scorecardresearch

8th Pay Commission: कर्मचारियों और पेंशनर्स की बढ़ेगी आमदनी! इन सेक्टर्स को मिल सकता है फायदा

आठवें वेतन आयोग का इंतजार कर रहे लाखों केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए अहम खबर है। मोतीलाल ओसवाल की एक रिपोर्ट में वेतन आयोग के ऐलान और इसके आर्थिक असर को लेकर बड़े अनुमान जताए गए हैं। जानें बढ़ती सैलरी और पेंशन से किन सेक्टर्स को फायदा मिल सकता है।

Advertisement

In Short

  • आठवें वेतन आयोग से ₹1.9 लाख करोड़ तक बढ़ सकती है खपत।
  • फरवरी 2027 में बजट के आसपास ऐलान होने की उम्मीद।
  • ऑटो और FMCG सेक्टर को मिल सकता है बड़ा फायदा।

आठवां वेतन आयोग केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी फायदेमंद साबित हो सकता है। बढ़ती महंगाई और लोगों की खरीदारी करने की क्षमता में आ रही गिरावट के बीच यह घरेलू मांग को बढ़ाने में मदद कर सकता है। ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने अपनी रिपोर्ट में इसके आर्थिक असर को लेकर कई अहम अनुमान जताए हैं।

advertisement

बाजार में आएंगे ₹1.9 लाख करोड़ तक

रिपोर्ट के मुताबिक, आठवें वेतन आयोग के चलते साल 2027 में बाजार में खपत पर 1.6 लाख करोड़ रुपये से 1.9 लाख करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त खर्च हो सकता है। इसका फायदा कार, दोपहिया वाहनों और रोजमर्रा के इस्तेमाल वाले सामान (FMCG) की बिक्री करने वाली कंपनियों को मिल सकता है। वहीं, सरकार पर पहले साल 2.4 लाख करोड़ रुपये से 2.8 लाख करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है। यह देश की GDP के 0.5 से 0.6 फीसदी के बराबर होगा।

कब हो सकता है ऐलान?

मोतीलाल ओसवाल का अनुमान है कि आठवें वेतन आयोग को लेकर फरवरी 2027 में केंद्रीय बजट के आसपास या साल 2027 की पहली छमाही में ऐलान हो सकता है। नई वेतन व्यवस्था 1 जनवरी 2026 से प्रभावी होने की उम्मीद है। ऐसे में कर्मचारियों और पेंशनर्स को बढ़ी हुई सैलरी और पेंशन के साथ बकाया रकम यानी एरियर भी मिल सकता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

ग्रामीण और शहरी मांग पर दबाव

कमजोर मानसून, जलाशयों में पानी की कमी, रबी फसलों की कम बुवाई और अल नीनो के मजबूत होने की आशंका से ग्रामीण मांग प्रभावित हो सकती है। वहीं, खाने-पीने की चीजों की बढ़ती कीमतें ग्रामीण परिवारों का बजट बिगाड़ सकती हैं। शहरों में भी महंगे कर्ज और बढ़ती कीमतों के चलते लोगों की खरीदारी करने की क्षमता पर असर पड़ सकता है।

महंगाई और ब्याज दरों में बढ़ोतरी का अनुमान

रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की तीसरी तिमाही से वित्त वर्ष 2027-28 की पहली तिमाही तक महंगाई लगातार तीन तिमाहियों में 6 फीसदी से ऊपर रह सकती है। अप्रैल 2027 तक RBI ब्याज दरों में तीन बार 0.25 फीसदी की बढ़ोतरी कर सकता है, जिससे रेपो रेट 6.25 फीसदी तक पहुंच सकता है।

कर्मचारियों और पेंशनर्स से बढ़ेगी मांग

रिपोर्ट में 48.62 लाख केंद्रीय कर्मचारियों और 68.71 लाख पेंशनर्स के आधार पर अनुमान लगाया गया है। कम वेतन पाने वाले कर्मचारियों और पेंशनर्स के अपनी अतिरिक्त आमदनी का बड़ा हिस्सा खर्च करने की उम्मीद है। वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 में देश की वास्तविक GDP ग्रोथ 7.5 फीसदी और वित्त वर्ष 2027-28 में 7 फीसदी रहने का अनुमान है।

advertisement