'खाद को दवा की तरह इस्तेमाल करें किसान', SC Mehta ने बताया क्यों बदलना जरूरी है खेती का पुराना तरीका
क्या खेतों में ज्यादा खाद डालने से हमेशा अच्छी पैदावार मिलती है? किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में Deepak Fertilisers के CMD एससी मेहता ने खाद के इस्तेमाल को लेकर कई अहम सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कैसे असंतुलित खाद मिट्टी की सेहत और किसानों की कमाई को प्रभावित कर सकती है। साथ ही खेती को ज्यादा फायदेमंद बनाने के लिए कुछ जरूरी बदलाव भी सुझाए।

In Short
- जरूरत से ज्यादा यूरिया और DAP के इस्तेमाल से मिट्टी, फसल और पर्यावरण को नुकसान पहुंचने की चिंता।
- एससी मेहता ने खाद को दवा की तरह सही मात्रा में इस्तेमाल करने की सलाह दी।
- किसानों को सीधे खाद सब्सिडी देने और हर फसल के लिए अलग पोषण अपनाने का सुझाव।
Kisan Tak Bharat Agriculture Conference 2026: भारत में खेती की पैदावार बढ़ाने और किसानों की आमदनी सुधारने के लिए खाद के इस्तेमाल का तरीका बदलना जरूरी है। Deepak Fertilisers and Petrochemicals Corporation Ltd के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर (CMD) एससी मेहता ने इंडिया टुडे ग्रुप के किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में यह बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत से ज्यादा और असंतुलित खाद का इस्तेमाल मिट्टी की सेहत, फसलों की गुणवत्ता और किसानों की कमाई पर असर डाल रहा है।
भारतीय खेती की चार बड़ी चुनौतियां
एससी मेहता ने भारतीय कृषि से जुड़ी चार प्रमुख समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दशकों में खाद के इस्तेमाल और फसलों की पैदावार के बीच का संबंध कमजोर हुआ है। ज्यादा खाद डालने के बावजूद किसानों को उसी अनुपात में उत्पादन नहीं मिल रहा है।
उन्होंने फलों की मिठास और खाने के स्वाद में आए बदलाव का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि यह फसलों की गुणवत्ता से जुड़ी चिंता को दर्शाता है।
भारत और चीन की तुलना करते हुए मेहता ने कहा कि भारतीय खेतों की उत्पादकता अब भी पीछे है। खासकर गेहूं की प्रति हेक्टेयर पैदावार चीन के मुकाबले काफी कम है।
उन्होंने यह भी बताया कि पौधे खेतों में डाले गए यूरिया और डीएपी का केवल एक छोटा हिस्सा ही सोख पाते हैं। बाकी खाद पानी के स्रोतों तक पहुंचकर पर्यावरण को नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं, खाद पर सरकार का सब्सिडी खर्च लगातार बढ़ रहा है, लेकिन उसके मुकाबले कृषि उत्पादकता में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है।
खाद को दवा की तरह इस्तेमाल करें किसान
मेहता ने खाद की तुलना दवा से करते हुए कहा कि जिस तरह कोई व्यक्ति दवा सस्ती होने के कारण जरूरत से ज्यादा नहीं खाता, उसी तरह किसानों को भी खाद का इस्तेमाल सोच-समझकर करना चाहिए।
उनके मुताबिक, हर खेत की मिट्टी और हर फसल की पोषण संबंधी जरूरत अलग होती है। इसलिए किसानों को मिट्टी और फसल की जरूरत के हिसाब से सही मात्रा में खाद डालनी चाहिए।
उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों से भी अपील की कि उनका शोध केवल रिसर्च पेपर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उसकी सफलता का असली पैमाना किसानों की आमदनी में होने वाला सुधार होना चाहिए।
किसानों के खाते में सीधे पहुंचे खाद सब्सिडी
एससी मेहता ने खाद सब्सिडी को सीधे किसानों के खाते में ट्रांसफर करने का सुझाव दिया।
उनका मानना है कि इससे किसानों को अपनी जरूरत के मुताबिक खाद और पोषक तत्व चुनने की आजादी मिलेगी। जब किसान बेहतर उत्पादों की मांग करेंगे, तो खाद बनाने वाली कंपनियों को भी अपनी रणनीति बदलनी पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि सिर्फ सस्ती खाद उपलब्ध कराने के बजाय ऐसी खाद पर जोर देना चाहिए, जो फसलों की पैदावार और गुणवत्ता दोनों बढ़ाए।
गन्ना, कपास और प्याज के लिए अलग खाद से मिले बेहतर नतीजे
मेहता ने महाराष्ट्र में अपनी कंपनी के अनुभव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कंपनी ने अलग-अलग फसलों के लिए विशेष खाद तैयार की है, जिसमें मुख्य पोषक तत्वों के साथ सूक्ष्म पोषक तत्व और बायोस्टिमुलेंट्स मिलाए गए हैं।
गन्ना, कपास और प्याज के लिए अलग-अलग खाद विकसित की गई। उनके मुताबिक, इससे गन्ने में चीनी की मात्रा, कपास के रेशों की गुणवत्ता और प्याज के आकार व भंडारण क्षमता में सुधार देखने को मिला।
कंपनी ने किसानों के खेतों में इन उत्पादों का प्रदर्शन भी किया, ताकि वे पारंपरिक और संतुलित खाद के इस्तेमाल का अंतर समझ सकें।
मेहता ने कहा कि वैज्ञानिक खेती, संतुलित पोषण और किसानों को सही खाद चुनने की आजादी देकर भारतीय कृषि को ज्यादा उत्पादक बनाया जा सकता है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ाने और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने में मदद मिल सकती है।

