scorecardresearch

हेल्थ इंश्योरेंस होने के बाद भी इलाज पर मोटा खर्च, जानिए क्या कहती है सरकार की नई रिपोर्ट

भारत में हेल्थ इंश्योरेंस का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और सरकार भी इलाज पर पहले से ज्यादा खर्च कर रही है। इसके बावजूद आम लोगों को अस्पताल और इलाज के लिए अपनी जेब से मोटी रकम चुकानी पड़ रही है। जानिए हेल्थकेयर खर्च के नए आंकड़े क्या बताते हैं।

Advertisement

In Short

  • भारत के कुल हेल्थकेयर खर्च में प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस की हिस्सेदारी 3.4% से बढ़कर 10.2% हुई।
  • साल 2023-24 में लोगों ने इलाज के लिए अपनी जेब से ₹4.06 लाख करोड़ खर्च किए।
  • सरकारी हेल्थकेयर खर्च 10 साल में ₹1.30 लाख करोड़ से बढ़कर ₹4.14 लाख करोड़ पहुंचा।

भारत में इलाज का खर्च उठाने के लिए अब पहले के मुकाबले हेल्थ इंश्योरेंस की भूमिका बढ़ रही है। सरकार भी हेल्थकेयर पर ज्यादा पैसा खर्च कर रही है। इसके बावजूद अस्पताल और इलाज के दूसरे खर्चों के लिए लोगों को अपनी जेब से बड़ी रकम चुकानी पड़ रही है। नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (NHA) की नई रिपोर्ट में हेल्थ इंश्योरेंस, सरकारी खर्च और आम लोगों की जेब पर पड़ने वाले बोझ को लेकर कई अहम आंकड़े सामने आए हैं। आइए जानते हैं कि देश में इलाज पर कितना पैसा खर्च हो रहा है और इसमें किसकी कितनी हिस्सेदारी है।

advertisement

हेल्थ इंश्योरेंस पर खर्च तीन गुना

नेशनल हेल्थ अकाउंट्स (NHA) के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023-24 में देश के कुल हेल्थकेयर खर्च में प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस की हिस्सेदारी 10.2% पहुंच गई। साल 2013-14 में यह सिर्फ 3.4% थी। यानी 10 साल में इसकी हिस्सेदारी तीन गुना हो गई। साल 2023-24 में प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस के जरिए कुल ₹97,167 करोड़ खर्च किए गए।

कंपनी वाले इंश्योरेंस की हिस्सेदारी ज्यादा

प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस के ₹97,167 करोड़ के खर्च में से ₹55,666 करोड़ एम्प्लॉयर ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस के जरिए खर्च हुए। यह वह इंश्योरेंस है जो कंपनियां अपने कर्मचारियों को देती हैं। वहीं इंडिविजुअल हेल्थ इंश्योरेंस के जरिए ₹41,501 करोड़ खर्च हुए। ये आंकड़े इंश्योरेंस के जरिए हुए इलाज के खर्च को दिखाते हैं, न कि प्रीमियम कलेक्शन या इंश्योरेंस लेने वाले लोगों की संख्या को।

सरकारी हेल्थ इंश्योरेंस पर कितना खर्च?

वित्त वर्ष 2023-24 में सरकारी फंड से चलने वाली हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम्स के जरिए ₹33,385 करोड़ खर्च हुए। इसके मुकाबले प्राइवेट हेल्थ इंश्योरेंस के जरिए ₹97,167 करोड़ खर्च किए गए। यानी प्राइवेट इंश्योरेंस का खर्च करीब तीन गुना रहा। सरकार के मुताबिक, इंश्योरेंस का दायरा बढ़ने और सरकारी खर्च में बढ़ोतरी से लोगों को इलाज के खर्च से बेहतर फाइनेंशियल प्रोटेक्शन मिल रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इलाज के लिए जेब से ₹4.06 लाख करोड़ खर्च

इंश्योरेंस बढ़ने के बावजूद लोगों ने 2023-24 में इलाज के लिए अपनी जेब से ₹4.06 लाख करोड़ खर्च किए। इसे आउट ऑफ पॉकेट एक्सपेंडिचर (OOPE) कहा जाता है। यह देश के कुल ₹9.52 लाख करोड़ हेल्थकेयर खर्च का 42.7% था। यानी इलाज के खर्च का सबसे बड़ा हिस्सा अब भी सीधे लोगों की जेब से जा रहा है।

10 साल में कितना कम हुआ बोझ?

साल 2013-14 में कुल हेल्थकेयर खर्च का 64.2% लोग अपनी जेब से चुका रहे थे। यह हिस्सेदारी 2023-24 में घटकर 42.7% रह गई। हालांकि बीच में इसमें उतार-चढ़ाव भी आया। साल 2021-22 में यह 39.4% थी, जो 2022-23 में बढ़कर 43.4% हो गई। इसके बाद 2023-24 में दोबारा गिरावट दर्ज हुई।

advertisement

सरकार ने हेल्थकेयर पर कितना पैसा खर्च किया?

सरकार का हेल्थकेयर खर्च 2013-14 के ₹1.30 लाख करोड़ से बढ़कर 2023-24 में ₹4.14 लाख करोड़ पहुंच गया। कुल हेल्थकेयर खर्च में सरकार की हिस्सेदारी भी 28.6% से बढ़कर 43.5% हो गई।

इन आंकड़ों से साफ है कि हेल्थ इंश्योरेंस और सरकारी खर्च दोनों बढ़े हैं, लेकिन आम लोगों को इलाज के लिए अब भी अपनी जेब से बड़ी रकम चुकानी पड़ रही है।

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।