रियल एस्टेट मार्केट! बेंगलुरु बना 'सुपरस्टार', पर दिल्ली-NCR में घर खरीदना हुआ सबसे महंगा- देखें रिपोर्ट
देश के हाउसिंग मार्केट में इस बार कई दिलचस्प बदलाव दिखे। कहीं बिक्री मजबूत रही, तो कहीं कीमतें तेजी से बढ़ीं। जानें किस शहर में कैसा रहा हाल।

In Short
- घरों की बिक्री में सुस्ती के बीच बेंगलुरु ने अच्छा प्रदर्शन किया। यहां बिक्री भी बढ़ी और नए लॉन्च भी तेजी से बढ़े।
- मुंबई में बिक्री थोड़ी घटी, लेकिन यह अब भी देश का सबसे बड़ा हाउसिंग मार्केट बना हुआ है।
- NCR में घरों की बिक्री कम हुई, लेकिन कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली।
Bengaluru housing market Q2 2026: भारत के टॉप 7 शहरों में अप्रैल से जून 2026 के दौरान घरों की बिक्री में गिरावट दर्ज की गई। ANAROCK Research के मुताबिक, इन शहरों में हाउसिंग सेल्स सालाना आधार पर 6% घटकर करीब 90,715 यूनिट रह गई। पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 96,285 यूनिट से ज्यादा था।
रिपोर्ट के मुताबिक, वेस्ट एशिया में जारी तनाव, सप्लाई चेन की दिक्कतों और खरीदारों की सतर्कता की वजह से मांग थोड़ी कमजोर रही। हालांकि, डेवलपर्स का भरोसा बना हुआ है। इसी वजह से नए हाउसिंग लॉन्च 7% बढ़कर करीब 1.06 लाख यूनिट तक पहुंच गए।
बेंगलुरु ने किया बेहतर प्रदर्शन
बेंगलुरु उन शहरों में रहा जहां घरों की बिक्री बढ़ी। शहर में घरों की बिक्री 1% बढ़कर करीब 15,285 यूनिट रही। नए प्रोजेक्ट शुरू करने के मामले में भी बेंगलुरु ने अच्छा प्रदर्शन किया। यहां नए घरों की सप्लाई 41% बढ़कर करीब 21,670 यूनिट हो गई।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: 1 जुलाई से LPG हुआ सस्ता! ₹183 तक घटे सिलेंडर के दाम, देखें आपके शहर का नया रेट
खास बात यह रही कि बेंगलुरु में करीब 96% नए घर 80 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाले प्रीमियम और लग्जरी सेगमेंट में आए। टेक कंपनियों, बड़े ऑफिस सेंटर और बेहतर सड़कों व सुविधाओं की वजह से शहर में घरों की मांग बनी रही।
बेंगलुरु में घरों की औसत कीमतें भी सालाना आधार पर 8% बढ़ीं। हालांकि, बिना बिके घरों की संख्या भी 34% बढ़ गई, जो टॉप 7 शहरों में सबसे ज्यादा रही।
मुंबई अब भी सबसे बड़ा बाजार
मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन यानी MMR देश का सबसे बड़ा रेजिडेंशियल मार्केट बना रहा। यहां Q2 2026 में करीब 28,710 घरों की बिक्री हुई, हालांकि यह पिछले साल के मुकाबले 8% कम रही।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: भारत का विदेशी कर्ज ₹72 लाख करोड़ के पार, RBI की रिपोर्ट में सामने आई चिंता और राहत की पूरी तस्वीर
मुंबई और बेंगलुरु ने मिलकर करीब 44,000 घरों की बिक्री दर्ज की। यह टॉप 7 शहरों की कुल बिक्री का लगभग 48% है। नए लॉन्च के मामले में भी दोनों शहर आगे रहे। MMR में करीब 34,555 नई यूनिट लॉन्च हुईं, जबकि बेंगलुरु में 21,670 यूनिट लॉन्च हुईं।
NCR में बिक्री घटी लेकिन दाम सबसे तेज बढ़े
NCR में बिक्री और नए लॉन्च दोनों में गिरावट रही, लेकिन कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली। यहां घरों की बिक्री 6% घटकर करीब 13,365 यूनिट रही, जबकि नए लॉन्च 40% गिरकर करीब 11,205 यूनिट रह गए।
इसके बावजूद NCR में औसत घरों की कीमतें 13% बढ़ीं, जो सभी सात शहरों में सबसे ज्यादा है। NCR में 61% से ज्यादा नए लॉन्च 1.5 करोड़ रुपये से ऊपर के लग्जरी सेगमेंट में रहे।
रियल एस्टेट एक्सपर्ट्स का कहना है कि लॉन्च में कमी कमजोर मांग की वजह से नहीं, बल्कि डेवलपर्स के सतर्क रुख की वजह से है। बेहतर कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, सपोर्टिव ब्याज दरें और आने वाला फेस्टिव सीजन NCR में नए प्रोजेक्ट लॉन्च को फिर से रफ्तार दे सकते हैं।

