scorecardresearch

क्या और सस्ता होगा हेल्थ इंश्योरेंस? डॉ. देवी शेट्टी ने ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस से 18% GST हटाने की उठाई मांग

हेल्थ इंश्योरेंस को और किफायती बनाने के लिए नारायणा हेल्थ के संस्थापक डॉ. देवी शेट्टी ने सरकार के सामने एक अहम मांग रखी है। उनका मानना है कि कुछ बदलावों से बीमा और इलाज का खर्च कम किया जा सकता है। जानिए उनकी मांग क्या है और इससे किन लोगों को फायदा होगा।

Advertisement

In Short

  • ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस पर 18 फीसदी जीएसटी हटाने की मांग
  • असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों को मिल सकता है सस्ते बीमा का फायदा
  • मिडिल क्लास के लिए किफायती इलाज वाले अस्पताल खोलने की योजना

नारायणा हेल्थ के संस्थापक डॉ. देवी शेट्टी ने ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस पर लगने वाले 18 फीसदी जीएसटी को हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस टैक्स की वजह से असंगठित क्षेत्र और गिग इकोनॉमी में काम करने वाले लोगों तक किफायती स्वास्थ्य बीमा पहुंचाना मुश्किल हो रहा है। केंद्र सरकार ने पिछले साल व्यक्तिगत हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी को जीएसटी से मुक्त कर दिया था, लेकिन ग्रुप और कंपनियों की ओर से कर्मचारियों को दिए जाने वाले हेल्थ इंश्योरेंस पर यह टैक्स अभी भी लागू है।

advertisement

क्यों उठाई जीएसटी हटाने की मांग?

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, डॉ. देवी शेट्टी का कहना है कि असंगठित क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए व्यक्तिगत हेल्थ इंश्योरेंस खरीदना मुश्किल हो सकता है। ऐसे लोगों के लिए ग्रुप इंश्योरेंस काफी अहम है। जब बीमा कंपनियां 5,000 रुपये, 10,000 रुपये या 20,000 रुपये के प्रीमियम वाली पॉलिसी पेश करती हैं, तो 18 फीसदी जीएसटी का बोझ भी ग्राहकों पर पड़ता है।

नारायणा हेल्थ ऑटो रिक्शा चालकों तक बीमा की सुविधा पहुंचाने की संभावनाएं भी तलाश रही है। इसके लिए कंपनी नम्मा यात्री के साथ करीब 5,000 चालकों को लेकर एक पायलट प्रोजेक्ट पर काम कर रही है।

कैसे कम हो सकता है इलाज का खर्च?

डॉ. देवी शेट्टी का मानना है कि अगले पांच से सात वर्षों में भारत ऐसा देश बन सकता है, जहां अच्छे इलाज की सुविधा किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति पर निर्भर नहीं होगी।

उनके मुताबिक, देश के कॉरपोरेट अस्पतालों में औसतन 50 से 60 फीसदी बेड ही इस्तेमाल होते हैं। अस्पतालों और सीटी स्कैन जैसी जांच सुविधाओं का ज्यादा इस्तेमाल होने से इलाज और जांच का खर्च कम किया जा सकता है। इससे कैंसर और दिल की बीमारियों का समय रहते पता लगाने में भी मदद मिलेगी।

मिडिल क्लास के लिए छोटे अस्पताल खोलने की योजना

नारायणा हेल्थ हर महीने 30,000 से 60,000 रुपये कमाने वाले परिवारों के लिए किफायती इलाज का मॉडल तैयार करना चाहती है। इसके तहत 100 से 150 बेड वाले छोटे अस्पतालों का विस्तार करने की योजना है।

जीएसटी काउंसिल की सिफारिश से कंपनियों को राहत संभव

जीएसटी काउंसिल ने स्वास्थ्य और जीवन बीमा समेत कुछ खर्चों पर इनपुट टैक्स क्रेडिट की पाबंदियां हटाने के लिए सीजीएसटी कानून की धारा 17(5) में बदलाव की सिफारिश की है।

अगर कोई कंपनी ग्रुप हेल्थ इंश्योरेंस के लिए सालाना 10 लाख रुपये का प्रीमियम देती है, तो उसे 1.8 लाख रुपये जीएसटी देना पड़ता है। पूरा टैक्स क्रेडिट मिलने और उसका इस्तेमाल करने पर प्रभावी खर्च घटकर 10 लाख रुपये हो सकता है।

कर्मचारियों को कैसे मिल सकता है फायदा?

कंपनियां इस बचत से कर्मचारियों का बीमा कवर बढ़ा सकती हैं या उनके परिवार के सदस्यों को भी बीमा में शामिल कर सकती हैं। हालांकि, कर्मचारियों को इसका फायदा देना अनिवार्य नहीं होगा। छोटे कारोबारियों को भी राहत मिल सकती है। यह बदलाव संबंधित कानून और नियमों में संशोधन अधिसूचित होने के बाद ही लागू होगा।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।