scorecardresearch

Hyundai Bayon की लॉन्चिंग से पहले बड़ा खुलासा! 115 PS की पावर और 3 ड्राइव मोड, लेकिन एक चीज की होगी कमी

हुंडई भारतीय बाजार में अपनी नई SUV Bayon लॉन्च करने की तैयारी में है। कंपनी ने लॉन्चिंग से पहले इसके इंजन, गियरबॉक्स और ड्राइविंग फीचर्स की जानकारी साझा की है। नई SUV को Creta और Venue के बीच पोजिशन किया जाएगा। हालांकि, इसमें एक लोकप्रिय इंजन विकल्प नहीं मिलेगा। आखिर क्या होगा खास और किन फीचर्स के साथ आएगी यह गाड़ी?

Advertisement
Hyundai Bayon 26 अक्टूबर को होगी लॉन्च
Hyundai Bayon 26 अक्टूबर को होगी लॉन्च

In Short

  • Hyundai Bayon SUV भारत में 26 अक्टूबर को लॉन्च होगी।
  • SUV में 115 PS पावर वाला 1.5 लीटर पेट्रोल इंजन मिलेगा।
  • Bayon में डीजल इंजन नहीं होगा, तीन ड्राइव मोड मिलेंगे।

Hyundai Bayon SUV Launch: अगर आप नई SUV खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो हुंडई जल्द ही भारतीय बाजार में एक नया विकल्प लाने जा रही है। कंपनी अपनी नई मिड-साइज SUV Hyundai Bayon को 26 अक्टूबर को लॉन्च करेगी। इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है, जबकि डिलीवरी दिवाली के आसपास शुरू होने की उम्मीद है। कंपनी ने लॉन्च से पहले इसके इंजन और ड्राइविंग फीचर्स की जानकारी दी है।

advertisement

कितना दमदार होगा Hyundai Bayon का इंजन?

Hyundai Bayon में 1.5 लीटर का चार-सिलेंडर MPi पेट्रोल इंजन मिलेगा। यह इंजन 115 PS की अधिकतम पावर और 143.8 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा।

कंपनी के मुताबिक, इस इंजन को अलग-अलग ड्राइविंग परिस्थितियों में स्मूद और बेहतर परफॉर्मेंस देने के लिए तैयार किया गया है। हुंडई ने बताया कि साल 2020 से अब तक इस इंजन से लैस 6 लाख से ज्यादा गाड़ियां बेची जा चुकी हैं।

क्या डीजल और CNG का विकल्प मिलेगा?

Hyundai Bayon को कंपनी अपनी लोकप्रिय Creta और Venue के बीच पोजिशन करेगी। यानी यह Venue से ऊपर और Creta से नीचे होगी।

हालांकि, इस SUV में डीजल इंजन का विकल्प नहीं मिलेगा। फिलहाल इसे पेट्रोल इंजन के साथ पेश किया जाएगा। कंपनी भविष्य में इसका CNG वेरिएंट भी ला सकती है।

गियरबॉक्स और ड्राइविंग में क्या होगा खास?

Hyundai Bayon में ग्राहकों को दो ट्रांसमिशन विकल्प मिलेंगे। पहला 6-स्पीड मैनुअल ट्रांसमिशन और दूसरा इंटेलिजेंट वेरिएबल ट्रांसमिशन (iVT) होगा।

iVT वेरिएंट में डैश बूस्ट मोड, स्पोर्टी ड्राइव टेक्नोलॉजी, पैडल शिफ्टर्स और अलग-अलग ड्राइव मोड जैसे फीचर्स मिलेंगे। डैश बूस्ट मोड जरूरत पड़ने पर तेज एक्सेलरेशन देने में मदद करेगा। वहीं, स्पोर्टी ड्राइव टेक्नोलॉजी को ज्यादा रिस्पॉन्सिव ड्राइविंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है।

मिलेंगे तीन ड्राइव मोड

नई Hyundai Bayon में Eco, Normal और Sport नाम से तीन ड्राइव मोड मिलेंगे।

Eco मोड बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी के लिए होगा। Normal मोड रोजमर्रा की ड्राइविंग में परफॉर्मेंस और माइलेज के बीच संतुलन बनाएगा। वहीं, Sport मोड ज्यादा तेज और रिस्पॉन्सिव ड्राइविंग अनुभव देगा।

ड्राइवर स्टीयरिंग पर दिए गए बटन से इन मोड्स को बदल सकेंगे। अब 26 अक्टूबर को लॉन्च के साथ इस नई SUV की कीमत और बाकी जानकारियों का खुलासा होने की उम्मीद है।