Gilt Fund क्या है और कैसे होती है इससे कमाई? जानें ब्याज दरों में बदलाव का रिटर्न पर कितना पड़ता है असर
म्यूचुअल फंड की दुनिया में गिल्ट फंड एक ऐसी स्कीम है, जिसका निवेश करने का तरीका अलग है। इसमें मिलने वाले रिटर्न का सीधा संबंध बाजार की ब्याज दरों से होता है। ऐसे में निवेशकों के लिए यह समझना जरूरी है कि इस स्कीम में कब और कैसे कमाई होती है।

In Short
- गिल्ट फंड के कुल एसेट्स का कम से कम 80 फीसदी निवेश सरकारी सिक्योरिटीज में होता है।
- ब्याज और बॉन्ड की कीमतों में बढ़ोतरी से होती है कमाई।
- ब्याज दरों और बॉन्ड की मैच्योरिटी अवधि का रिटर्न पर पड़ता है असर।
म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए कई तरह की स्कीम मौजूद हैं। इनमें कुछ स्कीम ऐसी भी हैं जो सरकारी सिक्योरिटीज में पैसा लगाती हैं। इन्हीं में से एक है गिल्ट फंड। इस फंड में मिलने वाला रिटर्न काफी हद तक ब्याज दरों में होने वाले बदलाव पर निर्भर करता है। आइए जानते हैं कि गिल्ट फंड क्या है और यह कैसे काम करता है।
क्या है गिल्ट फंड?
सेबी के 26 फरवरी 2026 के सर्कुलर के मुताबिक, गिल्ट फंड एक ओपन एंडेड डेट म्यूचुअल फंड स्कीम है। इसमें कुल एसेट्स का कम से कम 80 फीसदी हिस्सा सरकारी सिक्योरिटीज (G-Secs) में निवेश किया जाता है। ये फंड अलग-अलग मैच्योरिटी अवधि वाली सरकारी सिक्योरिटीज में पैसा लगा सकते हैं।
कहां लगाया जाता है पैसा?
केंद्र और राज्य सरकारें अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकारी सिक्योरिटीज जारी करती हैं। इनमें एक साल तक की अवधि वाले ट्रेजरी बिल, लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड, स्टेट डेवलपमेंट लोन और कैश मैनेजमेंट बिल शामिल हैं। इसके अलावा फ्लोटिंग रेट बॉन्ड और खास वित्तीय जरूरतों के लिए जारी की जाने वाली स्पेशल सिक्योरिटीज भी इसमें शामिल हैं।
गिल्ट फंड से कैसे होती है कमाई?
गिल्ट फंड में मुख्य रूप से दो तरीकों से कमाई होती है। पहला सरकारी सिक्योरिटीज से मिलने वाला ब्याज और दूसरा उनकी कीमतों में बढ़ोतरी से होने वाला मुनाफा।
मान लीजिए किसी गिल्ट फंड के पास 100 रुपये की फेस वैल्यू वाला सरकारी बॉन्ड है, जिसकी कूपन रेट 7 फीसदी है। ऐसे में बॉन्ड की शर्तों के मुताबिक सालाना 7 रुपये का ब्याज मिलेगा। इस ब्याज का योगदान फंड की नेट एसेट वैल्यू और कुल रिटर्न में होता है। हालांकि, यह सिर्फ समझाने के लिए एक उदाहरण है।
ब्याज दरों में बदलाव का क्या होता है असर?
बाजार में ब्याज दरों और बॉन्ड की कीमतों के बीच आमतौर पर उलटा संबंध होता है। जब ब्याज दरें घटती हैं तो पहले से जारी ज्यादा ब्याज वाले बॉन्ड की कीमत बढ़ सकती है। इससे गिल्ट फंड का रिटर्न बढ़ सकता है।
वहीं, ब्याज दरें बढ़ने पर बॉन्ड की कीमतों में गिरावट आ सकती है, जिससे फंड की NAV और रिटर्न पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। ब्याज दरें स्थिर रहने पर कमाई मुख्य रूप से ब्याज से हो सकती है।
मैच्योरिटी अवधि भी है महत्वपूर्ण
कम अवधि के मुकाबले लंबी अवधि वाले सरकारी बॉन्ड पर ब्याज दरों में बदलाव का असर आमतौर पर ज्यादा पड़ता है। ब्याज दरें घटने पर लंबी अवधि वाले बॉन्ड की कीमतों में ज्यादा तेजी आ सकती है। वहीं, दरें बढ़ने पर नुकसान भी ज्यादा हो सकता है। यही वजह है कि अलग-अलग गिल्ट फंड का रिटर्न अलग हो सकता है।


