टाइप 1 डायबिटीज के इलाज पर WHO की नई गाइडलाइन, इंसुलिन को लेकर दी नई सलाह
टाइप 1 डायबिटीज के मरीजों के इलाज को लेकर WHO ने पहली बार नई गाइडलाइन जारी की है। इसमें इंसुलिन इंजेक्शन, किफायती इलाज और ब्लड शुगर की नियमित जांच पर जोर दिया गया है।

टाइप 1 डायबिटीज के मरीजों के इलाज को लेकर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने पहली बार अलग से गाइडलाइन जारी की है। इसमें वयस्क मरीजों को दिन में कई बार इंसुलिन इंजेक्शन देने की सिफारिश की गई है। WHO ने कम कीमत वाले ह्यूमन इंसुलिन को प्राथमिकता देने की सलाह दी है, ताकि मरीजों को लंबे समय तक किफायती इलाज मिल सके।
नई गाइडलाइन में डायबिटीज की पहचान, इंसुलिन के इस्तेमाल और ब्लड शुगर की नियमित जांच को लेकर भी सिफारिशें की गई हैं। इससे पहले WHO की 2018 की गाइडलाइन में टाइप 1 डायबिटीज के इलाज से जुड़े कई पहलू शामिल नहीं थे।
दिन में कितनी बार लेना होगा इंसुलिन?
WHO के मुताबिक, टाइप 1 डायबिटीज के वयस्क मरीजों के लिए इंटेंसिव इंसुलिन थेरेपी पर विचार करना चाहिए। इसमें दिन में तीन या उससे ज्यादा बार इंसुलिन इंजेक्शन दिए जाते हैं। इंसुलिन की खुराक ब्लड शुगर के स्तर, खानपान और शारीरिक गतिविधियों के हिसाब से तय होती है।
WHO ने बताया कि इलाज में ह्यूमन इंसुलिन और इंसुलिन एनालॉग, दोनों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, कम कीमत के कारण ह्यूमन इंसुलिन को प्राथमिकता दी गई है। जरूरत पड़ने पर लंबे समय तक असर करने वाले इंसुलिन एनालॉग का विकल्प भी अपनाया जा सकता है।
भारत के मरीजों को क्या फायदा होगा?
फोर्टिस सी-डॉक हॉस्पिटल फॉर डायबिटीज एंड अलाइड साइंसेज के चेयरमैन और नेशनल डायबिटीज, ओबेसिटी एंड कोलेस्ट्रॉल फाउंडेशन के डायरेक्टर डॉ. अनूप मिश्रा ने WHO की सिफारिश का स्वागत किया है।
डॉ. मिश्रा के मुताबिक, ह्यूमन इंसुलिन ज्यादातर मरीजों में महंगे इंसुलिन एनालॉग के मुकाबले ब्लड शुगर नियंत्रित करने में समान रूप से प्रभावी हो सकता है। हालांकि, इससे ब्लड शुगर जरूरत से ज्यादा गिरने यानी हाइपोग्लाइसीमिया का खतरा कुछ अधिक हो सकता है। सही खुराक, खानपान और नियमित जांच से इस जोखिम को कम किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि भारत जैसे देश में इलाज की कीमत और इंसुलिन की लगातार उपलब्धता बेहद महत्वपूर्ण है।
ब्लड शुगर की जांच पर क्या सलाह?
WHO ने ज्यादातर वयस्क मरीजों के लिए HbA1c का लक्ष्य 7% या उससे कम रखने की सिफारिश की है। साथ ही तीन महीने तक के अंतराल पर HbA1c जांच कराने की सलाह दी है।
गाइडलाइन में फिंगर-प्रिक टेस्ट और कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग का भी जिक्र है।
भारत में डायबिटीज के कितने मरीज?
इंटरनेशनल डायबिटीज फेडरेशन के मुताबिक, 2024 में भारत में 20 से 79 साल के करीब 8.98 करोड़ लोग डायबिटीज से पीड़ित थे। इनमें सभी प्रकार की डायबिटीज शामिल हैं। वहीं, सभी आयु वर्गों में टाइप 1 डायबिटीज के करीब 9.4 लाख मरीज होने का अनुमान है।
WHO का लक्ष्य 2030 तक टाइप 1 डायबिटीज के सभी मरीजों को किफायती इंसुलिन और ब्लड शुगर जांच की सुविधा उपलब्ध कराना है।
नई गाइडलाइन 18 साल और उससे अधिक उम्र के मरीजों के लिए है। इसमें बच्चों और गर्भावस्था के दौरान डायबिटीज का इलाज शामिल नहीं है। मरीजों को अपनी इंसुलिन की खुराक डॉक्टर की सलाह के बिना नहीं बदलनी चाहिए।


