scorecardresearch

FD निवेशकों को मिल सकती है खुशखबरी! बैंक फिर बढ़ा सकते हैं ब्याज दरें, जानिए क्या है वजह

फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश करने वालों के लिए आने वाले दिनों में बेहतर कमाई का मौका बन सकता है। बैंकिंग सिस्टम में बदलते हालात के बीच ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जानिए निवेशकों को अभी FD करानी चाहिए या बेहतर ब्याज का इंतजार करना चाहिए।

Advertisement

In Short

  • बैंकों में नकदी की कमी से बढ़ सकता है FD का ब्याज
  • सीनियर सिटीजंस को मिल रहा 8.60 फीसदी तक ब्याज
  • FD लैडरिंग से निवेशकों को मिल सकता है फायदा

अगर आप फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में निवेश करने की सोच रहे हैं तो आने वाला समय आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। देश के बैंकिंग सिस्टम में नकदी की कमी के चलते बैंकों के बीच ग्राहकों की जमा पूंजी जुटाने की होड़ बढ़ सकती है। ऐसे में जानना जरूरी है कि बैंक FD पर ब्याज दरें क्यों बढ़ा सकते हैं, फिलहाल कहां कितना ब्याज मिल रहा है और निवेशकों को क्या करना चाहिए।

advertisement

क्या बढ़ सकती हैं FD की ब्याज दरें?

एक्सिस बैंक रिसर्च की 27 नवंबर की ‘लो टाइड अलर्ट’ रिपोर्ट के मुताबिक, बैंकिंग सिस्टम में लिक्विडिटी की मामूली कमी है। बैंकों की नॉन-फूड क्रेडिट ग्रोथ करीब 19 फीसदी है, जबकि डिपॉजिट ग्रोथ 16-17 फीसदी है। यानी जमा रकम के मुकाबले लोन की मांग तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में बैंक ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए FD की ब्याज दरें बढ़ा सकते हैं या स्पेशल FD स्कीम लॉन्च कर सकते हैं।

बैंकों के पास क्यों घट रही है नकदी?

रिपोर्ट के मुताबिक, ड्यूरेबल लिक्विडिटी कुल नेट डिमांड एंड टाइम लायबिलिटीज (NDTL) के 5 फीसदी से घटकर 2.2 फीसदी रह गई है। त्योहारी सीजन में नकदी की बढ़ती मांग, विदेशी मुद्रा बाजार में RBI के हस्तक्षेप और RBI के पास सरकार की ज्यादा नकदी जमा होने से लिक्विडिटी पर दबाव बढ़ा है। बैंकों के सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (CD) का वॉल्यूम भी करीब 6 लाख करोड़ रुपये है।

सरकारी और प्राइवेट बैंकों में कितना ब्याज?

25 नवंबर 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, SBI सामान्य ग्राहकों को अधिकतम 6.45 फीसदी ब्याज दे रहा है। HDFC बैंक, ICICI बैंक और एक्सिस बैंक 6.60 फीसदी, PNB और कोटक महिंद्रा बैंक 6.80 फीसदी, बैंक ऑफ बड़ौदा 6.85 फीसदी, यस बैंक 7.50 फीसदी और DCB बैंक 7.75 फीसदी तक ब्याज दे रहे हैं। DCB बैंक में सीनियर सिटीजंस को 8.25 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

यहां मिल रहा 8.60 फीसदी तक ब्याज

स्मॉल फाइनेंस बैंकों में सूर्योदय सामान्य ग्राहकों को 8.25 फीसदी, जबकि उज्जीवन और उत्कर्ष 8.10 फीसदी तक ब्याज दे रहे हैं। सीनियर सिटीजंस को उज्जीवन में 8.60 फीसदी, जबकि सूर्योदय, यूनिटी और उत्कर्ष में 8.50 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है।

NBFC की FD में कितना रिटर्न?

बजाज फाइनेंस सामान्य ग्राहकों को 7.75 फीसदी, महिंद्रा फाइनेंस 7.80 फीसदी और श्रीराम फाइनेंस 7.85 फीसदी तक ब्याज दे रही है। सीनियर सिटीजंस के लिए श्रीराम फाइनेंस में अधिकतम ब्याज दर 8.35 फीसदी है।

अभी करें निवेश या इंतजार?

निवेशक FD लैडरिंग की रणनीति अपना सकते हैं। इसके तहत पूरी रकम एक साथ निवेश करने के बजाय एक, दो और तीन साल की अलग-अलग FD कर सकते हैं। इससे भविष्य में ब्याज दरें बढ़ने का फायदा मिल सकता है। हालांकि, निवेशकों को ज्यादा ब्याज की उम्मीद में निवेश टालने से बचना चाहिए। साथ ही बैंक डिपॉजिट पर मूलधन और ब्याज मिलाकर प्रति जमाकर्ता प्रति बैंक 5 लाख रुपये की डिपॉजिट इंश्योरेंस लिमिट का भी ध्यान रखना चाहिए।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।