scorecardresearch

NPS अकाउंट खोलना हुआ आसान! विदेश में काम करने वाले इन भारतीयों के लिए PFRDA ने बदले नियम

विदेश में जहाजों पर काम करने वाले भारतीयों के लिए NPS अकाउंट खोलना अब आसान हो गया है। PFRDA ने NRI नाविकों के लिए एड्रेस प्रूफ से जुड़े नियमों में बड़ी राहत दी है। अब विदेश में घर का पता साबित करने के लिए पारंपरिक दस्तावेज जरूरी नहीं होंगे। आखिर किन दो दस्तावेजों से खुलेगा अकाउंट और जहाज पर तैनात कर्मचारियों के लिए क्या नियम हैं? जानिए पूरी डिटेल।

Advertisement
समुद्र में काम करने वाले नाविकों को विदेश का एड्रेस प्रूफ देने में दिक्कत होती है। (फोटो: Pexels)
समुद्र में काम करने वाले नाविकों को विदेश का एड्रेस प्रूफ देने में दिक्कत होती है। (फोटो: Pexels)

In Short

  • PFRDA ने NRI नाविकों के लिए NPS Tier I अकाउंट के KYC नियम आसान किए
  • वैध रोजगार अनुबंध या छह महीने के भीतर का डिसएम्बार्केशन रिकॉर्ड वाला CDC होगा मान्य
  • जहाज पर तैनात नाविक नियोक्ता का विदेशी पता या अपना भारतीय पता दे सकेंगे

नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में अकाउंट खोलने वाले कुछ प्रवासी भारतीयों के लिए राहत की खबर है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने विदेश में जहाजों पर काम करने वाले भारतीय नाविकों (NRI Seafarers) के लिए KYC नियम आसान कर दिए हैं। अब ऐसे लोगों को NPS अकाउंट खोलते समय विदेश के घर का एड्रेस प्रूफ देने की परेशानी से राहत मिलेगी।

advertisement

PFRDA ने 13 नवंबर 2026 को जारी सर्कुलर में नए नियमों की जानकारी दी है। ये बदलाव NPS के Tier I अकाउंट खोलने पर लागू होंगे।

अब कौन से दस्तावेज होंगे मान्य?

नए नियमों के मुताबिक, NRI नाविक अब एड्रेस प्रूफ के लिए रोजगार से जुड़े दो दस्तावेजों में से कोई एक जमा कर सकते हैं।

1. एम्प्लॉयमेंट कॉन्ट्रैक्ट: अगर कोई नाविक नए कॉन्ट्रैक्ट पर काम करने जा रहा है, तो वह अपनी शिपिंग कंपनी या नियोक्ता के साथ किया गया वैध रोजगार अनुबंध जमा कर सकता है।

2. कंटीन्यूअस डिस्चार्ज सर्टिफिकेट (CDC): नाविक अपना CDC भी एड्रेस प्रूफ के तौर पर दे सकते हैं। हालांकि, इसमें जहाज से उतरने यानी डिसएम्बार्केशन का रिकॉर्ड या स्टांप छह महीने से ज्यादा पुराना नहीं होना चाहिए।

जहाज पर काम कर रहे हैं तो कौन सा पता देंगे?

PFRDA ने उन नाविकों के लिए भी नियम स्पष्ट किए हैं, जो फिलहाल जहाज पर तैनात हैं। ऐसे लोग अपने मौजूदा पते के तौर पर नियोक्ता का विदेशी पता या भारत में अपना पता दे सकते हैं।

इससे उन कर्मचारियों को फायदा होगा, जिनके पास समुद्र में काम करने के दौरान विदेश में रहने का पारंपरिक एड्रेस प्रूफ उपलब्ध नहीं होता।

क्यों बदले गए NPS के नियम?

दरअसल, जहाजों पर काम करने वाले कई NRI नाविकों के लिए विदेश का आवासीय पता साबित करना मुश्किल होता है। इसकी वजह से उन्हें NPS अकाउंट खोलने में देरी और दूसरी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।

नए नियमों का मकसद इस प्रक्रिया को आसान बनाना है, ताकि पात्र नाविक बिना अनावश्यक दस्तावेजी अड़चनों के NPS से जुड़ सकें।

क्या बाकी KYC नियम भी बदल गए?

PFRDA ने साफ किया है कि बाकी KYC और पहचान सत्यापन से जुड़े नियम पहले की तरह लागू रहेंगे।

यह बदलाव 2 दिसंबर 2025 के पुराने सर्कुलर में संशोधन के जरिए किया गया है। मनी लॉन्ड्रिंग रोकने और ग्राहकों की जांच से जुड़े दूसरे नियमों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नए नियम 13 नवंबर 2026 से लागू हो चुके हैं।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।