scorecardresearch

1 जनवरी 2027 से बेकार हो जाएगी आपकी चेकबुक? RBI ने बताया वायरल मैसेज का पूरा सच

क्या 1 जनवरी 2027 से आपकी पुरानी चेकबुक किसी काम की नहीं रहेगी? सोशल मीडिया पर वायरल एक मैसेज ने बैंक ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। दावा किया जा रहा है कि नए साल से चेकबुक के नियम बदल जाएंगे। जानिए RBI ने इस दावे पर क्या कहा है।

Advertisement

In Short

  • सोशल मीडिया पर दावा, 1 जनवरी 2027 से पुरानी CTS चेकबुक हो जाएंगी बेकार।
  • RBI ने वायरल मैसेज को बताया गलत, चेकबुक बदलने की फिलहाल कोई योजना नहीं।
  • ग्राहकों को चेकबुक बदलवाने की जरूरत नहीं, RBI ने आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने को कहा।

अगर आप बैंकिंग लेनदेन के लिए चेकबुक का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद आपकी मौजूदा चेकबुक बेकार हो जाएगी। इसके बाद 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक का इस्तेमाल करना जरूरी होगा। अब भारतीय रिजर्व बैंक ने इस वायरल दावे की सच्चाई बताई है।

advertisement

सोशल मीडिया पर क्या हो रहा है दावा?

सोशल मीडिया और व्हाट्सऐप पर वायरल मैसेज में कहा जा रहा है कि 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा CTS चेकबुक मान्य नहीं रहेंगी। दावा है कि 1 जनवरी 2027 से बैंकों में नई चेकबुक लागू की जाएंगी, जिनमें पहले से बेहतर सुरक्षा फीचर्स होंगे।

इस मैसेज के सामने आने के बाद कई ग्राहकों के मन में सवाल उठ रहा है कि क्या उन्हें साल खत्म होने से पहले अपनी पुरानी चेकबुक बदलवानी होगी? क्या नए साल से पुराने चेक के जरिए भुगतान नहीं हो पाएगा?

RBI ने बताया वायरल मैसेज का सच

भारतीय रिजर्व बैंक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आधिकारिक बयान जारी कर इस दावे को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।

RBI ने साफ किया है कि फिलहाल मौजूदा चेक ट्रंकेशन सिस्टम (CTS) चेकबुक में किसी तरह का बदलाव करने की योजना नहीं है। केंद्रीय बैंक ने न तो पुरानी चेकबुक बंद करने का कोई फैसला लिया है और न ही 1 जनवरी 2027 से नई चेकबुक लागू करने की घोषणा की है।

क्या आपको बदलवानी पड़ेगी चेकबुक?

RBI के स्पष्टीकरण के बाद ग्राहकों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास मौजूदा CTS चेकबुक है, तो सिर्फ वायरल मैसेज के आधार पर उसे बदलवाने की जरूरत नहीं है।

इसका मतलब है कि आपको नई चेकबुक लेने के लिए बैंक जाने की जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। भविष्य में अगर चेकबुक से जुड़े नियमों में कोई बदलाव होता है, तो इसकी जानकारी RBI और संबंधित बैंक के आधिकारिक माध्यम से दी जाएगी।

advertisement

फर्जी बैंकिंग मैसेज से कैसे बचें?

RBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि वे बैंकिंग नियमों से जुड़ी किसी भी जानकारी पर आंख बंद करके भरोसा न करें।

अगर व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया पर चेकबुक, बैंक अकाउंट या किसी नए नियम से जुड़ा मैसेज मिलता है, तो पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें।

इसके लिए RBI की आधिकारिक वेबसाइट या अपने बैंक के आधिकारिक माध्यम से जानकारी हासिल करें। बिना पुष्टि किए ऐसे मैसेज दूसरों को भी न भेजें।

फिलहाल राहत की बात यह है कि RBI ने मौजूदा CTS चेकबुक बंद करने की कोई घोषणा नहीं की है। इसलिए ग्राहकों को अपनी चेकबुक बदलवाने की जरूरत नहीं है।