
अक्टूबर में कारों की बिक्री ने तोड़े सारे रिकॉर्ड! पहली बार 5 लाख के पार पहुंचा आंकड़ा
अक्टूबर 2026 में भारतीय ऑटो बाजार ने बिक्री के मामले में नया रिकॉर्ड बनाया है। कारों से लेकर बाइक, स्कूटर और थ्री-व्हीलर तक की मांग में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। SIAM के ताजा आंकड़ों में कई चौंकाने वाले ट्रेंड सामने आए हैं। जानिए किस सेगमेंट ने सबसे ज्यादा कमाल किया।

In Short
- अक्टूबर 2026 में पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 12.4% बढ़कर रिकॉर्ड 5,19,060 यूनिट पहुंची।
- टू-व्हीलर की बिक्री 16.1% बढ़कर 25.77 लाख यूनिट रही, जबकि स्कूटर की बिक्री में 31.6% का उछाल आया।
- थ्री-व्हीलर की बिक्री 25.7% बढ़ी, वहीं तीनों वाहन सेगमेंट के एक्सपोर्ट में भी मजबूत तेजी दर्ज हुई।
देश के ऑटो सेक्टर के लिए अक्टूबर 2026 शानदार रहा। इस महीने कारों से लेकर दोपहिया और तिपहिया वाहनों तक की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली। खास बात यह रही कि अक्टूबर में पहली बार पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 5 लाख यूनिट के पार पहुंच गई। सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) ने 13 नवंबर को बिक्री के आंकड़े जारी किए हैं। आइए जानते हैं किस सेगमेंट में कितनी बिक्री हुई।
पैसेंजर व्हीकल की बिक्री ने बनाया रिकॉर्ड
SIAM के मुताबिक, अक्टूबर 2026 में देश में कुल 5,19,060 पैसेंजर व्हीकल की बिक्री हुई। पिछले साल अक्टूबर में यह आंकड़ा 4,61,614 यूनिट था। यानी सालाना आधार पर बिक्री में 12.4 फीसदी की बढ़ोतरी हुई।
यह अक्टूबर महीने में पैसेंजर व्हीकल की अब तक की सबसे ज्यादा बिक्री है। पहली बार इस महीने में बिक्री का आंकड़ा 5 लाख यूनिट के पार पहुंचा है।
टू-व्हीलर की बिक्री में 16 फीसदी का उछाल
दोपहिया वाहनों की मांग भी मजबूत रही। अक्टूबर में कुल 25,77,810 टू-व्हीलर बिके, जबकि पिछले साल इसी महीने 22,20,345 यूनिट की बिक्री हुई थी। इस तरह बिक्री में 16.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
स्कूटर की बिक्री सबसे तेजी से बढ़ी। अक्टूबर में 10,96,756 स्कूटर बिके, जो पिछले साल से 31.6 फीसदी ज्यादा हैं। वहीं मोटरसाइकिल की बिक्री 6.6 फीसदी बढ़कर 14,23,118 यूनिट रही। मोपेड की बिक्री भी 13 फीसदी बढ़कर 57,936 यूनिट पहुंच गई।

थ्री-व्हीलर की बिक्री में भी जबरदस्त तेजी
अक्टूबर में तिपहिया वाहनों की बिक्री 25.7 फीसदी बढ़कर 1,03,349 यूनिट पहुंच गई। पिछले साल यह आंकड़ा 82,190 यूनिट था।
पैसेंजर कैरियर की बिक्री 26.9 फीसदी बढ़कर 86,218 यूनिट और गुड्स कैरियर की बिक्री 27.4 फीसदी बढ़कर 15,465 यूनिट रही। हालांकि, ई-रिक्शा की बिक्री 22.3 फीसदी घटकर 1,178 यूनिट और ई-कार्ट की बिक्री 17.8 फीसदी गिरकर 488 यूनिट रह गई।
विदेशों में भी भारतीय वाहनों की बढ़ी मांग
अक्टूबर में वाहनों के एक्सपोर्ट में भी अच्छी बढ़ोतरी हुई। पैसेंजर व्हीकल का एक्सपोर्ट 21.8 फीसदी बढ़कर 83,716 यूनिट पहुंच गया।
वहीं टू-व्हीलर एक्सपोर्ट 26.5 फीसदी बढ़कर 5,43,972 यूनिट और थ्री-व्हीलर एक्सपोर्ट 26.7 फीसदी बढ़कर 53,039 यूनिट रहा।
अप्रैल से अक्टूबर तक कैसी रही बिक्री?
अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच पैसेंजर व्हीकल की घरेलू बिक्री 25.5 फीसदी बढ़कर 30,82,634 यूनिट रही। टू-व्हीलर की बिक्री 17.4 फीसदी बढ़कर 1,46,64,622 यूनिट और थ्री-व्हीलर की बिक्री 26.2 फीसदी बढ़कर 6,05,211 यूनिट पहुंच गई।
इस दौरान तीनों सेगमेंट का कुल एक्सपोर्ट 28 फीसदी बढ़कर 46,59,799 यूनिट रहा।
SIAM के डायरेक्टर जनरल राजेश मेनन के मुताबिक, बेहतर लोन सुविधा और पुराने वाहनों को बदलने की मांग से टू-व्हीलर की बिक्री बढ़ी है। वहीं आखिरी छोर तक परिवहन की जरूरत और तेजी से बढ़ता इलेक्ट्रिफिकेशन थ्री-व्हीलर की मांग को मजबूती दे रहे हैं।

