
JSW Motors ने दिखाया अपना नया लोगो! अब पहली कार की बारी
भारत के कार बाजार में एक और बड़ी कंपनी एंट्री की तैयारी कर रही है। JSW Motors ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपना नया लोगो पेश किया है, जो कंपनी की भविष्य की योजनाओं की झलक दिखाता है। अब चर्चा इसकी पहली SUV को लेकर तेज है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिसंबर में कंपनी अपनी पहली कार से पर्दा उठा सकती है।

In Short
- JSW Motors ने X पर टीजर शेयर कर अपना नया लोगो पेश किया
- कंपनी के नए लोगो में भारत से प्रेरित भविष्य की सोच दिखाई गई
- 3 दिसंबर को पहली SUV पेश होने की उम्मीद, हाइब्रिड टेक्नोलॉजी संभव
भारत के ऑटोमोबाइल बाजार में एंट्री की तैयारी कर रही JSW Motors ने अपना नया लोगो पेश कर दिया है। कंपनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक टीजर वीडियो शेयर करके अपने नए लोगो की झलक दिखाई है। कंपनी का कहना है कि यह लोगो भारत से प्रेरित है और भविष्य में नई टेक्नोलॉजी वाली कारें बनाने की उसकी सोच को दिखाता है।

JSW Motors ने अपनी पोस्ट में कहा कि यह सिर्फ एक लोगो नहीं है, बल्कि कंपनी की पहचान और भविष्य की योजनाओं का हिस्सा है।
नए लोगो में क्या है खास?
JSW Motors के नए लोगो में एक अंडाकार डिजाइन दिखाई देता है। इसके अंदर ऊपर की ओर बढ़ती दो आकृतियां बनाई गई हैं। कंपनी के मुताबिक, यह लोगो आगे बढ़ने, नई टेक्नोलॉजी और बेहतर भविष्य की सोच को दिखाता है।
कंपनी इस नए लोगो के जरिए भारतीय ग्राहकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाना चाहती है।
3 दिसंबर को आ सकती है पहली कार
रिपोर्ट्स के मुताबिक, JSW Motors 3 दिसंबर 2026 को अपनी पहली कार पेश कर सकती है। माना जा रहा है कि कंपनी की पहली कार JSW Combat SUV हो सकती है, जो Jetour T2 पर आधारित होगी।
इसमें प्लग-इन हाइब्रिड टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कंपनी ने अभी कार की कीमत और फीचर्स की आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
भारत में कहां बनेंगी कारें?
JSW Motors, JSW Group का नया ऑटोमोबाइल ब्रांड है। यह JSW MG Motor India से अलग काम करेगा।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर स्थित प्लांट में अपनी कारें बनाएगी। इसके अलावा कारों की बिक्री के लिए अलग डीलरशिप नेटवर्क भी तैयार किया जा रहा है।
अब देखना होगा कि नए लोगो के बाद JSW Motors अपनी पहली कार के जरिए भारतीय बाजार में किस तरह शुरुआत करती है।


