scorecardresearch

AI का रियल एस्टेट मार्केट पर दिखेगा असर, बदल सकती हैं कंपनियों की ऑफिस से जुड़ी जरूरतें

AI का बढ़ता इस्तेमाल अब कमर्शियल रियल एस्टेट मार्केट की तस्वीर भी बदल सकता है। कंपनियों की बदलती जरूरतों के बीच ऑफिस स्पेस को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। ऐसे में सवाल है कि आने वाले वर्षों में किस तरह की प्रॉपर्टी की मांग बढ़ेगी और किनकी मुश्किलें बढ़ेंगी?

Advertisement

In Short

  • 2030 तक एशिया-पैसिफिक में ऑफिस स्पेस का इस्तेमाल 13% बढ़ने का अनुमान
  • प्रीमियम और ग्रेड A ऑफिस की बढ़ सकती है मांग
  • पुरानी कमर्शियल प्रॉपर्टी के लिए बढ़ सकती हैं चुनौतियां

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर अब भारत के कमर्शियल रियल एस्टेट मार्केट पर भी देखने को मिल सकता है। कंपनियां अपने कर्मचारियों के काम करने के तरीके, टेक्नोलॉजी और ऑफिस की जरूरतों में बदलाव कर रही हैं। ऐसे में आने वाले वर्षों में ऑफिस स्पेस की मांग और सुविधाओं को लेकर बाजार की तस्वीर बदल सकती है।

advertisement

ऑफिस स्पेस की मांग में 13 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान

CBRE रिसर्च की अक्टूबर 2026 की रिपोर्ट के मुताबिक, अगर AI का नौकरियों पर मध्यम स्तर का असर पड़ता है तो 2026 से 2030 के बीच एशिया-पैसिफिक क्षेत्र में ऑफिस आधारित नौकरियों में 9 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, इस्तेमाल होने वाले ऑफिस स्पेस में 13 फीसदी की वृद्धि का अनुमान है। यानी AI के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद ऑफिस की मांग बढ़ सकती है।

पुरानी कमर्शियल प्रॉपर्टी के लिए बढ़ेगी चुनौती

श्याम ग्रुप-धोलेरा SIR के डायरेक्टर हार्दिक शाह ने बिजनेस टुडे को बताया कि बेंगलुरु, हैदराबाद, गुरुग्राम और मुंबई में कंपनियां आधुनिक सुविधाओं, टेक्नोलॉजी और टीम के साथ काम करने के लिए बेहतर ऑफिस स्पेस में निवेश जारी रखेंगी। ऐसे में पुरानी कमर्शियल प्रॉपर्टी की मांग घटने का जोखिम बढ़ सकता है।

प्रीमियम ऑफिस की क्यों बढ़ेगी मांग?

AI रोजमर्रा के कई कामों को ऑटोमेट कर सकता है। ऐसे में कंपनियां बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली की निर्बाध सप्लाई और फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस को प्राथमिकता दे सकती हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

पावरप्ले के को-फाउंडर ईश दीक्षित के मुताबिक, AI ऑफिस की जरूरत खत्म नहीं करेगा, बल्कि सामान्य सुविधाओं वाले ऑफिस की मांग को प्रभावित करेगा। कंपनियों को कम सीटों की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन हर सीट से ज्यादा प्रोडक्टिविटी की उम्मीद होगी। पुराने ऑफिस के मालिकों को अपनी बिल्डिंग अपग्रेड करनी पड़ सकती है। इसके लिए लागत का सही अनुमान, समय पर मटेरियल की डिलीवरी और वेंडर्स को भुगतान भी जरूरी होगा।

टीमवर्क पर बढ़ेगा कंपनियों का फोकस

टेबल स्पेस के चीफ इन्फॉर्मेशन एंड टेक्नोलॉजी ऑफिसर अश्विन चंद्रशेखर के मुताबिक, AI के बढ़ते इस्तेमाल के साथ टीमवर्क, फैसले लेने और ग्राहकों की समस्याएं सुलझाने में ऑफिस की भूमिका बढ़ेगी। टेबल स्पेस अपने AI प्लेटफॉर्म 'मार्केट रडार' के जरिए प्रॉपर्टी खरीदने, बिक्री और ऑफिस के इंटीरियर से जुड़े कामों को बेहतर बना रही है।

2030 तक कैसी रहेगी ऑफिस मार्केट की तस्वीर?

CBRE के मुताबिक, अगर AI की वजह से नौकरियां प्रभावित नहीं होती हैं तो 2026 से 2030 के बीच एशिया-पैसिफिक में ऑफिस आधारित नौकरियों में 14 फीसदी की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं, तेजी से नौकरियां प्रभावित होने की स्थिति में यह ग्रोथ 2 फीसदी रह सकती है।

advertisement

रिपोर्ट के अनुसार, 2028 में तैयार होने वाला नया ऑफिस स्पेस 2027 के अंत तक मौजूद कुल ऑफिस स्पेस का 3.2 फीसदी रहने का अनुमान है, जबकि 2019 में यह अनुपात 5.3 फीसदी था। नई सप्लाई की धीमी रफ्तार से खाली पड़े ऑफिस स्पेस की समस्या कम हो सकती है, हालांकि इसका असर अलग-अलग शहरों में अलग होगा।