
पैकेटबंद खाने में कितनी है चीनी, नमक और फैट की मात्रा? सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को दिए अहम निर्देश
पैकेटबंद खाने-पीने की चीजों पर दी जाने वाली जानकारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश जारी किए हैं। कोर्ट ने FSSAI से खाद्य पदार्थों में मौजूद चीनी, नमक और फैट से जुड़े मानकों की दोबारा समीक्षा करने को कहा है। जानिए अब खाने के पैकेट पर क्या-क्या बदलाव देखने को मिलेंगे।

In Short
- पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के चेतावनी लेबल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने दिए अहम निर्देश।
- चीनी और सैचुरेटेड फैट की मात्रा तय करने के मानकों की होगी दोबारा समीक्षा।
- ज्यादा चीनी, नमक और फैट वाले खाद्य पदार्थों पर लगेंगे अलग-अलग चेतावनी लेबल।
पैकेटबंद खाने-पीने की चीजों पर दी जाने वाली जानकारी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने अहम निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने गुरुवार को भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) से कहा कि पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के चेतावनी लेबल पर सिर्फ अलग से मिलाई गई चीनी और फैट की बजाय कुल चीनी, सैचुरेटेड फैट और नमक की जानकारी दी जानी चाहिए।
बार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने पैकेटबंद खाद्य पदार्थों के सामने वाले हिस्से पर लगाए जाने वाले न्यूट्रिशन लेबल (Front-of-Pack Nutrition Labelling) को लेकर कई निर्देश जारी किए हैं।
दोबारा तय करनी होगी चीनी और फैट की सीमा
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया है कि खाद्य पदार्थों में चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा तय करने के मानकों की दोबारा समीक्षा की जाए। नए मानक कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट की मात्रा के आधार पर तय किए जाएं।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि डायटरी गाइडलाइंस फॉर इंडिया (DGI) 2024 की टेबल 15.1 में दिए गए मानकों को नहीं अपनाया जाना चाहिए, क्योंकि इन्हें अलग से मिलाई गई चीनी और फैट के आधार पर तैयार किया गया था। कोर्ट ने कहा कि इनकी सीमा न तो बहुत ज्यादा होनी चाहिए और न ही बहुत कम।

चीनी, नमक और फैट के लिए होंगे अलग-अलग लेबल
सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी लेबल के डिजाइन को लेकर भी निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि चीनी, नमक और फैट के लिए अलग-अलग छह कोनों वाले निशान (Hexagon) का इस्तेमाल किया जाए।
इन निशानों में तय किए गए चित्र के साथ 'HIGH FAT', 'HIGH SUGAR' या 'HIGH SALT' लिखा होना चाहिए। कोर्ट ने एक ही निशान में कई चेतावनियां शामिल करने से मना किया है।
कॉरपोरेट दबाव को लेकर कोर्ट ने उठाए थे सवाल
यह निर्देश एक जनहित याचिका की सुनवाई के दौरान दिए गए हैं। याचिका में पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर नमक, चीनी और फैट की मात्रा को लेकर चेतावनी लेबल लगाने की मांग की गई थी।
इससे पहले हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI के रवैये पर नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने सवाल उठाया था कि क्या नियामक आम लोगों और खासकर बच्चों की सेहत को प्राथमिकता देने के बजाय कॉरपोरेट दबाव में काम कर रहा है।
क्या था FSSAI का प्रस्ताव?
FSSAI ने 28 अगस्त को हलफनामा दाखिल कर लाल रंग के छह कोनों वाले चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव दिया था। इसमें अलग से मिलाए गए सैचुरेटेड फैट, चीनी और नमक में से दो या उससे ज्यादा की मात्रा अधिक होने पर चेतावनी देने की बात कही गई थी।
इसके अलावा ज्यादा मीठे पेय पदार्थों पर 'HIGHLY SWEETENED BEVERAGE' लिखने का भी प्रस्ताव था। FSSAI ने ड्राफ्ट नियम जारी करने और संबंधित पक्षों से सुझाव मांगने के चार महीने के भीतर नियम लागू करने का प्रस्ताव रखा था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस प्रस्ताव की कमियों पर सवाल उठाते हुए अब विस्तृत निर्देश जारी किए हैं।


