scorecardresearch

अब पटरी पर दौड़ने को तैयार देश की पहली बुलेट ट्रेन! जानें कब और किस रूट पर शुरू होगा सफर

देश की पहली बुलेट ट्रेन को पटरी पर उतारने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर पर निर्माण के साथ तकनीकी परीक्षण की दिशा में भी काम आगे बढ़ रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रायल और यात्री सेवा शुरू करने को लेकर अहम जानकारी दी है।

Advertisement

In Short

  • मई 2027 में देश की पहली बुलेट ट्रेन के ट्रायल रन की तैयारी।
  • सूरत-बिलिमोरा के बीच 50 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर बिजली आपूर्ति शुरू।
  • मुंबई-अहमदाबाद के 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर पर होंगे 12 स्टेशन।

देश की पहली बुलेट ट्रेन को पटरी पर दौड़ाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर के तहत गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच करीब 50 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड ट्रैक पर 20 नवंबर को बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस सेक्शन पर मई 2027 में बुलेट ट्रेन का पहला ट्रायल रन कराने की तैयारी है। वहीं, यात्रियों के लिए बुलेट ट्रेन सेवा 2027 की आखिरी तिमाही में शुरू करने की योजना है।

advertisement

जनवरी तक पूरा होगा सिग्नलिंग का काम

रेल मंत्री के मुताबिक, सूरत से बिलिमोरा के बीच अप और डाउन दोनों लाइनों पर बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छोटे-छोटे हिस्सों में चरणबद्ध तरीके से बिजली की सप्लाई की जा रही है। तकनीकी टीमें लगातार इसकी निगरानी कर रही हैं। जनवरी 2027 के अंत तक इस सेक्शन में सिग्नलिंग का काम पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद ट्रैक, बिजली, सिग्नल और सुरक्षा प्रणालियों की एक साथ जांच की जाएगी। ट्रायल की प्रक्रिया दो से चार महीने तक चल सकती है।

कब शुरू होगी बुलेट ट्रेन की यात्री सेवा?

पहले अगस्त 2027 में बुलेट ट्रेन की यात्री सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, अब इसे बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दिया गया है। शुरुआती चरण में सूरत से वापी के बीच करीब 100 किलोमीटर लंबे रूट पर यात्रियों को सफर करने का मौका मिलेगा। इस रूट पर सूरत, बिलिमोरा और वापी तीन स्टेशन होंगे।

508 किलोमीटर लंबे रूट पर होंगे 12 स्टेशन

मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है। यह महाराष्ट्र, गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली से होकर गुजरेगा। इस कॉरिडोर पर मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती सहित कुल 12 स्टेशन प्रस्तावित हैं।

कितना पूरा हुआ निर्माण का काम?

सितंबर 2026 तक के आंकड़ों के मुताबिक, परियोजना के 456 किलोमीटर हिस्से में पिलर और 371 किलोमीटर में वायडक्ट का निर्माण पूरा हो चुका था। पूरे कॉरिडोर का करीब 465 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड होगा। वहीं, महाराष्ट्र में 21 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाई जा रही है। इसमें करीब 7 किलोमीटर का हिस्सा ठाणे क्रीक के नीचे से गुजरेगा।

आधुनिक बिजली सिस्टम से चलेगी बुलेट ट्रेन

advertisement

पूरे कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया जा रहा है। बिजली आपूर्ति के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए जा रहे हैं। बिलिमोरा में पहला सबस्टेशन तैयार हो चुका है। इसके अलावा सूरत-बिलिमोरा सेक्शन में चार नदियों पर पुल और राष्ट्रीय राजमार्ग-53 पर स्टील ब्रिज का निर्माण भी किया गया है।