
जहां पिज्जा बनता है वहां मिले जिंदा और मरे हुए कॉकरोच, Domino’s Pizza के 5 आउटलेट्स का लाइसेंस सस्पेंड
Domino’s Pizza के आउटलेट्स पर महाराष्ट्र एफडीए की जांच में चौंकाने वाली खामियां सामने आई हैं। कहीं खाने की जगह कॉकरोच मिले तो कहीं साफ-सफाई और फूड स्टोरेज में लापरवाही पाई गई। जांच के बाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जानिए किन आउटलेट्स पर गिरी गाज और क्या-क्या गड़बड़ियां मिलीं।

In Short
- महाराष्ट्र एफडीए ने Domino’s Pizza के 5 आउटलेट्स के फूड लाइसेंस सस्पेंड किए।
- 50 से ज्यादा आउटलेट्स की जांच में जिंदा और मरे हुए कॉकरोच के अवशेष मिले।
- साफ-सफाई, फूड स्टोरेज और वेज-नॉनवेज फूड हैंडलिंग में गंभीर खामियां सामने आईं।
महाराष्ट्र में मशहूर पिज्जा चेन Domino’s Pizza के खिलाफ फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुणे और कोल्हापुर में डोमिनोज के पांच आउटलेट्स के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। यह कार्रवाई फूड सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़े गंभीर नियमों के उल्लंघन के बाद की गई है। जांच के दौरान कुछ आउटलेट्स में जिंदा कॉकरोच और मरे हुए कॉकरोच के अवशेष भी मिले।
50 से ज्यादा आउटलेट्स पर FDA की छापेमारी
महाराष्ट्र एफडीए के पुणे डिवीजन की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, विभाग ने 13 और 14 अक्टूबर को डोमिनोज पिज्जा के 50 से ज्यादा आउटलेट्स की जांच की थी।
इस दौरान अधिकारियों ने खाने की क्वालिटी, साफ-सफाई, फूड स्टोरेज और फूड सेफ्टी से जुड़े नियमों की जांच की। कई जगह गंभीर खामियां सामने आईं, जिसके बाद विभाग ने पांच आउटलेट्स के खिलाफ सख्त कदम उठाया।

खाने की जगह मिले कॉकरोच, सफाई में भी लापरवाही
एफडीए की जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आईं। कुछ आउटलेट्स के फूड स्टोरेज और खाना तैयार करने वाली जगहों पर जिंदा कॉकरोच और मरे हुए कॉकरोच के अवशेष मिले।
इसके अलावा वेज और नॉनवेज खाने को अलग-अलग संभालने के लिए जरूरी उपकरण भी उपलब्ध नहीं थे। कई जगह खाने का तापमान दर्ज करने वाले रिकॉर्ड अधूरे मिले।
जांच के दौरान साफ-सफाई और सैनिटेशन की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कुछ जगह खाने-पीने का सामान सही तरीके से स्टोर नहीं किया गया था। वहीं, डाइनिंग एरिया में बदबू आने की शिकायत भी सामने आई।
इसके अलावा फूड डिलीवरी से जुड़े कुछ कर्मचारियों के पास नियमों के मुताबिक जरूरी पहचान दस्तावेज भी नहीं मिले।

किन 5 आउटलेट्स के लाइसेंस हुए सस्पेंड?
एफडीए ने जांच में मिली खामियों के आधार पर Jubilant FoodWorks Limited द्वारा संचालित डोमिनोज के पांच आउटलेट्स के फूड लाइसेंस सस्पेंड कर दिए हैं।
इनमें पुणे के वारजे और हिंगणे खुर्द, पुणे जिले के चाकण और कोल्हापुर के राजारामपुरी तथा संभाजीनगर के ए वार्ड स्थित आउटलेट्स शामिल हैं।
विभाग ने अलग-अलग आउटलेट्स के लिए 14 और 15 अक्टूबर 2026 को लाइसेंस सस्पेंड करने के आदेश जारी किए।
आगे भी जारी रहेगा FDA का जांच अभियान
यह कार्रवाई महाराष्ट्र एफडीए कमिश्नर तुकाराम मुंढे की निगरानी में चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है।
एफडीए ने साफ किया है कि खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए उसका विशेष जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इसके तहत होटल, रेस्टोरेंट, फूड रिटेल स्टोर और ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े आउटलेट्स की जांच की जाएगी। विभाग का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि लोगों को सुरक्षित, साफ-सुथरा और अच्छी क्वालिटी वाला खाना मिले।

