रूस के स्बेरबैंक ने रिटेल निवेशकों के लिए लॉन्च किया निफ्टी50 से जुड़ा 'First-India' म्यूचुअल फंड - Details
First-India फंड, रूसी रिटेल निवेशकों को भारत के बेंचमार्क निफ्टी50 इंडेक्स से जुड़ा निवेश एक्सपोजर देगा। यह ऐलान स्बेरबैंक के सीईओ और एग्जिक्यूटिव बोर्ड चेयरमैन हरमन ग्रेफ की भारत यात्रा के दौरान एनएसई में आयोजित एक कार्यक्रम में हुआ।

Mutual Fund: रूस के सबसे बड़े बैंक स्बेरबैंक (Sberbank) ने जेएससी फर्स्ट एसेट मैनेजमेंट (JSC First Asset Management) के साथ मिलकर नया म्यूचुअल फंड First-India लॉन्च किया है, जो रूसी रिटेल निवेशकों को भारत के बेंचमार्क निफ्टी50 इंडेक्स से जुड़ा निवेश एक्सपोजर देगा। यह ऐलान स्बेरबैंक के सीईओ और एग्जिक्यूटिव बोर्ड चेयरमैन हरमन ग्रेफ की भारत यात्रा के दौरान एनएसई में आयोजित एक कार्यक्रम में हुआ।
First- India फंड सीधे निफ्टी50 के प्रदर्शन को ट्रैक करेगा, जिसमें भारत की सबसे बड़ी 50 कंपनियां शामिल हैं। भारत में फिलहाल 45 से ज्यादा पैसिव फंड निफ्टी50 को ट्रैक करते हैं, जबकि विदेशों में भी 22 पैसिव फंड इसी इंडेक्स को बेंचमार्क बनाते हैं।
एनएसई के एमडी और सीईओ आशीषकुमार चौहान ने इस लॉन्च का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि हम निफ्टी50 से जुड़े इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशंस लॉन्च करने में स्बेरबैंक को सहयोग देकर खुश हैं, जो कैपिटल फ्लो मजबूत करेंगे और भारतीय बाजार की ग्रोथ को रूसी निवेशकों तक पहुंचाएंगे। यह पहल भारत के बाजारों पर गहरे भरोसे और भारत-रूस वित्तीय सहयोग के विस्तार को दर्शाती है। उन्होंने आगे कहा कि एनएसई मार्केट कनेक्टिविटी बढ़ाने, रेग्युलेटरी और निवेशक-सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और इन उत्पादों में लिक्विडिटी व पारदर्शिता बनाने के लिए स्बेरबैंक के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्बेरबैंक के हरमन ग्रेफ ने कहा कि यह कदम उन रूसी निवेशकों की पुरानी जरूरत पूरी करेगा, जिन्हें भारतीय बाजारों में सीधे निवेश का रास्ता नहीं मिल पाया था। उन्होनें कहा कि हम अपने रूसी ग्राहकों के लिए निवेश का एक और नया दरवाजा खोल रहे हैं। यह नया प्रोडक्ट भारतीय शेयर बाजार- जो दुनिया के प्रमुख आर्थिक बाजारों में से एक है- में एक्सपोजर पाने का आसान तरीका देता है।

