scorecardresearch

इंटरनेट की दुनिया में अंबानी का नया दांव! 1600 सैटेलाइट से एलोन मस्क के Starlink को मिलेगी चुनौती?

मुकेश अंबानी की रिलायंस अब एलन मस्क की Starlink को टक्कर देने की तैयारी में है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी 2035 तक 1,600 सैटेलाइट का अपना इंटरनेट नेटवर्क बनाना चाहती है। इसके लिए भारतीय कंपनियों से बातचीत चल रही है। जानिए इस बड़े प्रोजेक्ट में क्या चुनौतियां हैं।

Advertisement
AI Generated Image

मुकेश अंबानी की अगुवाई वाला रिलायंस ग्रुप अब सैटेलाइट इंटरनेट के कारोबार में बड़ा दांव खेलने की तैयारी कर रहा है। ब्लूमबर्ग के रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी करीब 1,600 सैटेलाइट का अपना नेटवर्क बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसका मकसद भारत में एलन मस्क की Starlink के मुकाबले एक स्वदेशी नियंत्रण वाला सैटेलाइट ब्रॉडबैंड नेटवर्क तैयार करना है।

advertisement

ब्लूमबर्ग ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से बताया कि, रिलायंस इसके लिए भारतीय सैटेलाइट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों, टेक्नोलॉजी स्टार्टअप्स और बड़े औद्योगिक समूहों से बातचीत कर रही है। कंपनी जरूरी मैन्युफैक्चरिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए फंडिंग देने को भी तैयार है।

2035 तक 1600 सैटेलाइट का नेटवर्क बनाने का लक्ष्य

रिलायंस का लक्ष्य 2035 तक लो-अर्थ ऑर्बिट (LEO) सैटेलाइट नेटवर्क तैयार करना है। इससे हाल में शेयर बाजार में लिस्ट हुई जियो प्लेटफॉर्म्स के कारोबार को बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, इस प्रोजेक्ट के सामने सबसे बड़ी चुनौती सैटेलाइट मैन्युफैक्चरिंग की क्षमता है। जानकारी के मुताबिक, भारत फिलहाल सालाना 15 से भी कम सैटेलाइट बनाता है, जबकि रिलायंस की योजना को पूरा करने के लिए हर साल करीब 200 सैटेलाइट बनाने होंगे।

अमेरिका से खरीदे जाएंगे कम से कम 400 सैटेलाइट

रिलायंस इस प्रोजेक्ट के लिए घरेलू उत्पादन के साथ विदेश से सैटेलाइट खरीदने की भी योजना बना रही है। कंपनी अमेरिका से कम से कम 400 सैटेलाइट खरीद सकती है।

इसके लिए दो अमेरिकी कंपनियों से बातचीत चल रही है। यूरोप में भी सप्लायर्स की तलाश की जा रही है। हालांकि, चीन से सैटेलाइट खरीदने का फिलहाल कोई इरादा नहीं है।

कंपनी सितंबर 2027 में टेस्ट मिशन और 2028 की शुरुआत से बड़े पैमाने पर सैटेलाइट तैनाती शुरू करने की योजना बना रही है। पहले प्रोजेक्ट पूरा करने का लक्ष्य 2030 था, जिसे अब बढ़ाकर 2035 कर दिया गया है।

Starlink से कैसे अलग होगा रिलायंस का नेटवर्क?

एलन मस्क की Starlink के पास 10,000 से ज्यादा सैटेलाइट वाला वैश्विक नेटवर्क है। इसके मुकाबले रिलायंस का प्रस्तावित नेटवर्क मुख्य रूप से भारत की इंटरनेट कनेक्टिविटी और रणनीतिक जरूरतों पर केंद्रित होगा।

इस नेटवर्क का इस्तेमाल दूरदराज के इलाकों में इंटरनेट पहुंचाने के अलावा संघर्ष या भू-राजनीतिक तनाव के दौरान सुरक्षित संचार के लिए भी किया जा सकता है।

सैटेलाइट बनाना नहीं, लॉन्च करना बड़ी चुनौती

सैटेलाइट निर्माता HEX20 के CEO अमल चंद्रन के मुताबिक, पर्याप्त निवेश से बड़े पैमाने पर सैटेलाइट बनाना संभव है, लेकिन उन्हें सही कक्षा में पहुंचाने के लिए भारत में रॉकेट लॉन्च की संख्या बढ़ानी होगी।

advertisement

वहीं, Starlink की भारत में एंट्री अभी नियामकीय और सुरक्षा जांच के दायरे में है। ऐसे में रिलायंस का प्रस्तावित नेटवर्क देश में सैटेलाइट इंटरनेट के साथ रणनीतिक संचार क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकता है।