वंदे भारत एक्सप्रेस के खाने में लापरवाही का दावा, IRCTC ने दिए सख्त निर्देश
वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री के साथ ऐसा वाकया हुआ, जिसने ट्रेन में मिलने वाले खाने की क्वालिटी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्री ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं। जानिए क्या है पूरा मामला और IRCTC ने क्या कार्रवाई की है।

In Short
- वंदे भारत में वड़े के अंदर लोहे का बोल्ट मिलने का दावा
- यात्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
- कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ IRCTC का एक्शन
ट्रेन में सफर के दौरान यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए भारतीय रेलवे लगातार काम कर रहा है। खासकर वंदे भारत एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर सफर के साथ अच्छी क्वालिटी का खाना देने पर भी जोर दिया जाता है। हालांकि, अब वंदे भारत एक्सप्रेस से जुड़ा एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने ट्रेन में परोसे जाने वाले खाने की क्वालिटी और फूड सेफ्टी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले पर रेलवे की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है।
वड़े में मिला लोहे का बड़ा बोल्ट
बेंगलुरु से बेलगावी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री ने खाने में लोहे का बड़ा बोल्ट मिलने का दावा किया है। यात्री को ट्रेन में खाने के साथ वड़ा परोसा गया था। इस घटना के सामने आने के बाद इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (IRCTC) ने यात्री से माफी मांगी है। साथ ही संबंधित कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
यात्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
यह मामला शनिवार, 28 नवंबर 2026 को सामने आया। समर्थ कोडियाल नाम के यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर खाने की तस्वीरें और वीडियो शेयर किया। इनमें वड़ा दो टुकड़ों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है, जिसके पास लोहे का एक बड़ा बोल्ट रखा हुआ है।
खाने की क्वालिटी पर उठाए सवाल
समर्थ कोडियाल ने अपने पोस्ट में बताया कि बेंगलुरु से बेलगावी तक वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर के दौरान उन्हें परोसे गए वड़े में एक बड़ा बोल्ट मिला। उन्होंने इसे खाने की क्वालिटी में बड़ी लापरवाही बताया। साथ ही रेलवे अधिकारियों को टैग करते हुए मामले की जांच करने की मांग की।
IRCTC ने मांगी माफी
यात्री की शिकायत पर प्रतिक्रिया देते हुए IRCTC ने असुविधा के लिए खेद जताया। IRCTC ने कहा कि इस घटना को गंभीरता से लेते हुए ट्रेन में खाना उपलब्ध कराने वाले संबंधित सर्विस प्रोवाइडर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है। हालांकि, किस तरह की कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
किचन स्टाफ को दिए सख्त निर्देश
IRCTC ने बताया कि किचन में काम करने वाले कर्मचारियों को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) यानी खाना तैयार करने से जुड़े तय नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया है।
खाना बनाने से पहले होगी उपकरणों की जांच
IRCTC ने संबंधित अधिकारियों को किचन यूनिट की पूरी जांच करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा खाना तैयार करने से पहले किचन में इस्तेमाल होने वाले सभी उपकरणों की अच्छी तरह जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। इन कदमों का मकसद भविष्य में इस तरह की घटनाओं को दोबारा होने से रोकना है।


