
सोने-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट! अक्टूबर 2025 के निचले स्तर पर गोल्ड, आखिर क्यों टूटे भाव?
सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट से निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। ग्लोबल मार्केट में गोल्ड अक्टूबर 2025 के बाद सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। अमेरिका में बढ़ती महंगाई और ब्याज दरों को लेकर नए संकेत मिले हैं। जानिए आखिर कीमतें क्यों टूट रही हैं और आगे क्या होगा।

In Short
- गोल्ड की कीमत 1.3% तक गिरकर करीब 3,830 डॉलर प्रति औंस पहुंची, अक्टूबर 2025 के बाद सबसे निचला स्तर।
- अमेरिका में लगातार तीसरे महीने अनुमान से ज्यादा महंगाई, फेडरल रिजर्व की ओर से ब्याज दरें बढ़ाने की आशंका।
- टेक शेयरों में भारी बिकवाली और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से सोने-चांदी की कीमतों पर दबाव।
सोने और चांदी की कीमतों में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल मार्केट में कीमती धातुओं पर दबाव बढ़ गया है। अमेरिका की महंगाई, ब्याज दरों और शेयर बाजार में आई गिरावट का असर गोल्ड और सिल्वर पर पड़ रहा है। ऐसे में सवाल है कि सोना-चांदी अचानक इतने सस्ते क्यों हो रहे हैं और आगे कीमतों पर क्या असर पड़ सकता है? आइए समझते हैं।
अक्टूबर 2025 के निचले स्तर पर पहुंचा सोना
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल मार्केट में गोल्ड की कीमत 1.3% तक गिरकर करीब 3,830 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई। यह अक्टूबर 2025 के बाद सबसे निचला स्तर है। वहीं सिल्वर की कीमत 3% से ज्यादा टूटकर पिछले साल नवंबर के बाद के सबसे निचले स्तर पर आ गई।
सिंगापुर में दोपहर 2:26 बजे स्पॉट गोल्ड 0.9% गिरकर 3,851.09 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। सिल्वर 2.7% गिरकर 47.43 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।
अमेरिका की महंगाई ने बढ़ाई परेशानी
अमेरिका में लगातार तीसरे महीने महंगाई अनुमान से ज्यादा रही है। इससे निवेशकों को लग रहा है कि अमेरिकी सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व अगले साल भी ब्याज दरें बढ़ा सकता है।फेड गवर्नर क्रिस्टोफर वॉलर ने कहा कि अगर महंगाई बढ़ती रही तो वह ब्याज दरों में आधा परसेंटेज पॉइंट की बढ़ोतरी का समर्थन करेंगे।
बॉन्ड यील्ड बढ़ने से गोल्ड पर दबाव
पिछले हफ्ते अमेरिका की दो साल की ट्रेजरी यील्ड 33 बेसिस पॉइंट बढ़ गई। वहीं 10 साल की बॉन्ड यील्ड दोबारा 5% के ऊपर पहुंच गई।दरअसल, बॉन्ड पर ज्यादा रिटर्न मिलने से गोल्ड का आकर्षण कम हो जाता है, क्योंकि सोने में निवेश करने पर ब्याज नहीं मिलता।
टेक शेयरों की गिरावट भी बनी वजह
ग्लोबल शेयर बाजार में टेक्नोलॉजी कंपनियों के शेयरों में बिकवाली बढ़ी है। खासकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़े निवेश को लेकर चिंता बनी हुई है।

शेयरों में नुकसान की भरपाई के लिए कुछ निवेशक गोल्ड बेच रहे हैं। इससे सोने की कीमतों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
फेड अधिकारियों के बयान से बढ़ी चिंता
कैनसस सिटी फेड के प्रेसिडेंट जेफ श्मिड ने रविवार देर रात कहा कि महंगाई अभी भी काफी ज्यादा है और इसे काबू करने के लिए फेड को और कदम उठाने होंगे।
एनर्जी की बढ़ती कीमतें भी अमेरिका में महंगाई को ऊंचा बनाए हुए हैं।
अब निवेशकों की नजर किस पर?
इस हफ्ते फेड की अक्टूबर मीटिंग के मिनट्स और अधिकारियों के भाषणों पर निवेशकों की नजर रहेगी। फेड चेयर केविन वॉर्श भी सोमवार को बयान देने वाले हैं।
MKS PAMP SA की रिसर्च और मेटल्स स्ट्रैटेजी हेड निकी शील्स के मुताबिक, ब्याज दरें कब तक बढ़ेंगी, इसे लेकर अनिश्चितता निवेशकों को गोल्ड से दूर रख सकती है।
इस बीच प्लेटिनम और पैलेडियम भी गिरे, जबकि ब्लूमबर्ग डॉलर स्पॉट इंडेक्स 0.1% चढ़ गया।
