scorecardresearch

इंश्योरेंस के नाम पर कहीं आपके साथ भी तो नहीं हो रहा धोखा? ऐसे करें पहचान

बीमा पॉलिसी खरीदते समय कहीं आप भी तो गलत जानकारी का शिकार नहीं हो रहे? ज्यादा रिटर्न का वादा, आकर्षक ऑफर और एजेंट की मीठी बातें आपकी मेहनत की कमाई फंसा सकती हैं। जानिए इंश्योरेंस मिस-सेलिंग क्या है, इसे कैसे पहचानें और धोखा होने पर कहां शिकायत करें।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • गारंटीड रिटर्न का लालच: ज्यादा मुनाफे का वादा करके ग्राहकों को गलत इंश्योरेंस पॉलिसी बेची जा सकती है।
  • मिस-सेलिंग के संकेत: जबरन पॉलिसी खरीदने का दबाव, गिफ्ट और कैशबैक का लालच या जरूरी जानकारी छिपाना खतरे के संकेत हैं।
  • शिकायत कहां करें: इंश्योरेंस मिस-सेलिंग की शिकायत बीमा कंपनी और IRDAI के बीमा भरोसा पोर्टल पर की जा सकती है।

Insurance Mis-Selling: बीमा पॉलिसी खरीदते समय ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि इससे उनका और परिवार का भविष्य सुरक्षित रहेगा। लेकिन कई बार एजेंट या बैंक कर्मचारी ऐसी पॉलिसी बेच देते हैं, जो ग्राहक की जरूरत के मुताबिक नहीं होती। इसे इंश्योरेंस मिस-सेलिंग (Insurance Mis-Selling) कहा जाता है। ऐसे में सवाल है कि इस धोखे को कैसे पहचानें और अपनी मेहनत की कमाई कैसे बचाएं? आइए आसान भाषा में समझते हैं।

advertisement

क्या है इंश्योरेंस मिस-सेलिंग?

जब किसी ग्राहक को गलत जानकारी देकर, जरूरी बातें छिपाकर या ज्यादा रिटर्न का लालच देकर बीमा पॉलिसी बेची जाती है, तो उसे इंश्योरेंस मिस-सेलिंग कहते हैं। कई बार एजेंट ज्यादा कमीशन कमाने के लिए ऐसी पॉलिसी बेच देते हैं, जिसकी ग्राहक को जरूरत ही नहीं होती।

गारंटीड रिटर्न का वादा तो हो जाएं सावधान

अगर कोई एजेंट कहता है कि आपकी रकम पांच साल में दोगुनी हो जाएगी या बहुत ज्यादा गारंटीड रिटर्न मिलेगा, तो तुरंत भरोसा न करें। कई बार एंडोमेंट प्लान को निवेश का शानदार विकल्प बताकर बेचा जाता है। पॉलिसी लेने से पहले पूछें कि कितना रिटर्न गारंटीड है और पैसा कितने समय तक लॉक रहेगा।

म्यूचुअल फंड से बेहतर बताकर बेची जा रही ULIP?

कई एजेंट यूनिट लिंक्ड इंश्योरेंस प्लान (ULIP) को म्यूचुअल फंड से बेहतर बताकर बेचते हैं। इसमें बीमा के साथ मार्केट से जुड़ा निवेश होता है। लेकिन इसमें चार्ज और लॉक-इन जैसी शर्तें भी होती हैं। इसलिए बिना जोखिम समझे निवेश न करें।

दूसरी सुविधा के लिए बीमा खरीदने का दबाव

अगर बैंक कर्मचारी कहता है कि होम लोन लेने के लिए खास बीमा पॉलिसी खरीदना जरूरी है, तो सावधान हो जाएं। इसे बंडलिंग कहते हैं। RBI के मुताबिक होम लोन के लिए प्रॉपर्टी इंश्योरेंस अनिवार्य नहीं है। हालांकि बैंक की अपनी लोन शर्तें हो सकती हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

गिफ्ट और कैशबैक का लालच

कुछ एजेंट पॉलिसी बेचने के लिए गिफ्ट, कैशबैक या दूसरे फायदे देने का वादा करते हैं। ऐसे ऑफर के चक्कर में बिना जरूरत बीमा खरीदना नुकसानदायक हो सकता है। हमेशा पॉलिसी की शर्तों और फायदे को प्राथमिकता दें।

हेल्थ कार्ड को हेल्थ इंश्योरेंस बताना

कई बार डिस्काउंट देने वाले हेल्थ कार्ड को हेल्थ इंश्योरेंस बताकर बेच दिया जाता है। जबकि हेल्थ कार्ड चुनिंदा सेवाओं पर छूट दे सकता है और हेल्थ इंश्योरेंस अस्पताल के खर्चों के लिए आर्थिक सुरक्षा देता है। दोनों के बीच अंतर समझना जरूरी है।

तुरंत पॉलिसी खरीदने का दबाव

अगर एजेंट कहता है कि ऑफर आज रात खत्म हो जाएगा या अभी भुगतान करना जरूरी है, तो जल्दबाजी न करें। पहले पॉलिसी के दस्तावेज पढ़ें और सभी चार्ज समझें।

advertisement

मिस-सेलिंग से कैसे बचें और कहां करें शिकायत?

पॉलिसी खरीदने से पहले प्रीमियम, जोखिम, लॉक-इन पीरियड और पैसे निकालने की शर्तें समझें। केवल एजेंट की बातों पर भरोसा न करें। गलत पॉलिसी बेचने से आपकी बचत फंस सकती है और जरूरत के समय पैसे निकालना मुश्किल हो सकता है।

अगर आपके साथ इंश्योरेंस मिस-सेलिंग हुई है, तो पहले बीमा कंपनी में शिकायत करें। समाधान नहीं मिलने पर IRDAI के बीमा भरोसा पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सकते हैं। बैंक से जुड़ी शिकायत के लिए RBI और म्यूचुअल फंड से जुड़ी शिकायत के लिए SEBI के शिकायत पोर्टल उपलब्ध हैं।

ध्यान रखें: सही बीमा पॉलिसी वही है, जो आपकी जरूरत, बजट और जोखिम उठाने की क्षमता के मुताबिक हो।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।