scorecardresearch

RBI Cheque Book Rules: क्या 2027 से बेकार हो जाएगी पुरानी चेक बुक? RBI ने किया खुलासा

क्या 1 जनवरी 2027 से आपकी पुरानी चेक बुक बेकार हो जाएगी? क्या ₹50,000 से ज्यादा का पेमेंट करने के लिए नई चेक बुक जरूरी होगी? सोशल मीडिया पर वायरल एक मैसेज ने बैंक ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। अब RBI ने इस मामले पर सफाई दी है।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • 1 जनवरी 2027 से नई चेक बुक लागू होने का दावा सोशल मीडिया पर वायरल।
  • पुराने चेक से ₹50,000 से ज्यादा का पेमेंट नहीं होने की खबर को RBI ने बताया फर्जी।
  • RBI ने कहा कि फिलहाल CTS चेक बुक के नियमों में कोई ऐसा बदलाव नहीं किया जा रहा है।

बैंक से जुड़े नियमों में बदलाव की खबर आते ही लोगों की चिंता बढ़ जाती है। खासकर जब मामला चेक बुक और पैसों के लेनदेन से जुड़ा हो। इन दिनों सोशल मीडिया पर एक मैसेज तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें चेक बुक के नियम बदलने का दावा किया जा रहा है। अब इस पूरे मामले पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने सफाई दी है। आइए जानते हैं कि वायरल मैसेज में क्या कहा गया है और RBI ने इसे लेकर क्या जानकारी दी है।

advertisement

RBI ने वायरल मैसेज को बताया फर्जी

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने साफ किया है कि फिलहाल चेक बुक से जुड़े नियमों में ऐसा कोई बदलाव नहीं किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि 31 दिसंबर 2026 के बाद मौजूदा चेक बुक के नियम बदल जाएंगे और 1 जनवरी 2027 से नई सिक्योरिटी वाली चेक बुक लागू होगी। RBI ने इस दावे को पूरी तरह गलत और गुमराह करने वाला बताया है।

₹50,000 से ज्यादा के चेक पर क्या था दावा?

वायरल मैसेज में कहा गया था कि 1 जनवरी 2027 से पुराने चेक का इस्तेमाल केवल ₹50,000 तक के पेमेंट के लिए किया जा सकेगा। इससे ज्यादा रकम के लेनदेन के लिए नई चेक बुक जरूरी होगी। मैसेज में लोगों को 31 दिसंबर 2026 से पहले नई चेक बुक लेने की सलाह भी दी गई थी। हालांकि RBI ने ऐसी कोई लिमिट लागू करने की घोषणा नहीं की है।

नई चेक बुक में सिक्योरिटी फीचर्स का दावा

वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि नई चेक बुक में अल्फा-न्यूमेरिक कोड, नया MICR सिस्टम और UV कोड जैसे सिक्योरिटी फीचर्स होंगे। इसके अलावा हर चेक को सीधे RBI सिस्टम से लिंक करने की बात भी कही गई थी। लेकिन RBI ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल CTS चेक बुक को लेकर ऐसे कोई नए नियम लागू नहीं किए जा रहे हैं।

चेक बाउंस और पेन को लेकर भी दी गई जानकारी

वायरल मैसेज में चेक भरने के लिए केवल बॉल पेन इस्तेमाल करने, ओवरराइटिंग से बचने और चेक बाउंस होने पर सजा जैसे दावे भी किए गए थे। इसमें चेक बाउंस के मामले में दो साल तक की जेल का जिक्र था। हालांकि RBI की मौजूदा सफाई खास तौर पर नई चेक बुक और CTS नियमों में बदलाव के दावे को लेकर है। इसलिए वायरल पोस्ट की बाकी बातों को भी नए RBI नियम मानना सही नहीं होगा।

RBI ने लोगों से की ये अपील

RBI ने लोगों से अपील की है कि बैंकिंग नियमों से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए केवल उसकी आधिकारिक घोषणाओं पर भरोसा करें। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले मैसेज को बिना जांचे सही न मानें। अगर चेक बुक से जुड़ा कोई नया नियम लागू होता है, तो उसकी जानकारी RBI के आधिकारिक माध्यमों से दी जाएगी। फिलहाल नई चेक बुक लेने की कोई ऐसी अनिवार्यता घोषित नहीं की गई है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।