scorecardresearch

पति-पत्नी के बीच कैसे बंटना चाहिए घर का खर्च? जानें क्या कहती है एक्सपर्ट की सलाह

शादी के बाद घर का खर्च, ईएमआई, बचत और निवेश को लेकर पति-पत्नी के बीच तालमेल होना बेहद जरूरी है। लेकिन क्या दोनों को हर खर्च में बराबर योगदान देना चाहिए? मनीफ्रंट के सीईओ मोहित गंग ने पैसों के मैनेजमेंट का एक ऐसा तरीका बताया है, जो आर्थिक तनाव कम कर सकता है।

Advertisement

In Short

  • पति-पत्नी को अपनी कमाई के अनुपात में बांटना चाहिए घर का खर्च।
  • सैलरी में बड़ा अंतर होने पर आर्थिक दबाव बढ़ा सकता है 50-50 का फॉर्मूला।
  • साझा खर्चों और निवेश के लिए ज्वाइंट बैंक अकाउंट रखना बेहतर विकल्प।

शादी के बाद पति-पत्नी की जिंदगी में कई बदलाव आते हैं। इनमें पैसों का मैनेजमेंट भी एक बड़ी जिम्मेदारी होती है। शहरी भारत में अब ऐसे परिवारों की संख्या बढ़ रही है, जहां पति-पत्नी दोनों कमाते हैं। ऐसे में घर का खर्च कौन उठाएगा, बचत कैसे होगी और भविष्य के लिए निवेश कैसे किया जाएगा, जैसे सवाल भी सामने आते हैं। शादीशुदा जिंदगी में पैसों को लेकर तालमेल बनाए रखने के लिए एक्सपर्ट ने कुछ अहम सुझाव दिए हैं।

advertisement

बिजनेस टुडे के शो में सीनियर एंकर साक्षी बत्रा के सवालों का जवाब देते हुए Moneyfront के को-फाउंडर और सीईओ मोहित गर्ग ने बताया कि पति-पत्नी को घर का खर्च बराबर बांटने के बजाय अपनी कमाई के अनुपात में बांटना चाहिए। घर के खर्च, ईएमआई, बचत और निवेश में दोनों को अपनी सैलरी के हिसाब से योगदान देना चाहिए। उनका मानना है कि पैसों के मैनेजमेंट के लिए यह ज्यादा प्रैक्टिकल तरीका है।

क्यों सही नहीं है हर बार 50-50 का फॉर्मूला?

एक्सपर्ट के मुताबिक, पहली नजर में घर का आधा-आधा खर्च उठाना सही लग सकता है। लेकिन अगर पति-पत्नी की सैलरी में बड़ा अंतर है तो यह फॉर्मूला मुश्किलें पैदा कर सकता है। कम सैलरी पाने वाले पार्टनर पर ज्यादा आर्थिक दबाव पड़ सकता है। इससे उसकी बचत करने की क्षमता घट सकती है और परिवार की लॉन्ग टर्म फाइनेंशियल प्लानिंग भी प्रभावित हो सकती है।

ज्वाइंट बैंक अकाउंट रखना कितना जरूरी?

पति-पत्नी अपने निजी खर्चों के लिए अलग-अलग बैंक अकाउंट रख सकते हैं। वहीं, घर के साझा खर्चों के लिए एक ज्वाइंट बैंक अकाउंट रखना बेहतर विकल्प हो सकता है। घर के बिल, ईएमआई और भविष्य के लिए किए जाने वाले निवेश की रकम इसी अकाउंट से खर्च की जा सकती है। इससे दोनों को पैसों का हिसाब रखने में आसानी होगी और हर महीने कौन कितना खर्च करेगा, इसे लेकर विवाद की गुंजाइश भी कम होगी।

अगर पति-पत्नी में से कोई एक ही कमाता है तो क्या करें?

एक्सपर्ट के मुताबिक, ऐसे परिवारों में भी ज्वाइंट अकाउंट होना चाहिए। कमाने वाले पार्टनर को घर के जरूरी खर्चों के लिए तय रकम इस अकाउंट में जमा करनी चाहिए। दोनों के पास इस पैसे को इस्तेमाल करने का बराबर अधिकार होना चाहिए। इससे रोजमर्रा के खर्चों के लिए दूसरे पार्टनर पर निर्भरता कम हो सकती है।

शादी के बाद कैसे करें फाइनेंशियल प्लानिंग?

एक्सपर्ट के मुताबिक, हर कपल की पसंद और आर्थिक स्थिति अलग हो सकती है। कुछ लोग सैलरी में अंतर होने के बावजूद बराबर खर्च उठाना पसंद कर सकते हैं। हालांकि, कमाई के अनुपात में खर्च बांटना ज्यादा बेहतर तरीका है। इससे दोनों पार्टनर के बीच आर्थिक संतुलन बना रहता है और भविष्य के साझा फाइनेंशियल गोल पूरे करने में भी मदद मिल सकती है।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।