म्यूचुअल फंड में नए निवेशक करते हैं ये सबसे बड़ी गलती! एक्सपर्ट से जानिए क्या है सही तरीका
म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू करने को लेकर ज्यादातर लोग एक ऐसी गलती कर बैठते हैं, जो लंबे समय में उनके रिटर्न पर बड़ा असर डाल सकती है। एक मार्केट एक्सपर्ट ने नए निवेशकों के लिए ऐसी सलाह दी है, जो निवेश का नजरिया बदल सकती है। आखिर कौन सी गलती से बचना चाहिए और शुरुआत कैसे करनी चाहिए? जानिए पूरी खबर।

In Short
- Value Research के CEO धीरेंद्र कुमार के अनुसार, म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू करने वालों की सबसे बड़ी गलती सही समय का इंतजार करना है।
- एक्सपर्ट ने सलाह दी कि नए निवेशक बाजार में गिरावट का इंतजार करने के बजाय SIP के जरिए जल्द निवेश शुरू करें।
- युवा निवेशकों के लिए इंडेक्स, फ्लेक्सी-कैप और स्मॉल-कैप फंड, जबकि नए और सतर्क निवेशकों के लिए एग्रेसिव हाइब्रिड फंड बेहतर शुरुआती विकल्प हो सकते हैं।
Mutual Fund: अगर आप पहली बार म्यूचुअल फंड में निवेश करने वाले हैं तो आपके लिए यह खबर काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। बिजनेस टुडे के एक शो में सीनियर एंकर शैलेंद्र भटनागर के सवालों का जवाब देते हुए Value Research के सीईओ धीरेंद्र कुमार ने बताया कि म्यूचुअल फंड में निवेश शुरू करने वालों के लिए सबसे बड़ी गलती सही समय का इंतजार करना हो सकती है।
बाजार के उतार-चढ़ाव, संभावित करेक्शन या ‘सबसे बेहतर’ फंड की तलाश में कई निवेशक शुरुआत ही नहीं कर पाते। एक्सपर्ट ने कहा कि निवेश में सफलता का पहला नियम है- जल्दी शुरुआत करना और लगातार बने रहना।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बाजार के उतार-चढ़ाव में भी हाइब्रिड फंड देता है स्थिरता! जानिए क्या सच में है ये रिस्क फ्री
Value Research के सीईओ धीरेंद्र कुमार ने बताया कि 20 और 30 की उम्र के युवा कमाई शुरू करते ही निवेश की आदत डालें, क्योंकि लंबी अवधि में समय का फायदा किसी भी मार्केट टाइमिंग से ज्यादा अहम होता है।
सही समय का इंतजार नहीं, SIP की शुरुआत जरूरी
एक्सपर्ट के अनुसार, हर महीने 5,000 से 10,000 रुपये बचाने वाले निवेशकों को बाजार में अगले करेक्शन या गिरावट का इंतजार नहीं करना चाहिए। उनकी सलाह है कि निवेशक छोटे कदम से शुरुआत करें और SIP के जरिए निवेश जारी रखें।
शुरुआत में इन फंड्स में लगा सकते हैं पैसा
एक्सपर्ट ने स्मॉल-कैप फंड, इंडेक्स फंड और फ्लेक्सी-कैप फंड को शुरुआती ऑप्शन के लिए बेहतर बनाया है। हालांकि धीरेंद्र कुमार ने किसी एक खास फंड को नहीं चुना है बल्कि निवेश की आदत विकसित करने पर जोर दिया। एक्सपर्ट का मानना है कि कम से कम एक साल तक रोजाना बाजार की चाल देखने या रिटर्न को लेकर चिंता करने से बचना चाहिए।
देर से शुरुआत करने वालों के लिए अलग सलाह
उन निवेशकों के लिए जो 30 के दशक के अंत या 40 की उम्र में पहली बार इक्विटी निवेश पर विचार कर रहे हैं और अब तक फिक्स्ड डिपॉजिट, रिकरिंग डिपॉजिट या पीएफ जैसे ऑप्शन तक सीमित रहे हैं, एक्सपर्ट ने ऐसे निवेशकों के लिए अधिक संतुलित दृष्टिकोण सुझाया है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: बाजार गिरने पर भी कम हो सकता है नुकसान! जानिए Balanced Advantage Fund के फायदे और नुकसान
एक्सपर्ट ने कहा कि ऐसे निवेशक अक्सर शेयर बाजार के जोखिम से डरते हैं। इसलिए उनके लिए एग्रेसिव हाइब्रिड फंड बेहतर शुरुआती विकल्प हो सकते हैं। इनमें इक्विटी और डेट दोनों का मिश्रण होता है, जिससे जोखिम कंट्रोल रहता है और निवेशक बाजार के उतार-चढ़ाव के साथ सहज हो पाते हैं।

