scorecardresearch

टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस का G हाइब्रिड वेरिएंट लॉन्च, खरीदने से पहले जान लें स्पीड से जुड़ी ये बात

टोयोटा ने भारतीय बाजार में नई इनोवा हाईक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इसमें शानदार माइलेज के साथ कई नए फीचर्स दिए हैं। हालांकि, इसका सबसे सस्ता वेरिएंट खरीदने वाले ग्राहकों को स्पीड से जुड़ी एक बड़ी लिमिट का सामना करना पड़ेगा। जानें इसकी पूरी डिटेल।

Advertisement
AI Generated Image

In Short

  • 19.99 लाख रुपये के G हाइब्रिड वेरिएंट की अधिकतम स्पीड 80 kmph रहेगी।
  • E20 से E85 तक के पेट्रोल-इथेनॉल मिश्रण पर चल सकेगी नई इनोवा।
  • E20 फ्यूल पर 22.58 kmpl माइलेज देने का कंपनी का दावा।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर (TKM) ने भारतीय बाजार में अपनी नई इनोवा हाईक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड लॉन्च कर दी है। कंपनी ने इस कार में नई फ्यूल टेक्नोलॉजी के साथ डिजाइन और फीचर्स में भी बदलाव किए हैं। हालांकि, इस कार के सबसे सस्ते वेरिएंट को खरीदने वाले ग्राहकों को स्पीड से जुड़ी एक लिमिट का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में जानते हैं कि यह लिमिट क्या है और कार के अलग-अलग वेरिएंट की कीमत और फीचर्स क्या हैं।

advertisement

80 kmph से ज्यादा नहीं होगी स्पीड

टोयोटा इनोवा हाईक्रॉस फ्लेक्स हाइब्रिड के एंट्री लेवल G हाइब्रिड वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 19.99 लाख रुपये है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक स्पीड लिमिटर दिया गया है, जिसकी वजह से कार की अधिकतम स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। यह वेरिएंट 7 और 8 सीटर ऑप्शन में उपलब्ध है। कंपनी ने अपनी आधिकारिक प्राइस लिस्ट में इसे 'स्पीड लिमिटिंग फंक्शन ग्रेड' बताया है। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि यह वेरिएंट सिर्फ फ्लीट ऑपरेटर्स के लिए है या निजी ग्राहक भी इसे खरीद सकेंगे।

कितनी है बाकी वेरिएंट की कीमत?

GX हाइब्रिड के 7 सीटर वेरिएंट की कीमत 23.99 लाख रुपये और 8 सीटर की कीमत 24.04 लाख रुपये है। कंपनी की प्राइस लिस्ट में GX हाइब्रिड के लिए स्पीड लिमिटर का जिक्र नहीं है। वहीं, VX हाइब्रिड के 7 और 8 सीटर वेरिएंट की कीमत क्रमशः 28.79 लाख और 28.84 लाख रुपये है। टॉप मॉडल ZX हाइब्रिड 7 सीटर की कीमत 31.99 लाख रुपये है। ये सभी एक्स-शोरूम कीमतें हैं।

प्रतीकात्मक तस्वीर

इंजन और माइलेज कितना है?

यह भारत की पहली फ्लेक्स फ्यूल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक कार है। इसमें भारत में बना 2.0 लीटर का फ्लेक्स फ्यूल इंजन और टोयोटा का पांचवीं जेनरेशन का स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इलेक्ट्रिक सिस्टम दिया गया है। यह कार E20 से E85 तक के पेट्रोल-इथेनॉल मिश्रण पर चल सकती है। इसका इंजन और हाइब्रिड सिस्टम मिलकर 147 किलोवाट (197.13 हॉर्सपावर) की अधिकतम पावर देते हैं। इसमें EV, Eco और Power ड्राइविंग मोड मिलते हैं। कंपनी का दावा है कि E20 फ्यूल पर यह कार 22.58 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज देती है।

डिजाइन और इंटीरियर में क्या बदला?

नई इनोवा में फ्रंट ग्रिल, बंपर, प्रोजेक्टर LED हेडलैंप और रियर कॉम्बिनेशन लैंप को नया डिजाइन दिया गया है। कार में 12.3 इंच का इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.3 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, वायरलेस Apple CarPlay, Android Auto और 9 स्पीकर वाला JBL साउंड सिस्टम दिया गया है।

सेफ्टी के लिए मिलेंगे ये फीचर्स

कार में 6 एयरबैग, टोयोटा सेफ्टी सेंस 3.0, डायनामिक रडार क्रूज कंट्रोल, लेन ट्रैकिंग असिस्ट, ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग और पैनोरमिक व्यू मॉनिटर जैसे सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं।

बुकिंग और वारंटी की डिटेल

advertisement

कार की बुकिंग 26 नवंबर से शुरू हो गई है। कंपनी 3 साल या 1 लाख किलोमीटर की स्टैंडर्ड वारंटी दे रही है, जिसे 5 साल या 2.2 लाख किलोमीटर तक बढ़ाया जा सकता है। वहीं, हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल या 1.6 लाख किलोमीटर की वारंटी मिल रही है।