियन डॉलर का डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट भी है।
दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। अब यह टेक्नोलॉजी सिर्फ पढ़ाई, ऑफिस या बिजनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि सेना और देश की सुरक्षा से जुड़े कामों में भी इस्तेमाल हो रही है। इसी बीच ओपनएआई से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आइए जानते हैं कि आखिर 17 मिनट की एक वीडियो कॉल में ऐसा क्या हुआ, जिसने कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
रूसी प्रैंकस्टर्स के जाल में फंसे ओपनएआई के अधिकारी
द इंटरसेप्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ओपनएआई के तीन सीनियर अधिकारियों को रूसी प्रैंकस्टर्स ने धोखा दिया। वोवन और लेक्सस नाम के प्रैंकस्टर्स ने खुद को यूक्रेन की फॉरेन इंटेलिजेंस सर्विस के प्रमुख रुस्तम उमेरोव के रूप में पेश किया।
17 मिनट की वीडियो कॉल में ओपनएआई की नेशनल सिक्योरिटी पॉलिसी प्रमुख साशा बेकर, स्ट्रैटेजिक इनिशिएटिव्स लीड कैरोलिन जियर और यूरोपियन नेशनल सिक्योरिटी मामलों के प्रमुख बेन क्रैम्पटन शामिल थे। बातचीत की रिकॉर्डिंग बाद में ऑनलाइन पोस्ट कर दी गई।
यूक्रेन को मिल सकती है हमले वाली एआई टेक्नोलॉजी?
कॉल के दौरान नकली यूक्रेनी अधिकारी ने पूछा कि क्या ओपनएआई यूक्रेन को हमले के लिए इस्तेमाल होने वाली एआई टेक्नोलॉजी दे सकती है।
इस पर बेन क्रैम्पटन ने कहा कि कंपनी यूक्रेन के साथ मजबूत रिश्ते चाहती है, लेकिन हर जरूरत तुरंत पूरी करना संभव नहीं होगा। उन्होंने बताया कि कंपनी के कई सीनियर अधिकारी एआई के आक्रामक सैन्य इस्तेमाल को लेकर हिचकिचाते हैं। हालांकि, कुछ परिस्थितियों में हमले और बचाव के बीच फर्क करना मुश्किल होता है।
पेंटागन और यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय से संपर्क
साशा बेकर ने बताया कि यूक्रेन की मदद को लेकर ओपनएआई की अमेरिकी रक्षा मुख्यालय पेंटागन से बातचीत हुई है।अधिकारियों ने डेब्रेक ब्लू नाम के एआई मॉडल का भी जिक्र किया, जिसका इस्तेमाल कंप्यूटर की सुरक्षा कमजोरियां ठीक करने के लिए किया जाता है। क्रैम्पटन के मुताबिक, यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय से भी संपर्क हुआ है और पार्टनरशिप पर काम चल रहा है।

200 मिलियन डॉलर का अमेरिकी डिफेंस कॉन्ट्रैक्ट
ओपनएआई का अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ वॉर के साथ 200 मिलियन डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट भी चल रहा है। द इंटरसेप्ट को मिले दस्तावेजों के मुताबिक, इसका मकसद सैनिकों के लिए एआई एप्लिकेशन तैयार करना है, जिससे सैन्य फैसले लेने और ऑपरेशन में मदद मिल सके।
एलन मस्क और ट्रंप पर भी हुई बातचीत
नकली अधिकारी ने एलन मस्क के प्रभाव से बचने में मदद मांगी। बेकर ने कहा कि ओपनएआई इसमें शायद मदद नहीं कर सकती, क्योंकि मस्क कंपनी के सीईओ को भी पसंद नहीं करते।
डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन के प्रति रुख पर बेकर ने निराशा जताई। हालांकि, उन्होंने कहा कि अमेरिकी सरकार के ज्यादातर लोग, जनता और ओपनएआई के रिसर्चर्स यूक्रेन का समर्थन करते हैं।
ओपनएआई ने जांच के बाद क्या कहा?
ओपनएआई के प्रवक्ता नेट इवांस ने पुष्टि की कि यह एक प्रैंक कॉल थी। कंपनी ने मामले की जांच की, संबंधित अधिकारियों के साथ कार्रवाई की और भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के कदम उठाए।
रिपोर्ट के मुताबिक, प्रैंकस्टर्स ने पहले सैन फ्रांसिस्को में एक सीनियर यूक्रेनी अधिकारी से संपर्क किया था। कॉल में नकली उमेरोव का कैमरा बंद रहा, जबकि बेकर और जियर ने कहा कि वे उनसे पहले मिल चुके हैं।
वोवन और लेक्सस 2011 से मशहूर हस्तियों को निशाना बना रहे हैं। उनके पुराने टारगेट में एल्टन जॉन और जॉन मैक्केन शामिल हैं। उनके प्रैंक अक्सर रूसी विदेश नीति के पक्ष में रहे हैं, हालांकि दोनों ने रूसी सरकार के लिए काम करने के आरोपों से इनकार किया है। यूक्रेनी दूतावास की तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

