scorecardresearch

बैंक में खाता नहीं है तो भी भेज सकेंगे ₹50,000! RBI की इस सुविधा का कैसे उठा सकते हैं फायदा?

RBI ने पैसे भेजने और नकद भुगतान से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किए हैं। अब बिना बैंक अकाउंट वाले लोगों के लिए भी मनी ट्रांसफर की सुविधा आसान होगी। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। जानिए किसे मिलेगा फायदा और किन नियमों का पालन करना होगा।

Advertisement

In Short

  • RBI ने पैसे भेजने और नकद भुगतान से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किए हैं। अब बिना बैंक अकाउंट वाले लोगों के लिए भी मनी ट्रांसफर की सुविधा आसान होगी। हालांकि, इसके लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। जानिए किसे मिलेगा फायदा और किन नियमों का पालन करना होगा।
  • कैश पे-आउट में एक ट्रांजैक्शन की लिमिट ₹10,000 और महीने की ₹25,000 तय।
  • पैसे भेजने के लिए KYC रजिस्ट्रेशन जरूरी, हर ट्रांजैक्शन पर अतिरिक्त सुरक्षा जांच।

अगर आपका बैंक में खाता नहीं है और आपको किसी रिश्तेदार या दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजने हैं, तो अब इसके लिए परेशान होने की जरूरत नहीं है। भारतीय रिजर्व बैंक ने डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर से जुड़े नियमों को एकीकृत करते हुए नई गाइडलाइंस जारी की हैं। इनके तहत बिना बैंक अकाउंट वाले लोग भी बैंक ब्रांच जाकर NEFT के जरिए पैसे भेज सकेंगे। इसके साथ ही कैश पे-आउट की लिमिट और ट्रांजैक्शन की सुरक्षा को लेकर भी नियम तय किए गए हैं।

advertisement

बिना बैंक अकाउंट भेज सकेंगे ₹50,000

RBI की गाइडलाइंस के मुताबिक, कोई भी व्यक्ति बैंक ब्रांच जाकर NEFT के जरिए दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में अधिकतम ₹50,000 ट्रांसफर कर सकता है। इसके लिए पैसे भेजने वाले का खुद का बैंक अकाउंट होना जरूरी नहीं है।

यानी अगर आपको अपने परिवार के किसी सदस्य या रिश्तेदार के बैंक खाते में पैसे भेजने हैं, तो आप बिना अपना खाता खुलवाए भी इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं।

कैश पे-आउट की कितनी होगी लिमिट?

RBI ने कैश पे-आउट की सीमा भी तय की है। इसके तहत बैंक अपने खाताधारक के खाते से ऐसे व्यक्ति को पैसे भेज सकते हैं, जिसका बैंक अकाउंट नहीं है।

इस सुविधा में एक ट्रांजैक्शन के जरिए अधिकतम ₹10,000 नकद दिए जा सकेंगे। वहीं, एक लाभार्थी को पूरे महीने में अधिकतम ₹25,000 मिल सकेंगे।

पैसे पाने वाला व्यक्ति ATM, बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट या दूसरे अधिकृत पेमेंट चैनलों के जरिए रकम प्राप्त कर सकेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पैसे भेजने से पहले कराना होगा रजिस्ट्रेशन

नई गाइडलाइंस के मुताबिक, कैश जमा करके पैसे भेजने वाले ग्राहकों का रजिस्ट्रेशन जरूरी होगा। यह जिम्मेदारी पैसे भेजने वाले बैंक और बिजनेस कॉरेस्पोंडेंट की होगी।

रजिस्ट्रेशन के दौरान RBI के KYC निर्देश, 2025 का पालन करना होगा। इसके लिए ग्राहक का वेरिफाइड मोबाइल नंबर और खुद से प्रमाणित वैध पहचान दस्तावेज देना जरूरी होगा।

हर ट्रांजैक्शन पर होगी अतिरिक्त जांच

RBI ने पैसे के लेन-देन को सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त जांच का नियम भी तय किया है। हर ट्रांजैक्शन में एडिशनल फैक्टर ऑफ ऑथेंटिकेशन के जरिए ग्राहक की पहचान की पुष्टि की जाएगी।

इसके अलावा, बैंक और गैर-बैंक पेमेंट ऑपरेटर वेलोसिटी चेक लागू करेंगे। इससे कम समय में लगातार होने वाले ट्रांजैक्शन पर नजर रखी जा सकेगी।

संदिग्ध लेन-देन पर बैंकों की नजर

नई व्यवस्था के तहत किसी खाते में पैसे जमा होने पर ग्राहक को अलर्ट भेजना भी जरूरी होगा।

अगर किसी बैंक खाते या कई खातों में अचानक असामान्य तरीके से बड़ी रकम जमा होती है, तो बैंक को इसकी जांच करनी होगी। संदिग्ध ट्रांजैक्शन की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भी देनी होगी।

advertisement

इन नियमों का मकसद बिना बैंक खाते वाले लोगों के लिए मनी ट्रांसफर की सुविधा आसान बनाने के साथ लेन-देन को ज्यादा सुरक्षित रखना है।