
आपके म्यूचुअल फंड का पैसा कहां लग रहा है? अप्रैल में बदले निवेश के बड़े ट्रेंड्स आए सामने
अप्रैल 2026 में म्यूचुअल फंड्स ने अपने निवेश पोर्टफोलियो में बड़े बदलाव किए हैं। कुछ सेक्टर्स और शेयरों में जोरदार खरीदारी हुई, जबकि कई बड़े नामों में बिकवाली देखने को मिली। रिपोर्ट में ऐसे संकेत मिले हैं जो आने वाले बाजार ट्रेंड्स और निवेशकों की बदलती रणनीति की ओर इशारा करते हैं।

Mutual Fund: निवेशकों का पैसा म्यूचुअल फंड हाउस कहां-कहां लगा रहे हैं इसकी जानकारी Ambit Capital की लेटेस्ट रिपोर्ट में मिली है। बिजनेस टुडे के रिपोर्ट के मुताबिक घरेलू म्यूचुअल फंड्स ने अप्रैल 2026 में अपने पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव किया।
Ambit Capital की रिपोर्ट 'Strategy: MF Activity Tracker - Dissecting MF Portfolio: Where’s the Flow?' के अनुसार फंड हाउसेज ने बैंकिंग, FMCG और हेल्थकेयर सेक्टर में निवेश बढ़ाया, जबकि ऑटो, यूटिलिटी और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में बिकवाली की है।
रिपोर्ट के अनुसार BFSI, FMCG और हेल्थकेयर सेक्टर में सबसे ज्यादा खरीदारी हुई। वहीं साल 2026 में अब तक BFSI, टेलीकॉम और न्यू-एज टेक्नोलॉजी सेक्टर सबसे ज्यादा निवेश आकर्षित करने वाले सेक्टर रहे हैं। इससे साफ है कि निवेशकों का झुकाव अब भी फाइनेंशियल और टेक्नोलॉजी थीम्स की ओर बना हुआ है।

IT सेक्टर का वजन घटा, कैपिटल गुड्स बढ़ा
म्यूचुअल फंड पोर्टफोलियो में कैपिटल गुड्स सेक्टर का वेट सबसे ज्यादा 78 बेसिस प्वाइंट बढ़ा। इसके अलावा यूटिलिटी और FMCG सेक्टर का हिस्सा भी बढ़ा।
वहीं IT सेक्टर का वेट 60 बेसिस प्वाइंट घटा। हेल्थकेयर और ऑयल एंड गैस सेक्टर में भी हिस्सेदारी कम हुई। रिपोर्ट के मुताबिक यह बदलाव फंड मैनेजरों की सक्रिय रणनीति और बाजार प्रदर्शन दोनों का असर है।
किन शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी?
बड़े शेयरों में Eternal सबसे ज्यादा खरीदा गया। म्यूचुअल फंड्स ने कंपनी के कुल बकाया शेयरों का करीब 0.9 फीसदी खरीदा।
मिडकैप में Poonawalla Fincorp सबसे आगे रहा, जहां 4.2 फीसदी शेयर खरीदे गए। स्मॉलकैप में Indraprastha Gas Limited में सबसे ज्यादा खरीदारी हुई।
इसके अलावा ICICI Bank, State Bank of India, Adani Ports and Special Economic Zone और Max Healthcare Institute में भी मजबूत खरीदारी देखने को मिली।
इन शेयरों में हुई बिकवाली
बिकवाली वाले शेयरों में Wipro, Mahindra & Mahindra Financial Services और Apollo Pipes प्रमुख रहे। वैल्यू के हिसाब से Wipro, Bajaj Auto, NTPC और Jio Financial Services सबसे ज्यादा बिकने वाले शेयरों में शामिल रहे।
Flexi-cap फंड्स में सबसे ज्यादा पैसा
अप्रैल में फ्लेक्सी-कैप फंड्स में सबसे ज्यादा 101 अरब रुपये का निवेश आया। इसके बाद स्मॉलकैप फंड्स में 69 अरब रुपये और मिडकैप फंड्स में 66 अरब रुपये का निवेश हुआ।
हालांकि SIP निवेश में थोड़ी नरमी दिखी। SIP इनफ्लो घटकर 311 अरब रुपये रह गया, लेकिन कुल इक्विटी इनफ्लो मामूली बढ़कर 434 अरब रुपये पहुंच गया।
इक्विटी फंड्स की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही
रिपोर्ट के मुताबिक म्यूचुअल फंड इंडस्ट्री में बड़ा स्ट्रक्चरल बदलाव भी जारी है। अप्रैल 2020 से अब तक कुल AUM में इक्विटी फंड्स की हिस्सेदारी 36 फीसदी से बढ़कर 52 फीसदी हो गई है। वहीं डेट फंड्स की हिस्सेदारी 55 फीसदी से घटकर 28 फीसदी रह गई।

