'लड़का ठीक लगता है...', अटल बिहारी वाजपेयी की इस बात से अनिल अग्रवाल की Vedanta ने रच था इतिहास
Vedanta Group के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने X पर पोस्ट कर बताया कि लंदन स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी की लिस्टिंग का रास्ता एक सरकारी NOC के कारण अटक गया था। अनिल अग्रवाल के मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी बात सुनने के बाद मदद का भरोसा दिया और इसके बाद Vedanta ने इतिहास रच दिया।

In Short
- अनिल अग्रवाल ने X पर पोस्ट कर बताया कि लंदन स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी की लिस्टिंग सरकारी NOC के कारण अटक गई थी।
- अनिल अग्रवाल के मुताबिक, अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी बात सुनकर तत्कालीन वित्त मंत्री जसवंत सिंह से मदद करने को कहा।
- सरकारी मंजूरी मिलने के बाद Vedanta लंदन स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट होने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी।
Vedanta के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने बताया है कि कैसे पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मदद से उनकी कंपनी लंदन स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट हो सकी। अग्रवाल के मुताबिक 10 दिसंबर 2003 उनके करियर के सबसे यादगार दिनों में से एक है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इस पूरी कहानी को शेयर किया।
लिस्टिंग के रास्ते में बड़ी रुकावट
उस समय भारत में विदेशी मुद्रा और विदेश में कंपनी की लिस्टिंग से जुड़े नियम काफी सख्त थे। लंदन स्टॉक एक्सचेंज को कंपनी से केवल एक जरूरी दस्तावेज चाहिए था। यह दस्तावेज भारत सरकार की ओर से जारी किया गया नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट यानी NOC था।
यह NOC हासिल करना आसान नहीं था। अनिल अग्रवाल दिल्ली पहुंचे और उन्होंने कई सरकारी अधिकारियों से मुलाकात की। लगातार कोशिशों के बाद उन्हें तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के सामने अपनी बात रखने का मौका मिला।
वाजपेयी ने जसवंत सिंह से क्या कहा
अनिल अग्रवाल के मुताबिक अटल बिहारी वाजपेयी ने उनकी बात ध्यान से सुनी। इसके बाद उन्होंने उस समय के वित्त मंत्री जसवंत सिंह की ओर देखा और कहा, “लड़का ठीक लगता है। इसकी मदद करनी चाहिए, देश में विदेशी मुद्रा आएगी।”
ये खबर पढ़ना ना भूलें: ₹10 और ₹20 के प्लास्टिक नोटों की तैयारी तेज! ट्रायल सफल रहा तो अगले वित्त वर्ष से हो सकती है शुरुआत
अग्रवाल के अनुसार वाजपेयी की इस बात के बाद आगे का रास्ता साफ हो गया। कंपनी को भारत सरकार की ओर से NOC मिल गया।
NOC लेकर लंदन पहुंचे अनिल अग्रवाल
सरकार का NOC मिलने के बाद अनिल अग्रवाल दोबारा लंदन पहुंचे। उन्होंने कहा कि जब भारत सरकार का NOC उनके हाथ में था, तब उनके लिए वह पल बेहद खास था। इसके बाद Vedanta की लंदन स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग का रास्ता खुल गया।
अनिल अग्रवाल ने लिखा कि इसके बाद जो हुआ, वह इतिहास बन गया। Vedanta लंदन स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने वाली पहली भारतीय कंपनी बनी। आगे चलकर कंपनी को FTSE 100 इंडेक्स में भी जगह मिली।
यादगार उपलब्धि बताया
अग्रवाल ने इस उपलब्धि को अपने जीवन का पहला और कभी न भूलने वाला अनुभव बताया। पोस्ट के आखिर में उन्होंने एक लोकप्रिय हिंदी पंक्ति भी लिखी, “कौन कहता है आसमान में छेद नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारों।”
अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। अपने आखिरी कार्यकाल में उन्होंने 1999 से 2004 तक सरकार का नेतृत्व किया और पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बने।

