scorecardresearch

AI का बुलबुला फूटने वाला है? अरबों डॉलर का निवेश पड़ सकता है भारी, अमेरिका में मंदी की चेतावनी

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI में अरबों डॉलर का निवेश अब अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए खतरा बन सकता है। अमेरिका के पूर्व SEC चेयरमैन गैरी जेंसलर ने चेतावनी दी है कि AI सेक्टर में निवेश का बुलबुला पहले ही बन चुका है। अगर कंपनियों की कमाई उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी, तो इसका असर टेक इंडस्ट्री से आगे भी पहुंच सकता है। जानिए किन कंपनियों पर सबसे ज्यादा जोखिम है।

Advertisement
क्या AI सेक्टर में निवेश का बुलबुला बन चुका है?
क्या AI सेक्टर में निवेश का बुलबुला बन चुका है?

In Short

  • पूर्व SEC चीफ ने 2028 से पहले अमेरिका में मंदी की आशंका जताई।
  • AI में सालाना 800 अरब डॉलर निवेश का अनुमान, कर्ज वाली कंपनियों पर खतरा।
  • पांच अमेरिकी टेक कंपनियों ने 2025 में AI पर 404 अरब डॉलर खर्च किए।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में हो रहे भारी निवेश को लेकर बड़ी चेतावनी सामने आई है। अमेरिकी सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन (SEC) के पूर्व चेयरमैन गैरी जेंसलर (Gary Gensler) का कहना है कि AI सेक्टर में निवेश का बुलबुला पहले ही बन चुका है। उन्होंने आशंका जताई कि यह बुलबुला फूटने पर अमेरिका में 2028 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले मंदी आ सकती है।

advertisement

AI में भारी निवेश पर उठाए सवाल

CNN से बातचीत में जेंसलर ने कहा कि उन्हें AI की लंबी अवधि की संभावनाओं पर भरोसा है, लेकिन सवाल यह है कि कंपनियां जितना पैसा खर्च कर रही हैं, क्या उससे पर्याप्त कमाई हो पाएगी?

कुछ अनुमानों के मुताबिक, डेटा सेंटर और एडवांस चिप्स समेत AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर सालाना करीब 800 अरब डॉलर का निवेश हो रहा है।

जेंसलर ने रेलवे, बिजली और इंटरनेट के शुरुआती दौर का उदाहरण देते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में भी पहले भारी निवेश हुआ था, लेकिन बाद में निवेशकों की उम्मीदें कमजोर पड़ी थीं।

किन कंपनियों पर सबसे ज्यादा खतरा?

जेंसलर के मुताबिक, AI सेक्टर में सबसे ज्यादा जोखिम नियोक्लाउड (Neocloud) कंपनियों को हो सकता है। ये कंपनियां AI डेवलपर्स को कंप्यूटिंग पावर किराये पर देती हैं।

कई नियोक्लाउड कंपनियों ने महंगी चिप्स खरीदने और कारोबार बढ़ाने के लिए भारी कर्ज लिया है। जेंसलर का मानना है कि बड़ी टेक कंपनियां मुश्किल दौर से निकल सकती हैं, लेकिन कुछ छोटी कंपनियां दिवालिया हो सकती हैं।

AI पर खर्च हो रहे अरबों डॉलर

नेशनल ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक रिसर्च (NBER) के एक वर्किंग पेपर के मुताबिक, अमेरिका की पांच टेक कंपनियों ने 2025 में AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर 404 अरब डॉलर खर्च किए थे। अनुमान है कि 2026 में यह खर्च लगभग दोगुना हो सकता है।

बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) के जुलाई 2026 के अध्ययन के मुताबिक, प्रतिस्पर्धा के कारण AI निवेश आर्थिक रूप से उचित स्तर से करीब 50% ज्यादा हो सकता है।

अगर कंपनियों की कमाई उम्मीद से कम रही, तो कर्ज देने वाली संस्थाओं को भी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

क्या पूरी दुनिया पर पड़ेगा असर?

यूरोपियन सेंट्रल बैंक (ECB) के अर्थशास्त्रियों के मुताबिक, यूरो क्षेत्र के परिवारों का अमेरिकी टेक शेयरों में करीब 440 अरब यूरो का निवेश जोखिम से जुड़ा है।

हालांकि, मार्केट एक्सपर्ट एड यार्डेनी का मानना है कि AI में तेजी बिना किसी बड़े संकट के भी जारी रह सकती है।

ऐसे में AI सेक्टर का भविष्य काफी हद तक कंपनियों की कमाई और भारी निवेश से मिलने वाले रिटर्न पर निर्भर करेगा।

advertisement