scorecardresearch

कभी लकी ड्रॉ में मिली थी ये Maruti 800, अब जीता दुनिया का बड़ा अवॉर्ड! 1983 से जुड़ी है दिलचस्प कहानी

भारत की सड़कों पर कभी आम परिवारों की पहचान रही Maruti 800 ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान हासिल किया है। साल 1983 की एक खास Maruti 800 को प्रतिष्ठित वर्ल्ड व्हीकल हेरिटेज अवॉर्ड मिला है। इस कार का रिश्ता पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और एक लकी ड्रॉ से भी जुड़ा है। जानिए कैसे यह छोटी कार भारतीय ऑटोमोबाइल इतिहास की बड़ी पहचान बन गई।

Advertisement
1983 Maruti 800 ( Image Source: FIVA)
1983 Maruti 800 ( Image Source: FIVA)

In Short

  • साल 1983 की Maruti 800 SS80 को FIVA World Vehicle Heritage Award 2026 से सम्मानित किया गया।
  • 14 दिसंबर 1983 को इंदिरा गांधी ने लकी ड्रॉ विजेता हरपाल सिंह को पहली Maruti 800 सौंपी थी।
  • पांच साल के रेस्टोरेशन के बाद ऐतिहासिक कार को Maruti Suzuki के नई दिल्ली मुख्यालय में सुरक्षित रखा गया है।

भारत की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री को नई पहचान देने वाली Maruti 800 ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। साल 1983 में लॉन्च हुई इस छोटी कार को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ा सम्मान मिला है। Maruti 800 के पहले मॉडल SS80 को Fédération Internationale des Véhicules Anciens (FIVA) ने 2026 World Vehicle Heritage Award से सम्मानित किया है। यह अवॉर्ड ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व रखने वाले वाहनों को दिया जाता है।

advertisement

1983 की Maruti 800 को मिला खास सम्मान

Maruti 800 को भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में बड़े बदलाव की शुरुआत करने वाली कार माना जाता है। इसने देश में आधुनिक, किफायती और आम परिवारों की पहुंच वाली कारों का रास्ता खोला।

आज भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल बाजार बन चुका है। इसके साथ ही देश कारों के निर्माण, विकास और निर्यात का एक प्रमुख केंद्र भी है।

इस सफर की शुरुआत में Maruti 800 की अहम भूमिका रही थी। अब इसी ऐतिहासिक योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।

इंदिरा गांधी ने सौंपी थी पहली Maruti 800 की चाबी

अवॉर्ड जीतने वाली Maruti 800 SS80 का रजिस्ट्रेशन नंबर DIA 6479 है। यह आम जनता को सौंपी गई पहली Maruti 800 थी।

14 दिसंबर 1983 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने नई दिल्ली के रहने वाले हरपाल सिंह को एक समारोह में इस कार की चाबी सौंपी थी।

हरपाल सिंह को यह कार लकी ड्रॉ के जरिए मिली थी। उन्होंने 2010 में अपने निधन तक इसे अपने पास रखा। इसके बाद 2017 में यह ऐतिहासिक कार Maruti Suzuki के पास पहुंची।

पांच साल की मेहनत से फिर बनी नई जैसी

Maruti Suzuki ने इस कार को उसके पुराने स्वरूप में वापस लाने के लिए करीब पांच साल तक रेस्टोरेशन का काम किया। कार की मरम्मत और इसे दोबारा तैयार करने के लिए भारत में बने पार्ट्स के साथ जापान से मंगाए गए पुर्जों का भी इस्तेमाल किया गया।

रेस्टोरेशन के बाद इस ऐतिहासिक Maruti 800 को नई दिल्ली स्थित कंपनी के मुख्यालय में सुरक्षित रखा गया है।

कितनी पावरफुल थी 1983 की Maruti 800?

आज की आधुनिक कारों के मुकाबले पहली Maruti 800 का इंजन छोटा था, लेकिन उस दौर में इसकी तकनीक काफी महत्वपूर्ण मानी जाती थी। इसमें 796cc का तीन-सिलेंडर, वाटर-कूल्ड पेट्रोल इंजन दिया गया था, जो करीब 39.5 BHP की पावर और 59 Nm का टॉर्क पैदा करता था।

कार में 4-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता था।

Bugatti और Mercedes जैसी कारों के साथ मिला सम्मान

FIVA World Vehicle Heritage Award की सूची में Maruti 800 के अलावा दुनिया की कई ऐतिहासिक कारें भी शामिल रहीं। इनमें फ्रांस की 1926 Bugatti Royale, साइप्रस की 1965 Mercedes-Benz 600 और ब्राजील की 1959 Romi Isetta जैसी कारें शामिल हैं।

advertisement

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान ने एक बार फिर साबित किया है कि Maruti 800 सिर्फ एक छोटी कार नहीं, बल्कि भारत के ऑटोमोबाइल इतिहास का महत्वपूर्ण हिस्सा है।