scorecardresearch

शादी के लिए महंगा लोन लेना पड़ सकता है भारी! जानें कैसे करें खर्च की सही प्लानिंग

शादी को यादगार बनाने के लिए लोग अक्सर अपनी क्षमता से ज्यादा पैसा खर्च कर देते हैं। लेकिन कुछ दिनों का जश्न आपकी शादीशुदा जिंदगी के आर्थिक फैसलों पर भारी पड़ सकता है। मनीफ्रंट के सीईओ मोहित गंग ने बताया है कि शादी के खर्च को लेकर किन गलतियों से बचना चाहिए।

Advertisement

In Short

  • देश में 25 दिनों के दौरान 52 लाख शादियों में 7.5 लाख करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान।
  • शादी के लिए 14 से 16 फीसदी की ब्याज दर पर पर्सनल लोन लेने से बचने की सलाह।
  • शादी से दो से चार साल पहले अलग फंड बनाना शुरू करें कपल्स।

देशभर में शादियों का सीजन चल रहा है। शादी को यादगार बनाने के लिए लोग कपड़ों, सजावट, खानपान से लेकर प्री-वेडिंग शूट और हनीमून तक पर जमकर पैसा खर्च करते हैं। कई बार दूसरों को देखकर या दिखावे के चक्कर में लोग अपनी क्षमता से ज्यादा खर्च कर बैठते हैं। ऐसे में जानते हैं कि शादी के खर्च और फाइनेंशियल प्लानिंग को लेकर कपल्स को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

advertisement

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Moneyfront के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गर्ग ने बताया कि शादी के लिए पर्सनल लोन लेने से पूरी तरह बचना चाहिए। सिर्फ एक शानदार शादी करने और बड़ी संख्या में मेहमानों को बुलाने के लिए 14, 15 या 16 फीसदी की ब्याज दर पर लोन लेना समझदारी नहीं है। शादी का जश्न कुछ दिनों में खत्म हो जाता है, लेकिन लोन की EMI कई सालों तक चुकानी पड़ सकती है।

भविष्य के सपनों पर पड़ सकता है असर

शादी के बाद कपल्स के पास घर खरीदने, रिटायरमेंट के लिए निवेश करने, घूमने-फिरने और बेहतर लाइफस्टाइल जैसे कई लक्ष्य होते हैं। ऐसे में कमाई के सबसे अहम वर्षों में बड़ी रकम EMI चुकाने में चली जाए तो भविष्य के लिए पैसा जुटाना मुश्किल हो सकता है।

शादी के लिए पहले से शुरू करें निवेश

एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर आप अगले दो से चार साल में शादी करने की सोच रहे हैं तो अभी से इसके लिए अलग फंड बनाना शुरू कर दें। अगर आपने पहले से शादी के लिए निवेश किया है तो उसी पैसे का इस्तेमाल करें। शादी के खर्च के लिए दूसरे लॉन्ग टर्म निवेश को जल्दबाजी में तोड़ने से बचें।

25 दिनों में 7.5 लाख करोड़ रुपये का खर्च

एक्सपर्ट के मुताबिक, देश में 25 दिनों के दौरान होने वाली 52 लाख शादियों में करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये खर्च हो सकते हैं। शादी का सीजन अपने आप में एक पूरी इकोनॉमी बन गया है। कई दिनों तक चलने वाले शादी के कार्यक्रमों के चलते परिवारों का बजट भी बिगड़ सकता है।

हनीमून और फोटोशूट का भी तय करें बजट

महंगे विदेशी डेस्टिनेशन पर हनीमून मनाने और शानदार फोटोशूट कराने के चक्कर में जरूरत से ज्यादा पैसा खर्च न करें। फेस्टिव सीजन में बढ़ती कीमतों के कारण खर्च और भी बढ़ सकता है। इसलिए अपनी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखकर ही प्लानिंग करें।

लोन लेना जरूरी हो तो कितना लें?

एक्सपर्ट के मुताबिक, अगर लोन लेना बेहद जरूरी है तो कम रकम और छोटी अवधि के लिए ही लें। कोशिश करें कि उसकी EMI आपकी मासिक बचत या कमाई के करीब 10 फीसदी से ज्यादा न हो। शादी का जश्न जरूर मनाएं, लेकिन अपने बैंक बैलेंस की सीमा में रहकर ही खर्च करें।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।